1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. Rohit Sharma hits the net after leaving the quarantine

फैंस के लिए खुशखबरी, कोरोना से जंग जीतकर नेट्स पर पहुंचे रोहित शर्मा (Video)

Rohit Sharma
बर्मिंघम:कोविड रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद भारतीय कप्तान रोहित शर्मा आइसोलेशन से बाहर आ गए हैं और अब इंग्लैंड के ख़िलाफ़ सीमित ओवरों की सीरीज़ के लिए उपलब्ध होंगे, जिसकी शुरुआत साउथैंप्टन में 7 जुलाई को पहले टी20 अंतर्राष्ट्रीय से होगी।

लीसेस्टरशायर के ख़िलाफ़ चार दिवसीय अभ्यास मैच के दौरान पॉज़िटिव पाए जाने के बाद रोहित, इंग्लैंड के ख़िलाफ़ जारी पांचवें टेस्ट से बाहर हो गए थे।अगर वह अंतिम टेस्ट में भी टीम का हिस्सा होेते तो उनके पास सीरीज के सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बनने का मौका मिलता।

रोहित की कोविड रिपोर्ट निगेटिव आई है और मेडिकल प्रोटोकॉल के अनुसार अब वह क्वारंटीन से बाहर है। हालांकि वह नॉर्थैंप्टनशायर के ख़िलाफ़ टी20 अभ्यास मैच नहीं खेलेंगे, क्योंकि पहले टी20 अंतर्राष्ट्रीय से पहले उसे कुछ रिकवरी और ट्रेनिंग की ज़रूरत होगी।

मेडिकल प्रोटोकॉल के अनुसार कोई भी खिलाड़ी जो क्वारंटीन से बाहर निकलता है, उसे अनिवार्य हृदय परीक्षण से गुज़रना पड़ता है, जिसमें कोविड के बाद खिलाड़ी के फेफड़ों की क्षमता की जांच की जाती है।

1 जुलाई से शुरू हुए टेस्ट से पहले रोहित की रिपोर्ट तीन बार पॉज़िटिव रिपोर्ट आई थी और इसलिए जसप्रीत बुमराह के रूप में भारत को एक नया टेस्ट कप्तान मिला। रोहित सीमित ओवरों की सीरीज़ के पहले मैच में खेलेंगे और दूसरे मैच से विराट कोहली, बुमराह, ऋषभ पंत और रवींद्र जाडेजा समेत टेस्ट मैच में हिस्सा ले रहे खिलाड़ी उपलब्ध होंगे।

इंग्लैंड के खिलाफ वनडे और टी-20 सीरीज में रोहित शर्मा टीम इंडिया की कप्तानी करेंगे। पिछले साल नवंबर से जब से रोहित शर्मा को टीम इंडिया की कप्तानी मिली है उनकी अगुवाई में एक भी मैच भारत नहीं हारा है।

हालांकि यह सारे मैच 9 टी20 और 6 वनडे मैच घरेलू मैदान पर ही खेले गए थे। अब यह देखना है कि रोहित शर्मा यह रिकॉर्ड विदेशी धरती पर भी बरकरार रख पाते हैं या नहीं।बहरहाल फैंस तो इस बात से ही खुश हैं कि उन्होंने इंग्लैंड में नेट प्रैक्टिस शुरु कर दी है।
अगला लेख
कोहली और बेरेस्टो की जुबानी जंग के बाद क्या कहा शतकवीर बल्लेबाज ने (Video)