• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Immanuel Macro France President
Written By
Last Modified: आगरा , रविवार, 11 मार्च 2018 (23:16 IST)

फ्रांस के राष्ट्रपति ने सपत्नीक 'ताज' के किए दीदार

फ्रांस के राष्ट्रपति ने सपत्नीक 'ताज' के किए दीदार - Immanuel Macro France President
आगरा। भारत दौरे पर आए  फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों ने आज शाम सपत्नीक दुनिया के सात अजूबों में शामिल ऐतिहासिक स्मारकों में सुमार ताजमहल का दीदार किया। करीब डेढ़ घंटे तक ताजमहल में रहकर उन्होंने इसकी बेमिसाल वास्तुकला की जानकारी ली और यादगार बनाए रखने के लिए कई फोटो भी खिंचाए।

उन्होंने विजिटर्स बुक में अपने संस्मरण लिखते हुए ताज के दीदार को अविस्मरणीय क्षण बताया। मैक्रों के आगमन को लेकर स्थानीय हवाई अड्डे से लेकर ताजमहल तक सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे। इस दौरान ताजमहल में आम पर्यटकों का प्रवेश रोक दिया गया।

आगरा पहुंचने पर उनकी अगवानी उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा ने की। राज्य सरकार ने श्री शर्मा को विशेष रूप से फ्रांस के राष्ट्रपति की अगवानी करने के लिए यहां भेजा गया। इस दौरान मथुरा से विशेष रूप से बुलाए गए करीब दो दर्जन लोक कलाकारों ने स्वागत नृत्य प्रस्तुत किए।

शहर के मेयर नवीन जैन भी अगवानी में शर्मा के साथ रहे। शाम करीब पौने पांच बजे आगरा पहुंचे मैक्रों हवाई अड्डे से सीधे ताजमहल पहुंचे और शाम करीब सात बजे दिल्ली लौट गए। गौरतलब है कि फ्रांस के प्रथम नागरिकों का ताज में यह तीसरा दौरा था। इससे पहले वर्ष 2008 और 2010 में फ्रांस के तत्कालीन राष्ट्रपति निकोलस सरकोजी भी ताज का दीदार कर चुके हैं।

तीन देशों  के राष्ट्राध्यक्षों की पत्नियों का एक दल ताजमहल के दीदार को ताजनगरी पंहुचा। इस दल में कुल नौ सदस्य शामिल थे। पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार नौ देशों के राष्ट्राध्यक्षों की पत्नियों को ताज के दीदार के लिए आना था लेकिन किन्ही कारणों के चलते केवल तीन देशों के राष्ट्रीय अध्यक्षों की पत्नी ही ताज दीदार को आगरा पहुंची।

इस दल के सदस्यों के साथ विदेश मंत्रालय के अधिकारी मौजूद रहे तो वही स्थानीय पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने शिल्पग्राम में उनकी अगवानी की। ताजमहल का दीदार करने के बाद प्रथम महिलाओं का यह दल आगरा किला पहुंचा जहां करीब एक घंटे तक इन्होंने आगरा किले का भ्रमण किया इसके बाद सड़क मार्ग द्वारा यह दल दिल्ली के लिए रवाना हो गया। (वार्ता) (Photo : Twitter) 
ये भी पढ़ें
एमवाय में नि:शुल्क बोनमैरो ट्रांसप्लांट शुरू, सस्ती दर पर मिलेगा इलाज