पर्यटन के क्षेत्र में अच्छा करियर किस प्रकार बनाया जा सकता है? -कल्याणसिंह राठौर, कुरूद (धमतरी)
WD
- बारहवीं या स्नातक डिग्री के उपरांत यात्रा और पर्यटन उद्योग में करियर बनाया जा सकता है। इनमें निजी एवं सार्वजनिक दोनों ही क्षेत्रों में रोजगार की उजली संभावनाएँ हैं। केंद्र एवं राज्य सरकारों के पर्यटन विभाग के अलावा बड़े-बड़े होटल समूहों, एयरलाइंस, ट्रेवल्स एजेंसियों को इस क्षेत्र में जानकार लोगों की जरूरत होती है।
बारहवीं उत्तीर्ण युवा बैचलर ऑफ टूरिज्म स्टडीज या इसी से जुड़े अन्य कोर्स कर सकते हैं। इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टूरिज्म एंड ट्रेवल्स मैनेजमेंट, ग्वालियर। देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर। इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टूरिज्म एंड ट्रेवल्स मैनेजमेंट, 9, चाणक्यपुरी, नई दिल्ली आदि में पर्यटन संबंधी कोर्स उपलब्ध हैं।
हेरिटेज मैनेजमेंट क्या है? यह कोर्स कहाँ से किया जा सकता है? -चंद्रप्रकाश साहू, बालगढ़ (देवास) - अगर आप इतिहास को खंगालने के शौकीन हैं और इसके जरिए कई तरह की नई चीजों का पता लगाना चाहते हैं तो हेरिटेज मैनेजमेंट में आपके लिए ढेरों अवसर हैं। कला वीथिकाओं और संग्रहालय की देखभाल, इतिहास और हेरिटेज के बारे में रिसर्च करना तथा लोगों को इनके बारे में बताना हेरिटेज मैनेजमेंट के अंतर्गत आता है।
बारहवीं कक्षा उत्तीर्ण युवाओं के लिए यूनिवर्सिटी ऑफ मुंबई हेरिटेज मैनेजमेंट में डिग्री कोर्स संचालित करती है। दिल्ली इंस्टीट्यूट ऑफ हेरिटेज कंजर्र्वेशन एंड प्रिजर्वेशन भी कई कोर्स संचालित करता है। इनके अलावा हेरिटेज मैनेजमेंट का कोर्स कराने वाले प्रमुख संस्थान हैं : आर्कियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया, 24, तिलक मार्ग, नई दिल्ली। नेशनल म्यूजियम इंस्टीट्यूट ऑफ हिस्ट्री एंड आर्ट, जनपद, नई दिल्ली, यूनिवर्सिटी ऑफ कोलकाता आदि।
साइंस जर्नलिज्म क्या है? इससे संबंधित कोर्स कहाँ उपलब्ध है? -जान्हवी कासलीवाल, इंदौर - वर्तमान समय में प्रिंट मीडिया तथा इलेक्ट्रॉनिक मीडिया बहुत तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस क्षेत्र में अच्छा करियर बनाने के लिए साइंस जर्नलिज्म या विज्ञान पत्रकारिता बेहतर करियर विकल्प है। सरकारी और प्राइवेट चैनलों, न्यूज चैनलों, डिस्कवरी तथा नेशनल ज्योग्रॉफिक चैनलों पर विज्ञान पृष्ठभूमि से जुड़े कई कार्यक्रमों का प्रसारण होता है।
प्रिंट मीडिया में भी विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विषयों पर पर्याप्त सामग्री प्रकाशित की जाती है। विज्ञान पृष्ठभूमि के छात्र विज्ञान पत्रकारिता में बैचलर डिग्री, पीजी डिप्लोमा तथा डिप्लोमा पाठ्यक्रम एक वर्ष से तीन वर्ष के बीच कर सकते हैं। साइंस जर्नलिज्म का कोर्स कराने वाले प्रमुख संस्थान हैं : स्कूल ऑफ फ्यूचर स्टडीज, देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर। इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन इन साइंस एंड टेक्नोलॉजी, सीपीएमटी लखनऊ। डिपार्टमेंट ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन, कामराज विश्वविद्यालय, मदुरई।
मैं शारीरिक रूप से विकलांग हूँ। मैं स्वयं का व्यवसाय प्रारंभ करना चाहता हूँ। कृपया मार्गदर्शन दें। -राजेश मीणा, नरसिंहपुर - आप अपनी रुचि से संबंधित इकाई, जिसमें आप अपनी कुशलता दिखा सकें की स्थापना कर सकते हैं। राष्ट्रीय विकलांग वित्त एवं विकास निगम, भारत सरकार की योजना के अंतर्गत विकलांग व्यक्तियों के लिए ऋण मुहैया कराता है। इनकी योजनाओं की जानकारी आप अपने जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र से प्राप्त कर सकते हैं। आप इस हेतु राष्ट्रीय विकलांग वित्त एवं विकास निगम, कल्याण मंत्रालय भारत सरकार, रेडक्रॉस भवन, उपसचिवालय के सामने, सेक्टर-12, फरीदाबाद, हरियाणा से भी संपर्क कर सकते हैं।
पर्सोनेल मैनेजमेंट का पत्राचार पाठ्यक्रम मध्यप्रदेश के किस विश्वविद्यालय में उपलब्ध है? निखिल राजपूत, शुजालपुर - स्नातक के उपरांत पीजी डिप्लोमा इन पर्सोनेल मैनेजमेंट पाठ्यक्रम हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय, सागर से पत्राचार द्वारा किया जा सकता है।
चार्टर्ड फाइनेंशियल एनालिस्ट (सीएफए) का कोर्स करने के बाद रोजगार के क्या अवसर हैं? -पायल सक्सेना, सुठालिया (राजगढ़-ब्यावरा) - सीएफए करने वाले युवा अंतरराष्ट्रीय वित्त, बैंकिंग, सूचना प्रौद्योगिकी, बीमा, बेंचर केपिटल, इन्वेस्टमेंट आदि क्षेत्रों में कार्य कर सकते हैं।
क्लिनिकल साइकोलॉजी का कोर्स कराने वाले प्रमुख संस्थानों की जानकारी दें। -संजय शर्मा, इंदौर - क्लिनिकल साइकोलॉजी का कोर्स कराने वाले प्रमुख संस्थान हैं : नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मेंटल हेल्थ एंड न्यूरो साइंस, बंगलोर। आईआईटी, खड़गपुर। राष्ट्रीय मानसिक विकलांग संस्थान, लखनऊ।
उपभोक्ता संरक्षण में प्रमाण-पत्र पाठ्यक्रम पत्राचार माध्यम से कहाँ उपलब्ध हैं? -हेमलता जाट, बड़नगर (उज्जैन) - पत्राचार माध्यम से उपभोक्ता संरक्षण में प्रमाण-पत्र पाठ्यक्रम इंदिरा गाँधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय, नई दिल्ली में उपलब्ध हैं।
दसवीं कक्षा के उपरांत नर्सिंग का कोर्स कराने वाले संस्थानों की जानकारी दें। - बरखा वर्मा, देपालपुर (इंदौर) - नर्सिंग का कोर्स बारहवीं के बाद किया जाता है। किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान में दसवीं के बाद नर्सिंग कोर्स उपलब्ध नहीं है।
मैं बारहवीं कक्षा का गणित समूह का छात्र हूँ। वायुसेना में अभी से जाने का रास्ता क्या है?- कन्हैयालाल यादव, झाबुआ - वायुसेना में जाने के लिए सबसे अच्छा विकल्प बारहवीं कक्षा के बाद नेशनल डिफेंस एकेडमी (एनडीए) से एयरफोर्स विंग के लिए चयनित होना है। बारहवीं कक्षा में विज्ञान (गणित) रखने वाले छात्र इस परीक्षा में शामिल हो सकते हैं।
प्लांट प्रोटेक्टर का कोर्स कहाँ से किया जा सकता है? -रजत राजानी, शिवपुरी - प्लांट प्रोटेक्टर का डिग्री पाठ्यक्रम इन संस्थानों में उपलब्ध है : जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय, जबलपुर। कॉलेज ऑफ एग्रीकल्चरल इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, हिसार (हरियाणा), बिरला एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी, राँची।