1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. sri lanka won the odi series against new zealand

SL vs NZ : दूसरे वनडे में न्यूजीलैंड को हराकर श्रीलंका ने एक और सीरीज जीती

sri lanka vs new zealand odi series hindi news
Sri Lanka vs New Zealand ODI Series : कुसल मेंडिस के नाबाद 74 रन की मदद से श्रीलंका ने वर्षाबाधित दूसरे एक दिवसीय क्रिकेट मैच में न्यूजीलैंड को डकवर्थ लुईस प्रणाली (DLS Method) के आधार पर छह गेंद बाकी रहते तीन विकेट से हराकर श्रृंखला में विजयी बढत बना ली ।
 
श्रीलंका के पास तीन मैचों की श्रृंखला में 2 . 0 की बढत हो गई है। तीसरा और आखिरी मैच मंगलवार को खेला जाएगा। श्रीलंका ने पहला वनडे दाम्बुला में डकवर्थ लुईस प्रणाली के आधार पर 45 रन से जीता था।

श्रीलंका की इस साल अपनी धरती पर वनडे श्रृंखला में यह पांचवीं जीत है। उसने अफगानिस्तान, भारत और वेस्टइंडीज को हराया था। पिछले साल भारत में वनडे विश्व कप में नौवे स्थान पर रहने के बाद श्रीलंका अगले साल होने वाली चैम्पियंस ट्रॉफी के लिये क्वालीफाई नहीं कर सका लेकिन उसके बाद से सिर्फ एक वनडे श्रृंखला बांग्लादेश में गंवाई है।
 
मेंडिस ने पहले मैच में कैरियर की सर्वश्रेष्ठ 143 रन की पारी खेली थी। उनके 102 गेंद में 74 रन की मदद से श्रीलंका ने 46 ओवर में सात विकेट पर 210 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया। बारिश के कारण मैच प्रति टीम 47 ओवर का कर दिया गया था। न्यूजीलैंड की टीम 45 . 1 ओवर में 209 रन पर आउट हो गई थी।
 
आफ स्पिनर मिचेल ब्रासवेल ने 36 रन देकर चार विकेट लिए। श्रीलंका ने सात विकेट 163 रन पर गंवा दिए थे लेकिन महीष तीक्षणा (नाबाद 27) ने मेंडिस के साथ 47 रन की साझेदारी करके टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया।
 
इससे पहले न्यूजीलैंड के लिये मार्क चैपमैन ने 81 गेंद में 76 रन बनाए लेकिन 37वें ओवर में उनके आउट होने के बाद न्यूजीलैंड ने आखिरी छह विकेट 36 रन के भीतर गंवा दिए। मिचेल हे ने 62 गेंद में 49 रन बनाये और चैपमैन के साथ 75 रन की साझेदारी की।
 
श्रीलंका के लिए तीक्षणा और जैफ्री वांडरसे ने तीन तीन विकेट लिए।  (भाषा)

 
लेखक के बारे में
WD Sports Desk
वेबदुनिया स्पोर्ट्स टीम खेलों की दुनिया से जुड़ी हर खबर को विस्तार से पेश करती है। क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी या अन्य खेलों पर आधारित लेख और न्यूज़ से लेकर महत्वपूर्ण मैचों की अपडेट्स और खेल जगत की खास घटनाएं, यह टीम पाठकों को पूरी जानकारी प्रदान करती है। स्पोर्ट्स टीम.... और पढ़ें
अगला लेख
वह भूखा होगा, गावस्कर को ऑस्ट्रेलिया में कोहली के अच्छे प्रदर्शन का यकीन