गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Chance of rain in 21 states including Delhi-NCR
Written By
Last Updated :नई दिल्ली , सोमवार, 29 मई 2023 (08:41 IST)

Weather Update: IMD ने किया अलर्ट, दिल्ली-NCR समेत 21 राज्यों में आज बारिश की संभावना

Weather Update: IMD ने किया अलर्ट, दिल्ली-NCR समेत 21 राज्यों में आज बारिश की संभावना - Chance of rain in 21 states including Delhi-NCR
नई दिल्ली। मौसम विभाग (IMD) ने अनुमान जताया है कि आज सोमवार को आज दिल्ली-NCR (Delhi-NCR) में आंधी के साथ बारिश की संभावना है। पिछले 24 घंटों में दिल्ली में 1.8 मिलीमीटर बारिश हुई है। आईएमडी के अनुसार आज उत्तरप्रदेश में भी आंधी के साथ बारिश हो सकती है। आईएमडी ने आज दिल्ली-NCR समेत 21 राज्यों में बारिश (rain) होने की संभावना जताई है।
 
आईएमडी के अनुसार आज पश्चिमी उत्तरप्रदेश, हरियाणा में बिजली गिरने, तूफान (हवा की गति 50-60 किमी। प्रति घंटे) और गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ में बिजली और आंधी के साथ बारिश हो सकती है। वहीं ओडिशा, विदर्भ, केरल और माहे, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, गंगीय पश्चिम बंगाल, चंडीगढ़, पंजाब, गुजरात, तेलंगाना, कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल और लक्षद्वीप में बिजली गिरने, आंधी और गरज के साथ बारिश हो सकती है।
 
आईएमडी के अनुसार एक नया पश्चिमी विक्षोभ 29 मई से उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर संकता है। जबकि एक चक्रवाती परिसंचरण दक्षिण-पश्चिम राजस्थान पर स्थित है और निचले क्षोभमंडलीय स्तरों में मध्य प्रदेश तक एक ट्रफ चल रही है। इनके असर से अगले कुछ दिनों तक इन जगहों पर मौसम खराब हो सकता है। वहीं अगले दो दिनों के दौरान बंगाल की दक्षिण खाड़ी, अंडमान सागर और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कुछ और हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।
 
पिछले 24 घंटों की मौसमी हलचल : पिछले 24 घंटों के दौरान छत्तीसगढ़, ओडिशा और उत्तरप्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। पूर्वोत्तर भारत, गंगीय पश्चिम बंगाल, पूर्वी मध्यप्रदेश, लक्षद्वीप और केरल में छिटपुट हल्की से मध्यम बारिश देखी गई। राजस्थान और हरियाणा के कुछ हिस्सों में धूलभरी आंधी और ओलावृष्टि के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई। आंतरिक कर्नाटक, केरल और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की बारिश देखी गई।
 
आज के मौसम की संभावित गतिविधि : राजस्थान और पश्चिमी मध्यप्रदेश में छिटपुट हल्की से मध्यम बारिश के साथ-साथ ओलावृष्टि और धूलभरी आंधी चलने की संभावना है। तमिलनाडु, केरल और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश की उम्मीद है।
 
हरियाणा, पश्चिमी हिमालय के कुछ हिस्सों और दिल्ली और एनसीआर के एक या दो स्थानों के साथ-साथ पूर्वोत्तर भारत में हल्की से मध्यम बारिश संभव है। ओडिशा के दक्षिणी तट और तटीय आंध्रप्रदेश में एक या दो मध्यम बारिश हो सकती है। पंजाब और उत्तरप्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना है।
 
दिल्ली में हल्की बारिश की संभावना : IMD के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के सामान्य से 5 डिग्री कम है। मौसम विभाग ने सोमवार को हल्की बारिश और गरज के साथ छींटें पड़ने की आशंका के साथ आमतौर पर आसमान में बादल छाए रहने का अनुमान जताया है। इस दौरान कुछ स्थानों पर शाम और रात की ओर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
 
तेजी आंधी के चलते महाकाल लोक में गिरीं मूर्तियां : मध्यप्रदेश के उज्जैन स्थित प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में 'श्री महाकाल लोक' गलियारे की 6 मूर्तियां रविवार दोपहर आई तेज आंधी के चलते गिरकर क्षतिग्रस्त हो गईं। जब मूर्तियां गिरीं तो यह गलियारा श्रद्धालुओं से खचाखच भरा हुआ था, लेकिन कोई भी व्यक्ति हताहत नहीं हुआ।
 
उज्जैन के कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम ने बताया कि आज की तेज आंधी से उज्जैन जिले में 2 लोगों की मौत भी हुई है। उन्होंने कहा कि इसके अलावा जिले में तूफान से कुछ घर भी गिरने की सूचना मिली है।
 
बारिश के कारण नहीं हो सका IPL फाइनल : अहमदाबाद में बारिश की वजह से रविवार को गुजरात टाइटंस और चेन्नई सुपरकिंग्स के बीच IPL फाइनल नहीं हो सका। भारी तादाद में यहां जुटे दर्शकों को खराब मौसम से निराशा हाथ लगी।
 
टॉस के समय से आधा घंटा पहले यानी 6.30 बजे से ही बारिश शुरू हो गई और अगले 2.30 घंटे में रुक- रुककर होती ही रही। बारिश रात 9 बजे रुकी तो कवर हटा लिए गए जबकि 8.30 बजे से 2 सुपर सोपर भी काम कर रहे थे। इसके बाद हालांकि भारी बारिश आने से मैदानकर्मियों को फिर कवर बिछाने पड़े और वॉर्मअप के लिए उतरे खिलाड़ियों को बाहर जाना पड़ा। 
 
Edited by: Ravindra Gupta
ये भी पढ़ें
तमिलनाडु CM स्टालिन ने क्यों कहा, सेंगोल पहले ही दिन झुक गया