• Webdunia Deals
  1. चुनाव 2024
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. लोकसभा चुनाव समाचार
  4. akhilesh yadav says, what are 5 big issues of loksabha election
Last Updated : बुधवार, 31 जनवरी 2024 (20:23 IST)

अखिलेश यादव ने बताया, क्या होंगे लोकसभा चुनाव में 5 बड़े मुद्दे

अखिलेश यादव ने बताया, क्या होंगे लोकसभा चुनाव में 5 बड़े मुद्दे - akhilesh yadav says, what are 5 big issues of loksabha election
  • सपा नेता का दावा, भाजपा को हराने के लिए जनता तैयार
  • लोकतंत्र और संविधान के साथ खिलवाड़ करती है भाजपा
  • भाजपा ने किसानों के साथ धोखा किया 
Akhilesh Yadav news in hindi : समाजवादी पार्टी के अध्‍यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि लोकसभा चुनाव -2024 में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की उपेक्षा, महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराध, अन्याय और भ्रष्टाचार सबसे बड़े मुद्दे होंगे।
 
सपा राज्य मुख्यालय में पार्टी के सभी जिला एवं महानगर अध्यक्षों की बैठक को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि जनता भाजपा की जनविरोधी नीतियों के चलते 2024 के लोकसभा चुनावों में उसे हराने को तैयार है।
 
सपा नेता ने कहा कि भाजपा लोकतंत्र और संविधान के साथ खिलवाड़ करती है। वह इस तरह की रणनीति अपनाती है जिससे मुख्य मुद्दों से जनता का ध्यान भटके। इस बार के चुनाव में लोकतंत्र बचाने से लेकर बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की उपेक्षा, महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराध, अन्याय और भ्रष्टाचार सबसे बड़े मुद्दे होंगे।
 
उन्‍होंने कहा कि चुनाव आ गया है, 100 दिन भी नहीं बचे, इसलिए पूरी तैयारी के साथ हमारे कार्यकर्ता, संगठन के सभी पदाधिकारी मिलकर काम करेंगे। उत्तर प्रदेश में सबसे बड़ी भूमिका समाजवादी पार्टी निभाने जा रही है। हमें अपने संगठन पर पूरा भरोसा है कि समाजवादी पार्टी के कार्यक्रम, नीतियों, फैसलों को जनता तक पहुंचाने का काम करेंगे।
 
अखिलेश ने कहा कि कई जिलों में मतदाता सूची पर अच्छा काम हुआ है। बूथ स्तर पर नेता और कार्यकर्ता अधिकारियों के मिलकर कहां वोट कटा और कहां वोट बढ़ा उसकी जानकारी करेंगे और उस पर नजर भी रखेंगे। क्योंकि चुनाव में भाजपा हर तरह का हथकंडा अपना सकती है। वह चुनाव आयोग को दबाव में भी ले सकती है।
 
सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा ने किसानों के साथ धोखा किया है। पहले खाद की बोरी से 5 किलोग्राम खाद कम किया गया, अब एक बार फिर 5 किलोग्राम खाद कम कर दिया गया जबकि कीमत उतनी ही है। जो खाद की बोरी 50 किलो की थी अब वह 40 किलो की रह गई है।
 
उन्‍होंने कहा कि भाजपा सरकार ने उद्योगपतियों का 10 लाख करोड़ से ज्यादा का कर्ज माफ कर दिया लेकिन किसानों का कोई कर्ज माफ नहीं हुआ। भाजपा राज में किसानों के साथ अन्याय हो रहा है। 
Edited by : Nrapendra Gupta