• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. लोकसभा चुनाव 2019
  3. खास खबरें
  4. Jayas to contest election on 4 seats
Written By विकास सिंह
Last Modified: भोपाल , शनिवार, 20 अप्रैल 2019 (15:00 IST)

अपनों से परेशान कांग्रेस, विधायक हीरालाल अलावा का संगठन जयस 4 सीटों पर उतारेगा उम्मीदवार

अपनों से परेशान कांग्रेस, विधायक हीरालाल अलावा का संगठन जयस 4 सीटों पर उतारेगा उम्मीदवार - Jayas to contest election on 4 seats
भोपाल। मध्यप्रदेश में लोकसभा चुनाव में कांग्रेस और भाजपा इस बार अपनों से ही परेशान है। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर विधायक बने डॉक्टर हीरालाल अलावा का संगठन जयस अब कांग्रेस के विरोध में अपने उम्मीदवार उतारने जा रहा है।
 
सूबे में आदिवासियों के बीच गहरी पैठ रखने वाला जय आदिवासी युवा शक्ति संगठन (जयस) आदिवासी वोटरों के बाहुल्य वाली लोकसभा सीट धार, रतलाम, खरगौन और बैतूल में अपने उम्मीदवार उतारने जा रहा है। संगठन ने इन सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम लगभग फाइनल कर लिए है। इसकी आधिकारिक घोषणा रविवार को हो सकती है। जयस ने धार से भगवान सिंह सोलंकी,रतलाम से डॉक्टर अभय ओहरी, खरगौन से रक्षा बामनिया और बैतूल से रूपेश पदमाकर का नाम लगभग तय कर लिया है।
 
वेबदुनिया से बातचीत में जयस के मध्यप्रदेश के अध्यक्ष अंतिम मुजालदा कहते हैं कि संगठन लोकसभा चुनाव में अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित चार सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने जा रहा है। इसके लिए उम्मीदवारों के नाम तय होने का सिलसिला अंतिम चरण में है। पार्टी की स्क्रीनिंग कमेटी रविवार को इन सीटों पर बने पैनल में आए नामों पर आखिरी मोहर लगा देगी।
 
वेबदुनिया के इस सवाल पर कि क्या जयस के राष्ट्रीय संरक्षक डॉक्टर हीरालाल अलावा उनके साथ है, पर अंतिम मुजालदा साफ शब्दों में कहते हैं कि डॉक्टर अलावा चाहते हैं कि जयस के प्रतिनिधि चुनकर संसद में पहुंचे और वो लोकसभा चुनाव में भी संगठन के साथ खड़े हैं। डॉक्टर अलावा जयस के राष्ट्रीय संरक्षक है और वो हमेशा संगठन के साथ है।
 
ये भी पढ़ें
फर्जी मतदान के लिए प्रेरित कर रही थीं भाजपा उम्मीदवार, वायरल वीडियो पर बवाल