शनिवार, 27 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. मध्यप्रदेश
  4. Madhya Pradesh Shivraj Singh Chouhan Govt win Confidence Motion in assembly
Written By Author विकास सिंह
Last Updated : मंगलवार, 24 मार्च 2020 (12:03 IST)

मध्यप्रदेश में शिवराज सरकार ने हासिल किया विधानसभा में विश्वासमत

मध्यप्रदेश में शिवराज सरकार ने हासिल किया विधानसभा में विश्वासमत - Madhya Pradesh Shivraj Singh Chouhan Govt win Confidence Motion in assembly
भोपाल। मध्यप्रदेश में शिवराज सिंह चौहान सरकार ने विश्वासमत हासिल कर लिया है।  विधानसभा में आज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की ओर से पेश किए गए विश्वास मत प्रस्ताव को सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गयी। इसके साथ ही एक दिन पुरानी चौहान सरकार ने सदन में बहुमत साबित कर दिया।
 
विशेष सत्र के पहले दिन सदन की कार्यवाही प्रारम्भ होने के बाद मुख्यमंत्री शिवराज ने विश्वास मत पेश किया, जिसे आसंदी पर आसीन सभापति जगदीश देवड़ा ने पारित कराने के लिए मतदान की औपचारिकता करायी। इस दौरान सदन में मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस का एक भी सदस्य मौजूद नहीं था। इस दौरान हुए मतदान में विश्वास मत को ध्वनिमत के जरिए सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। सदन में विश्वासमत के दौरान सपा, बसपा और निर्दलीय विधायकों ने भी सरकार को अपना समर्थन दिया।
 
इसके पहले शिवराज सिंह चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि राज्यपाल ने सरकार को पंद्रह दिनों के अंदर सदन में बहुमत साबित करने के लिए कहा था, इसलिए वे विश्वास मत पेश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार की सबसे पहली प्राथमिकता मौजूदा हालातों में कोरोना वायरस के प्रकोप को रोकना है। इस दिशा में कल उन्होंने मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद ही आवश्यक कदम उठाना प्रारंभ कर दिए हैं।
 
सरकार के विश्वासमत हासिल करने के बाद सदन की कार्यवाही 27 मार्च तक के लिए स्थगित कर दी गई।
 
 
 
ये भी पढ़ें
कोरोना वायरस : पीएम मोदी आज रात 8 बजे राष्ट्र को संबोधित करेंगे