शनिवार, 28 सितम्बर 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. India's Veteran First Class Cricketer Vasant Raiji dies at the age of 100
Written By
Last Updated : शनिवार, 13 जून 2020 (14:55 IST)

भारत के सबसे वयोवृद्ध प्रथम श्रेणी क्रिकेटर वसंत रायजी का 100 वर्ष की उम्र में निधन

भारत के सबसे वयोवृद्ध प्रथम श्रेणी क्रिकेटर वसंत रायजी का 100 वर्ष की उम्र में निधन - India's Veteran First Class Cricketer Vasant Raiji dies at the age of 100
मुंबई। भारत के प्रथम श्रेणी के सबसे वयोवृद्ध क्रिकेटर वसंत रायजी का शनिवार को निधन हो गया। वह 100 साल के थे। उनके परिवार में पत्नी और दो बेटियां है। उनके दामाद सुदर्शन नानावती ने बताया, ‘दक्षिण-मुंबई के वालकेश्वर के अपने घर में तड़के दो बजकर बीस मिनट पर नींद में ही उनका निधन हो गया।’ 
 
दाएं हाथ के बल्लेबाज रायजी ने 1940 के दशक में नौ प्रथम श्रेणी मैच खेले। उन्होंने कुल 277 रन बनाए जिसमें उनका सर्वाधिक स्कोर 68 रन था। उन्होंने 1939 में क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया की टीम के लिए पदार्पण किया और वह नागपुर में मध्य प्रांत तथा बरार के खिलाफ खेलने टीम का हिस्सा थे। 
 
मुंबई के लिए उन्होंने 1941 में पदार्पण किया और विजय मर्चेंट की अगुवाई में पश्चिमी भारत के खिलाफ मैदान में उतरे। रायजी क्रिकेट इतिहासकार और चार्टर्ड अकाउंटेंट भी थे। वह जब 13 साल के थे तब भारतीय टीम ने बॉम्बे जिमखाना में अपना पहला टेस्ट मैच खेला था। 
 
जनवरी में जब रायजी 100 वां जन्मदिन मना रहे थे तब दिग्गज क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर और पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीव वॉ ने उनसे शिष्टाचार भेंट की थी। यह पता चला है कि उनका अंतिम संस्कार शनिवार दोपहर को दक्षिण मुंबई के चंदनवाड़ी शमशान में होगा। (भाषा)