शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Jairam Ramesh demanded the removal of Ajay Mishra from the post
Written By
Last Updated : सोमवार, 3 अक्टूबर 2022 (15:29 IST)

लखीमपुर खीरी कांड को हुआ एक साल, जयराम रमेश ने की अजय मिश्रा को पद से हटाने की मांग

लखीमपुर खीरी कांड को हुआ एक साल, जयराम रमेश ने की अजय मिश्रा को पद से हटाने की मांग - Jairam Ramesh demanded the removal of Ajay Mishra from the post
नई दिल्ली। कांग्रेस ने उत्तरप्रदेश के लखीमपुर-खीरी में पिछले साल हुई हिंसा में कई लोगों की लोगों की मौत की घटना के 1 साल पूरा होने के मौके पर सोमवार को कहा कि केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय कुमार मिश्रा का अब तक अपने पद पर बने रहना अपमानजनक है। आज भी वे मंत्रिपरिषद के सदस्य हैं। इससे अपमानजनक बात कुछ नहीं हो सकती।
 
पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने यह भी कहा कि कांग्रेस न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी समेत संयुक्त किसान मोर्चा की सभी मांगों का एक बार फिर से समर्थन करती है। उन्होंने कहा कि लखीमपुर खीरी हत्याकांड को आज 1 साल हो गया। 1 साल पहले कई किसानों को मार दिया गया था। मोदी सरकार के एक मंत्री इस षड्यंत्र में शामिल थे। आज भी वे मंत्रिपरिषद के सदस्य हैं। इससे अपमानजनक बात कुछ नहीं हो सकती कि 'काले कानूनों' के खिलाफ आंदोलन कर रहे किसानों को मारा गया और इसके दोषी मंत्री अपने पद पर बने हुए हैं।
 
रमेश ने दावा किया कि 'भारत जोड़ो यात्रा' का एक मकसद किसानों के लिए आर्थिक न्याय की मांग उठाना है। मोदी सरकार किसानों को आर्थिक न्याय देने में विफल रही है। मोदी सरकार कृषि क्षेत्र में निजी कंपनियों की भूमिका बढ़ा रही है। यह बहुत चिंताजनक बात है।
 
उल्लेखनीय है कि उत्तरप्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के दौरे के खिलाफ किसान 3 अक्टूबर 2021 को लखीमपुर-खीरी के तिकुनिया गांव में विरोध प्रदर्शन कर रहे थे और इसी दौरान कार से कुचलकर 4 लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद की हिंसा में 2 भाजपा कार्यकर्ताओं और एक पत्रकार सहित 4 अन्य लोग मारे गए थे। हिंसा में मारे गए प्रदर्शनकारी केंद्र के उन 3 कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे जिन्हें बाद में सरकार ने वापस ले लिया था। अजय कुमार मिश्रा के पुत्र आशीष मिश्रा हिंसा के इस मामले में आरोपी हैं।Edited by: Ravindra Gupta(भाषा)
ये भी पढ़ें
एयर इंडिया ने घरेलू यात्रियों के लिए खाने का नया मैन्यू किया पेश, भोजन में मिलेगी विविधता