मंगलवार, 19 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. लोकसभा चुनाव 2019
  3. समाचार
  4. Digvijay Singh Kamal Nath Lok Sabha Elections 2019
Written By विशेष प्रतिनिधि
Last Updated : शनिवार, 16 मार्च 2019 (20:10 IST)

क्या दिग्विजय सिंह को इंदौर सीट से लड़वाना चाहते हैं कमलनाथ?

क्या दिग्विजय सिंह को इंदौर सीट से लड़वाना चाहते हैं कमलनाथ? - Digvijay Singh Kamal Nath Lok Sabha Elections 2019
भोपाल। मध्यप्रदेश में 'कांग्रेस के चाणक्य' माने जाने वाले पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह किस लोकसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे, इस पर सस्पेंस बना हुआ है। दिग्विजय सिंह के भोपाल, इंदौर और राजगढ़ में से किसी एक सीट से चुनाव लड़ने की अटकलें लगाई जा रही हैं।
 
इस बीच मुख्यमंत्री कमलनाथ ने दिग्विजय सिंह की उम्मीदवारी को लेकर बड़ा बयान दिया है। छिंदवाड़ा पहुंचे कमलनाथ ने कहा कि दिग्विजय कहां से चुनाव लड़ेंगे, इसका फैसला वे खुद करेंगे। इसके साथ ही कमलनाथ ने यह भी कहा कि उन्होंने दिग्विजय सिंह से निवेदन किया है कि वे प्रदेश की सबसे मुश्किल सीट से चुनाव लड़ें, जो सीट पार्टी 30 या 35 साल से नहीं जीत सकी है।
 
कमलनाथ के इस बयान के बाद सूबे की सियासत में इस बात की अटकलें और तेज हो गई हैं कि वो ऐसी कौन सी सीट है जिससे दिग्विजय सिंह लोकसभा के चुनावी मैदान में उतरेंगे? भोपाल व इंदौर ऐसी 2 लोकसभा सीटें हैं जिस पर बीजेपी का लगभग 30 साल से कब्जा है। दोनों ही सीटों पर कांग्रेस को 1984 के बाद जीत नहीं हासिल हुई है। इसके साथ ही विदिशा और भिंड भी 2 ऐसी लोकसभा सीटें हैं जिस पर कांग्रेस को लंबे समय से जीत नहीं हासिल हुई।
 
अगर सियासी समीकरण की बात करें तो भोपाल और इंदौर ऐसी सीटें हैं जिस पर कांग्रेस की स्थिति इस बार पिछले अन्य चुनावों की अपेक्षा मजबूत दिखाई दे रही है। विधानसभा चुनाव में इंदौर में कांग्रेस ने इस बार अच्छा प्रदर्शन किया है। इसके साथ ही विधानसभा चुनाव के समय से दिग्विजय सिंह इंदौर में काफी सक्रिय दिखाई दिए थे। इसके बाद से ये कयास लगाए जा रहे हैं कि दिग्विजय सिंह इंदौर से लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं।