गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. व्यापार
  3. समाचार
  4. Petrol Diesel rates in 4 metro cities on 26 June
Written By
Last Updated : शनिवार, 26 जून 2021 (14:41 IST)

पेट्रोल 35 पैसे महंगा, 37 पैसे बढ़े डीजल के दाम, दिल्ली में पेट्रोल 98 रुपए पार

पेट्रोल 35 पैसे महंगा, 37 पैसे बढ़े डीजल के दाम, दिल्ली में पेट्रोल 98 रुपए पार - Petrol Diesel rates in 4 metro cities on 26 June
नई दिल्ली। पेट्रोल-डीजल की कीमतों में शनिवार को एक बार फिर बढ़ोतरी की गई। इसके बाद मुंबई में पेट्रोल 104 रुपए, चेन्नई में 99 रुपए और दिल्ली में 98 रुपए प्रति लीटर के पार पहुंच गया। डीजल भी मुंबई में 96 रुपए प्रति लीटर से ऊपर चला गया है। मध्यप्रदेश, राजस्थान, महाराष्‍ट्र समेत कई राज्यों में पेट्रोल 100 रुपए के पार पहुंच गया है। श्रीगंगानगर समेत कई शहरों में तो डीजल की कीमतें भी 3 अंकों में पहुंच गई।
 
तेल विपणन कंपनियों ने देश के चार बड़े महानगरों में पेट्रोल की कीमत शनिवार को 35 पैसे तक और डीजल की कीमत 37 पैसे तक बढ़ा दिए। इससे पहले शुक्रवार को दोनों ईंधनों के दाम स्थिर रहे थे।
 
तेल विपणन कंपनी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के अनुसार, आज दिल्ली में पेट्रोल और डीजल का मूल्य 35-35 पैसे बढ़ा। इस वृद्धि के बाद यहां पेट्रोल 98.11 रुपए और डीजल 88.65 रुपए प्रति लीटर के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया।
 
दिल्ली में जून में अब तक पेट्रोल का मूल्य 3.88 रुपए और डीजल की कीमत 3.50 रुपए बढ़ चुकी है। इससे पहले मई में पेट्रोल 3.83 रुपए और डीजल 4.42 रुपए महंगा हुआ था।
 
मुंबई में पेट्रोल का दाम 33 पैसे बढ़कर 104.22 रुपए प्रति लीटर हो गया। यह पहली बार 104 रुपए के पार गया है। डीजल 37 पैसे महंगा होकर 96.16 रुपए प्रति लीटर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया।
 
चेन्नई में पेट्रोल 31 पैसे महंगा होकर 99.19 रुपए और डीजल 34 पैसे महंगा होकर 93.23 रुपए प्रति लीटर के भाव बिका। कोलकाता में पेट्रोल 34 पैसे और डीजल 35 पैसे महंगा हुआ। एक लीटर पेट्रोल वहां 97.97 रुपए का और डीजल 91.50 रुपए का हो गया।