शनिवार, 27 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. लोकसभा चुनाव 2019
  3. समाचार
  4. loksabha election 1st phase : exam on 8 Ministers of Modi cabinet
Written By
Last Modified: नई दिल्ली , गुरुवार, 11 अप्रैल 2019 (09:12 IST)

लोकसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान, मोदी सरकार के इन मंत्रियों की किस्मत दांव पर

लोकसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान, मोदी सरकार के इन मंत्रियों की किस्मत दांव पर - loksabha election 1st phase : exam on 8 Ministers of Modi cabinet
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के पहले चरण में 20 राज्यों की 91 लोकसभा सीटों और चार राज्यों की विधानसभा सीटों पर गुरुवार सुबह सात बजे मतदान शुरू हो गया। 91 लोकसभा सीटों पर कुल 1279 उम्मीदवार मैदान में हैं। चुनाव में मोदी सरकार के लगभग 8 मंत्रियों की किस्मत दांव पर लगी हुई है। 
 
पहले चरण के मतदान में मोदी सरकार के जिन मंत्रियों की राजनीतिक किस्मत ईवीएम में कैद हो जायेगी उनमें केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी,जनरल (सेवानिवृत्त) वीके सिंह, किरण रिजीजू, महेश शर्मा, अजय टम्टा, सत्यपाल सिंह, हंसराज अहीर और सदानंद गौड़ा शामिल हैं।
 
इस चरण में रालोद प्रमुख अजीत सिंह का मुकाबला उत्तर प्रदेश में मुजफ्फरनगर सीट पर भाजपा के संजीव बालियान से है जबकि उनके बेटे जयंत चौधरी बागपत सीट पर केन्द्रीय मंत्री सत्यपाल सिंह को चुनौती दे रहे हैं। लोजपा प्रमुख एवं केन्द्रीय मंत्री रामविलास पासवान के पुत्र एवं सांसद चिराग पासवान बिहार में जमुई सीट से उम्मीदवार हैं।
 
छत्तीसगढ़ की नक्सली हिंसा प्रभावित बस्तर सीट पर भी आज मतदान हो रहा है। चुनाव का विरोध कर रहे नक्सलियों ने बस्तर के दंतेवाड़ा क्षेत्र में मंगलवार को बारूदी सुरंग विस्फोट कर हमला किया था। इसमें दंतेवाड़ा के भाजपा विधायक की मौत हो गई और अर्धसैनिक बल के पांच जवान शहीद हो गए थे। हमले के मद्देनजर चुनाव स्थगित करने की आशंकाओं को चुनाव आयोग ने खारिज कर दिया था।
 
पहले चरण में आंध्र प्रदेश, सिक्किम और ओडिशा में विधानसभा चुनाव भी हो रहा है। इस दौरान आंध्र प्रदेश की 175, सिक्किम की 32 और ओडिशा की 28 विधानसभा सीटों पर मतदान हो रहा है।
 
आंध्र प्रदेश से अलग होकर 2014 में तेलंगाना राज्य की स्थापना होने के बाद आंध्र प्रदेश में पहली बार विधानसभा चुनाव हो रहा है। राज्य की सभी 25 लोकसभा और 175 विधानसभा सीटों पर पहले चरण में आज ही मतदान संपन्न हो जायेगा।
 
उल्लेखनीय है कि 11 अप्रैल को होने वाले मतदान के लिए मंगलवार शाम चुनाव प्रचार थम गया था। पहले चरण में मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ। कुछ सीटों पर शाम चार बजे तक, कुछ पर पांच बजे तक और कुछ जगह शाम छह बजे तक मतदान होगा।
ये भी पढ़ें
CBSE का बड़ा फैसला, अब बच्चों को यह विषय भी पढ़ना होगा