• Webdunia Deals
  1. चुनाव 2024
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. लोकसभा चुनाव समाचार
  4. Why did the BJP candidate from Ambala seat have to face opposition from farmers?
Last Updated : शनिवार, 27 अप्रैल 2024 (21:20 IST)

अंबाला सीट से BJP उम्मीदवार को किसानों के विरोध का क्यों करना पड़ा सामना?

न्यूनतम समर्थन मूल्य पर विरोध कर रहे थे

अंबाला सीट से BJP उम्मीदवार को किसानों के विरोध का क्यों करना पड़ा सामना? - Why did the BJP candidate from Ambala seat have to face opposition from farmers?
BJP candidate Banto Kataria: किसानों के एक समूह ने शनिवार को नग्गल गांव में लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान अंबाला से भाजपा उम्मीदवार बंतो कटारिया (Banto Kataria) के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कटारिया से पूछा कि फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (SMP) पर कानूनी गारंटी की मांग के लिए दिल्ली की ओर मार्च कर रहे किसानों को राष्ट्रीय राजधानी की ओर बढ़ने की अनुमति क्यों नहीं दी गई?

 
शंभू बॉर्डर पर बैरिकेड क्यों लगाए गए : भारतीय किसान यूनियन (शहीद भगत सिंह) के जिला अध्यक्ष गुरमीत सिंह माजरी और अन्य प्रदर्शनकारियों ने भाजपा उम्मीदवार से यह भी पूछा कि शंभू बॉर्डर पर बैरिकेड क्यों लगाए गए और दिल्ली की ओर मार्च कर रहे किसानों के खिलाफ बल का प्रयोग क्यों किया गया था।
 
राज्यमंत्री के समझाने पर भी विरोध जारी रखा : अंबाला शहर के विधायक और परिवहन राज्यमंत्री असीम गोयल ने किसानों को समझाने की कोशिश की लेकिन उन्होंने विरोध जारी रखा। माजरी ने कहा कि किसान गांवों में भाजपा उम्मीदवारों का विरोध करना जारी रखेंगे। किसान अपनी मांगें पूरी न होने के चलते लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा उम्मीदवारों के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं।

 
संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) और किसान मजदूर मोर्चा ने फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर कानूनी गारंटी सहित अपनी मांगें मनवाने के वास्ते सरकार पर दबाव बनाने के लिए किसानों द्वारा 'दिल्ली चलो' मार्च का नेतृत्व किया है। प्रदर्शनकारी किसान 13 फरवरी से पंजाब और हरियाणा के बीच शंभू और खनौरी सीमाओं पर डेरा डाले हुए हैं, क्योंकि सुरक्षा बलों ने उनके मार्च को रोक दिया था।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta