• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Dense fog blankets many parts of India
Written By
Last Updated :नई दिल्ली , गुरुवार, 4 जनवरी 2024 (00:42 IST)

Weather Update : देश के कई हिस्सों में कोहरे का कहर, असम में सड़क हादसे में 12 की मौत

कई राज्‍यों में न्यूनतम तापमान सामान्य से दो-चार डिग्री ऊपर

Weather Update : देश के कई हिस्सों में कोहरे का कहर, असम में सड़क हादसे में 12 की मौत - Dense fog blankets many parts of India
  • दिल्ली में एक्यूआई 341 दर्ज किया गया
  • कोहरे के कारण 26 ट्रेनें हुईं लेट
  • 'चिल्लई-कलां' की चपेट में है कश्मीर
Dense fog blankets many parts of India : उत्तर और मध्य भारत के अलावा देश के कुछ पूर्वी हिस्सों में बुधवार को कोहरे की मोटी परत छाई रही, जिससे दृश्यता का स्तर कम हो गया। कोहरे की वजह से असम के गोलाघाट जिले में एक ट्रक और बस के बीच हुई आमने-सामने की टक्कर में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई और 38 घायल हो गए।
 
दिल्ली में बुधवार को लोगों को हाड़ कंपाने वाली ठंड का सामना करना पड़ा। यहां अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 15.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली के प्रमुख मौसम विज्ञान केंद्र सफदरजंग में सुबह 8.30 बजे दृश्यता 200 मीटर दर्ज की गई। जबकि न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से कम है।
 
भारतीय रेलवे के अनुसार, कोहरे के कारण दिल्ली आने वाली 26 ट्रेनें एक से छह घंटे तक विलंबित हुईं। क्षेत्रीय मौसम पूर्वानुमान केंद्र के वैज्ञानिक एवं प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा, दिल्ली में अगले दो दिनों में तापमान स्थिर रहेगा, जबकि कुछ इलाकों में यह गिरकर छह या 7.5 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है। 
 
श्रीवास्तव ने कहा कि जनवरी के पहले दस दिन सबसे ठंडे माने जाते हैं, लेकिन पिछले साल की तुलना में इस साल यह अपेक्षाकृत गर्म है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने कहा, पिछले वर्षों की तुलना में न्यूनतम तापमान अभी तक दो या तीन डिग्री तक नहीं गिरा है, जब ऐसा एक या दो दिनों के लिए होता था। बुधवार को आर्द्रता का स्तर 75 प्रतिशत से 100 प्रतिशत के बीच रहा।
 
दिल्ली में एक्यूआई 341 दर्ज किया गया : आईएमडी ने गुरुवार को दिल्ली में मध्यम कोहरे का अनुमान लगाया है जबकि अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 17 और सात डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। राष्ट्रीय राजधानी में शाम चार बजे 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 341 दर्ज किया गया, जो बहुत खराब श्रेणी में आता है। शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 और 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 और 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 और 300 के बीच ‘खराब’, 301 और 400 के बीच ‘बेहद खराब’ और 401 और 500 के बीच ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।
 
दिसंबर 2023 राष्ट्रीय राजधानी में छह वर्षों में सबसे गर्म रहा। दिल्ली में पिछले महीने (दिसंबर में) एक भी ‘शीत लहर’ वाला दिन दर्ज नहीं किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार बहुत घना कोहरा तब होता है जब दृश्यता 0 और 50 मीटर के बीच होती है, 51 और 200 मीटर के बीच घना, 201 और 500 के बीच मध्यम, और 501 और 1,000 के बीच उथला होता है।
 
वहीं गोलाघाट जिला आयुक्त पी उदय प्रवीण ने बताया कि असम में दुर्घटना राष्ट्रीय राजमार्ग-715 पर डेरगांव के पास बालीजान में हुई जब 49 यात्रियों को ले जा रही बस कोयले से लदे ट्रक से टकरा गई। उन्होंने कहा, जान गंवाने वाले 12 लोगों में से छह महिलाएं हैं। ये सभी बासा भरालुवा गांव के थे।
 
असम के परिवहन मंत्री परिमल शुक्लावैद्य ने इस दुर्घटना की जांच के आदेश दिए और अपने विभाग के शीर्ष अधिकारियों को गोलाघाट जिले में दुर्घटनास्थल पर पहुंचकर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा। परिवहन मंत्री ने कहा, जांच से पता चलेगा कि सड़क पर उचित संकेत थे या नहीं, हम आवश्यक कदम उठाएंगे और अगर जरूरत पड़ी तो जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करेंगे। 
 
आईएमडी के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी मध्य प्रदेश और बिहार के अलग-अलग हिस्सों में सुबह के समय बहुत घना कोहरा छाया रहा। आईएमडी के मुताबिक सुबह के समय पश्चिमी राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, गांगेय पश्चिम बंगाल, उत्तराखंड और असम के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाया रहा।
 
सुबह 5.30 बजे दृश्यता बहराइच और गोरखपुर में 25 मीटर, लखनऊ में 200 मीटर, भोपाल में 25 मीटर और गुना में 50 मीटर दर्ज की गई। पूर्णिया में 25 मीटर, जबकि पटना में 200 मीटर की दृश्यता दर्ज की गई। बरेली (50 मीटर), झांसी (200 मीटर) व बीकानेर, जयपुर और अजमेर (प्रत्‍येक 50 मीटर) उन स्थानों में से थे जहां घने से लेकर बहुत अधिक घना कोहरा छाया रहा।
 
आईएमडी ने कहा कि पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान छह से नौ डिग्री सेल्सियस के बीच रहा जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश, उत्तरी मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में यह 10-12 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।
 
पंजाब, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और गुजरात के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से दो-चार डिग्री ऊपर है। अगले पांच दिनों के दौरान उत्तर भारत के बाकी हिस्सों में न्यूनतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव होने की संभावना नहीं है।
 
कश्मीर घाटी में लोगों को शुष्क मौसम और शीत लहर की स्थिति से कोई राहत नहीं मिली क्योंकि न्यूनतम तापमान हिमांक बिंदु से कई डिग्री नीचे रहा। अनंतनाग शहर मंगलवार की रात जम्मू-कश्मीर में सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां पारा हिमांक बिंदु से सात डिग्री से अधिक नीचे रहा। दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछली रात के शून्य से नीचे 6.2 डिग्री सेल्सियस था।
 
उत्तरी कश्मीर के लोकप्रिय पर्यटन स्थल गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 3.8 डिग्री सेल्सियस, काजीगुंड में शून्य से नीचे 4.6 डिग्री सेल्सियस, कोकेरनाग शहर में शून्य से नीचे 3.2 डिग्री सेल्सियस जबकि कुपवाड़ा में शून्य से नीचे 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 
'चिल्लई-कलां' की चपेट में है कश्मीर : कश्मीर वर्तमान में 'चिल्लई-कलां' की चपेट में है। यह 40 दिनों की भीषण सर्दी की अवधि है। इस दौरान क्षेत्र में शीत लहर चलती है और तापमान बेहद नीचे चला जाता है, जिससे प्रसिद्ध डल झील सहित जलाशय में पानी जम जाता है। घाटी के कई हिस्से इस स्थिति का सामना करते हैं।
 
इस अवधि के दौरान बर्फबारी की संभावना सबसे अधिक होती है और ऊंचाई वाले इलाके में भारी बर्फवारी भी होती है। चिल्लाई-कलां 31 जनवरी को खत्म होगा। ‘चिल्लई-कलां’ की शुरुआत 21 दिसंबर से होती है और 31 जनवरी को यह समाप्त होगा। इसके बाद कश्मीर में 20 दिनों का ‘चिल्लई-खुर्द’ (कम ठंड) और 10 दिनों का ‘चिल्लई-बच्चा’ (हल्की ठंड) का दौर रहता है। इस दौरान शीत लहर जारी रहती है। राजस्थान के बीकानेर, गंगानगर, हनुमानगढ़, सीकर और फलोदी समेत कई इलाकों में कड़ाके की ठंड में कमी आई है।
मौसम विभाग ने बताया कि सीकर में रात का तापमान तीन डिग्री सेल्सियस और सिरोही में 3.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीकानेर और फतेहपुर में तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस, फलौदी में 4.4 डिग्री सेल्सियस, पिलानी में 5.6 डिग्री सेल्सियस, अलवर में 5.7 डिग्री सेल्सियस और करौली में 5.2 डिग्री सेल्सियस रहा। राजधानी जयपुर में न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 
पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में ठंड : राजस्थान के गंगानगर और हनुमानगढ़ जिलों में भी अधिकतम तापमान करीब 11 डिग्री तक गिर गया। मौसम विभाग के बुलेटिन के अनुसार राज्य के कई हिस्सों में घना से बहुत अधिक घना कोहरा देखा गया, जबकि पूर्वी राजस्थान शीत लहर की चपेट में है। पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में ठंड का मौसम जारी है, नारनौल और गुरदासपुर जैसे स्थान गंभीर ठंड की चपेट में हैं। मौसम विभाग की मौसम रिपोर्ट के मुताबिक, हरियाणा के नारनौल में न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हिसार, करनाल और रोहतक में भी रात का मौसम ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान क्रमश : 7.4 डिग्री सेल्सियस, 7.7 डिग्री सेल्सियस और 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अंबाला में न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब के गुरदासपुर में कड़ाके की ठंड पड़ी, जहां न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 
बठिंडा और फरीदकोट भी कड़ाके की ठंड की चपेट में रहे, जहां न्यूनतम तापमान क्रमश: छह डिग्री सेल्सियस और 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अमृतसर में न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि लुधियाना और पटियाला में न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस और आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour
ये भी पढ़ें
INDIA गठबंधन संयोजक को लेकर तेजस्वी ने नी‍तीश का किया समर्थन