शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. मध्यप्रदेश
  4. Madhya Pradesh BJP state wide Protest today
Written By Author विकास सिंह

कमलनाथ सरकार के खिलाफ भाजपा का हल्लाबोल, आज सड़क पर उतरेंगे दिग्गज नेता

एमपी में भाजपा बना रही माफियाओं की सूची,

कमलनाथ सरकार के खिलाफ भाजपा का हल्लाबोल, आज सड़क पर उतरेंगे दिग्गज नेता - Madhya Pradesh BJP state wide Protest today
मध्यप्रदेश में कमलनाथ सरकार के खिलाफ प्रदेश भाजपा के सभी दिग्गज नेता आज शुक्रवार को सड़क पर उतरकर कलेक्टर कार्यालय का घेराव करेंगे। राजगढ़ में कलेक्टर और एसडीएम की भाजपा कार्यकर्ताओं को थप्पड़ मारने और प्रदेश में अतिक्रमण के नाम पर भाजपा कार्यकर्ताओं को निशाना बनाने के विरोध में पार्टी कलेक्टर कार्यालय का घेराव कर अपना विरोध जताएगी। भोपाल में आंदोलन का नेतृत्व पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर व इंदौर में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह करेंगे।
 
भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष विजेश लुणावत ने प्रदेशव्यापी धरना प्रदर्शन की जानकारी देते हुए प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि कमलनाथ सरकार ने पूरे प्रदेश में अराजकता का माहौल बना दिया है। माफिया और अतिक्रमण के नाम पर गरीब जनता और भाजपा कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जा रहा है जबकि कांग्रेसियों के अतिक्रमणों की अनदेखी की जा रही है।
 
उन्होंने कहा कि प्रदेश में अवैध शराब माफिया, उत्खनन माफिया और ट्रांसपोर्ट माफिया सक्रिय हैं, लेकिन उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। कांग्रेस नेताओं और अधिकारियों की मिलीभगत से सरकारी जमीनों को हथियाया जा रहा है, अवैध कब्जे किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सबसे ज्यादा अतिक्रमण कांग्रेसियों के ही हैं, लेकिन गरीब जनता और भाजपा कार्यकर्ताओं को चुन-चुनकर निशाना बनाया जा रहा है।
 
भाजपा बना रही माफियाओं की सूची- मीडिया से बात करते हुए पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष ने मांग की कि सरकार ने जिन माफियाओं को चिन्हित कर सूची बनाई है, उसको प्रदेश की जनता के सामने रखना चाहिए। यदि सरकार ऐसा नहीं करती है तो भारतीय जनता पार्टी अपने स्तर पर तैयार की जा रही अतिक्रमण वअवैध कब्जों की सूचियां मुख्यमंत्री को सौंपेगी।
 
पार्टी पूरे प्रदेश में जिला स्तर पर माफियाओं की सूची तैयार करवा रही है और जल्द ही उसको सार्वजनिक करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी को यह जानकारी है कि किस मंदिर की जमीन पर किस कांग्रेस नेता का कब्जा है और सरकारी तालाबों की जमीन किसने हथिया रखी है। उन्होंने कहा कि हमारी मांग है कि सरकार इन लोगों पर कार्रवाई करे और गरीब जनता तथा कार्यकर्ताओं को परेशान करना बंद करे।
ये भी पढ़ें
तार-तार सियासी मर्यादा : 'टुकड़े-टुकड़े गैंग' वाले बयान पर भड़के धर्मेन्द्र प्रधान, चिदंबरम को बताया 'चिन्दी चोर'!