• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. व्यापार
  3. समाचार
  4. Delhi Sarafa market
Written By
Last Modified: नई दिल्ली , मंगलवार, 10 जनवरी 2017 (15:38 IST)

सोना फिर 29 हजारी, चांदी भी चमकी

Gold
नई दिल्ली। वैश्विक स्तर पर दोनों कीमती धातुओं में तेजी से मंगलवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 330 रुपए चमककर पांच सप्ताह बाद 29 हजार के पार पहुंच गया। चांदी भी 350 रुपए की तेजी के साथ करीब चार सप्ताह के उच्चतम स्तर पर 40,750 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई।
 
लंदन एवं न्यूयॉर्क से मिली जानकारी के अनुसार, अंतर्राष्ट्रीय बाजार में आज सोना हाजिर 1.65 डॉलर चढ़कर 1,183.75 डॉलर प्रति औंस पर रहा। कारोबार के दौरान इसने एक महीने से ज्यादा के उच्चतम स्तर को भी छुआ था। हालांकि, फरवरी का अमेरिकी सोना वायदा 1.2 डॉलर टूटकर 1,183.70 डॉलर प्रति औंस पर आ गया।
 
बाजार विश्लेषकों ने बताया कि दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर के कमजोर पड़ने तथा ब्रिटेन के यूरोपीय संघ से अलग होने के बाद होने वाले आर्थिक उथल-पुथल के मद्देनजर निवेशकों के सुरक्षित धातु का रुख करने से सोने में तेजी आई है।
 
ब्रितानी प्रधानमंत्री थेरेसा मे ने गत सप्ताहांत कहा था कि यूरोपीय संघ से अलग होने के बाद ब्रिटेन उससे अपने व्यापारिक रिश्ते पर पुनर्विचार करेगा। इस बीच लंदन में चांदी हाजिर भी 0.04 डॉलर चढ़कर 16.60 डॉलर प्रति औंस के भाव बिकी। (भाषा) 
 
ये भी पढ़ें
पंजाब में 'आप' के सीएम उम्मीदवार केजरीवाल : मनीष सिसोदिया