शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. congress Working Committee (CWC) meeting to be held at 4 PM
Written By
Last Updated : रविवार, 13 मार्च 2022 (08:43 IST)

करारी हार के बाद आज कांग्रेस का मंथन, CWC की बैठक में हो सकते हैं बड़े फैसले

करारी हार के बाद आज कांग्रेस का मंथन, CWC की बैठक में हो सकते हैं बड़े फैसले - congress Working Committee (CWC) meeting to be held at 4 PM
नई दिल्ली। 5 राज्यों के विधानसभा चुनावों में करारी शिकस्त का सामना करने के बाद हार के कारणों पर चर्चा के लिए रविवार को कांग्रेस कार्य समिति की बैठक बुलाई गई है। बैठक में कुछ बड़े फैसले हो सकते हैं। हालांकि पार्टी ने उन खबरों का खंडन किया जिसमें कहा गया था कि गांधी परिवार के सदस्य सभी संगठनात्मक पदों से इस्तीफा दे देंगे।
 
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी रविवार को शाम चार बजे यहां पार्टी मुख्यालय में कांग्रेस की शीर्ष नीति निर्धारक इकाई सीडब्ल्यूसी बैठक की अध्यक्षता करेंगी। बैठक ऐसे समय होने जा रही है जब कांग्रेस ने पंजाब में सत्ता गंवा दी और उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में भी उसे करारी हार का सामना करना पड़ा है।
 
सोनिया गांधी पिछले कुछ समय से सक्रिय रूप से प्रचार नहीं कर रही हैं। प्रियंका गांधी के अलावा राहुल गांधी कांग्रेस के स्टार प्रचारक रहे हैं। साथ ही भाई-बहन की जोड़ी पार्टी के महत्वपूर्ण फैसलों में भी प्रमुख भूमिका निभाती है।
 
उत्तर प्रदेश की प्रभारी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के नेतृत्व में एक उच्च-स्तरीय प्रचार अभियान के बावजूद, राज्य में कांग्रेस 403 विधानसभा सीटों में से केवल दो पर जीत हासिल कर सकी। कांग्रेस की वोट हिस्सेदारी भी कम होकर 2.33 प्रतिशत हो गई और उसके अधिकतर उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई।
 
2020  में सोनिया ने की थी इस्तीफे की पेशकश : 2019 के आम चुनावों में कांग्रेस की लगातार दूसरी हार के बाद राहुल गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। सोनिया गांधी ने अंतरिम अध्यक्ष के रूप में फिर से पार्टी की बागडोर संभाली थी। उन्होंने भी अगस्त 2020 में पार्टी नेताओं के एक वर्ग ‘जी-23’ द्वारा खुले विद्रोह के बाद पद छोड़ने की पेशकश की थी लेकिन सीडब्ल्यूसी ने उनसे पद पर बने रहने का आग्रह किया था।
 
G-23 ने फिर बढ़ाया दबाव :  इन विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की करारी हार के बाद पार्टी के ‘जी 23’ समूह के कई नेताओं ने शुक्रवार को भी बैठक की जिसमें आगे की रणनीति को लेकर चर्चा की गई। राज्यसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष गुलाम नबी आजाद के आवास पर हुई इस बैठक में कपिल सिब्बल, आनंद शर्मा और मनीष तिवारी शामिल हुए।
 
सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस कार्य समिति में शामिल 'जी 23' के नेता सीडब्ल्यूसी की बैठक में चुनावी हार का मुद्दा और पार्टी संगठन में जरूरी बदलाव और जवाबदेही सुनिश्चित करने की अपनी पुरानी मांग उठा सकते हैं। ‘जी 23' समूह के प्रमुख सदस्य गुलाम नबी आजाद और आनंद शर्मा कांग्रेस कार्य समिति में शामिल हैं।
 
हालांकि, कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने उन खबरों को गलत और शरारती करार देते हुए खारिज कर दिया, जिसमें दावा किया गया था कि गांधी परिवार के सदस्य पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे देंगे। उन्होंने पार्टी में किसी बड़े बदलाव को खारिज कर दिया। उन्होंने ट्विटर पर कहा कि कथित इस्तीफे की खबरें अनुचित, शरारती और गलत हैं।
 
कांग्रेस के ‘जी 23’ समूह में शामिल नेताओं ने अगस्त, 2020 में पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र लिखकर कांग्रेस में सक्रिय अध्यक्ष और संगठन में आमूल-चूल परिवर्तन की मांग की थी। इस समूह के दो नेता जितिन प्रसाद और योगानंद शास्त्री अब कांग्रेस छोड़ चुके हैं।
 
जी-23 नेताओं ने पिछले विधानसभा चुनावों के बाद सुधारात्मक उपायों का सुझाव दिया था, जब कांग्रेस पुडुचेरी में चुनाव हार गई थी और केरल, असम और पश्चिम बंगाल में कोई अच्छा प्रदर्शन करने में असफल रही, लेकिन उस मोर्चे पर बहुत कम काम हुआ।
 
इन नेताओं ने सीडब्ल्यूसी की महत्वपूर्ण बैठक से पहले अपनी रणनीति तैयार करने के लिए वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद के आवास पर शुक्रवार शाम को मुलाकात की थी। सूत्रों ने कहा कि इन नेताओं ने पार्टी की हार पर हैरानी जताई। सूत्रों ने कहा कि इन नेताओं ने कांग्रेस को मजबूत करने के कदमों पर चर्चा की, जो और भी अधिक कमजोर हो गई है।
 
सीडब्ल्यूसी के सदस्य मुकुल वासनिक ने शुरू में समूह की ओर से गांधी को लिखे एक पत्र पर हस्ताक्षर किए थे, लेकिन तब से उन्होंने उससे दूरी बना ली है।
 
सूत्रों ने कहा कि नेताओं ने कांग्रेस नेतृत्व द्वारा पार्टी को मजबूती प्रदान करने के लिए कोई कदम नहीं उठाने पर भी निराशा व्यक्त की। सूत्रों के अनुसार कुछ नेता इस बात से चिंतित थे कि असम, पश्चिम बंगाल, केरल और पुडुचेरी में पार्टी के नुकसान का मूल्यांकन करने के लिए गठित समिति की रिपोर्ट पर चर्चा तक नहीं की गई।
 
कौन होगा अगला नेता? :  लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी भी मानते हैं कि कांग्रेस संगठनात्मक कमजोरी के कारण हार गई, लेकिन कहा कि पार्टी नेतृत्व में बदलाव की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर नेतृत्व में बदलाव का मतलब राहुल गांधी या प्रियंका गांधी को हटाना है, तो किसी से यह पूछना चाहिए कि उनकी जगह कौन लेगा। राहुल और प्रियंका दोनों पूरे दिल से कोशिश कर रहे हैं, उनके प्रयास में कोई संदेह नहीं है।
 
थरूर ने की बदलाव की हिमायत : जी-23 नेताओं में शामिल कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने चुनावी हार के बाद बृहस्पतिवार को कहा कि यह स्पष्ट है कि बदलाव अपरिहार्य है।
 
संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया जारी : कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव पहले से ही चल रहे हैं और पार्टी को 21 अगस्त से 20 सितंबर के बीच नया अध्यक्ष मिलेगा। इसके बाद, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्ण सत्र में अक्टूबर तक सीडब्ल्यूसी के चुनाव होंगे। कांग्रेस पार्टी 1 नवंबर को सदस्यों के लिए नामांकन अभियान शुरू किया और यह 22 मार्च तक चलेगा।
 
इसके बाद जिला कांग्रेस समितियां विभिन्न पार्टी निकायों के सदस्यों और पात्र उम्मीदवारों की सूची एक अप्रैल से 15 अप्रैल के बीच प्रकाशित करेंगी, इसके बाद प्रखंड स्तर पर अध्यक्ष और कार्यकारिणी समितियों का चुनाव होगा। यह प्रक्रिया 16 अप्रैल से 31 मई के बीच पूरी की जाएगी।
 
स्थानीय अध्यक्षों, उपाध्यक्षों और कोषाध्यक्षों के निर्णय के लिए कांग्रेस जिला समिति स्तर पर चुनाव एि जून से 20 जुलाई के बीच होंगे। पीसीसी में 21 जुलाई से 22 अगस्त के बीच चुनाव होंगे।