1. चुनाव 2024
  2. विधानसभा चुनाव 2024
  3. झारखंड विधानसभा चुनाव 2024
  4. amit shah attacks rahul gandhi in jharkhand

अमित शाह का दावा, राहुल गांधी ने दिखाई संविधान की फर्जी प्रति

amit shah
Amit Shah Jharkhand rally : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर संविधान की फर्जी प्रति दिखाकर उसका अपमान करने और मजाक उड़ाने का आरोप लगाया। शाह ने यह भी दावा किया कि भाजपा कभी भी कांग्रेस को अल्पसंख्यकों के लिए आरक्षण लागू नहीं करने देगी।
 
उन्होंने पलामू में भाजपा की एक रैली को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि राहुल गांधी संविधान की प्रति दिखाते हैं। दो दिन पहले उनका पर्दाफाश हो गया। किसी को संविधान की वह प्रति मिल गयी जो वह दिखाते हैं। उस प्रति के मुख पृष्ठ पर भारत का संविधान लिखा हुआ था लेकिन उसमें कोई सामग्री नहीं थी...संविधान का मजाक मत उड़ाइए। यह विश्वास का सवाल है। संविधान की फर्जी प्रति दिखाकर, आपने भीम राव आंबेडकर और संविधान सभा का अपमान किया है। कांग्रेस पार्टी ने संविधान को मजाक बना दिया है।
 
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाने का फैसला किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ओबीसी, आदिवासियों और दलितों का आरक्षण छीनने पर तुली हुई है और उसने इसे अल्पसंख्यकों को देने की योजना बनायी है।
 
उन्होंने कहा कि कांग्रेस अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) को आरक्षण के खिलाफ है, उसने महाराष्ट्र में उलेमाओं के एक प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के दौरान अल्पसंख्यकों को 10 प्रतिशत आरक्षण देने का वादा किया है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा कभी धर्म के आधार पर आरक्षण देने नहीं देगी। उन्होंने कश्मीर में अनुच्छेद 370 बहाल करने की कांग्रेस की कथित कोशिशों के लिए भी उस पर निशाना साधा।
 
शाह ने कहा कि कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है। मैं राहुल गांधी को चुनौती देता हूं कि आपकी चौथी पीढ़ी भी अनुच्छेद 370 वापस नहीं ला सकती। उन्होंने झारखंड में झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) नीत गठबंधन पर भी निशाना साधते हुए उसे देश में सबसे भ्रष्ट सरकार बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कहते हैं कि घुसपैठ भाजपा का राजनीतिक एजेंडा है। मैं कहता हूं कि यह मुख्यमंत्री का वोट बैंक है...भ्रष्ट लोगों को उल्टा लटका देंगे।
 
झारखंड में 81 सदस्यीय विधानसभा चुनाव के तहत मतदान 13 और 20 नवंबर को होना है तथा मतगणना 23 नवंबर को होगी। (भाषा) 
Edited by : Nrapendra Gupta 
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
महंगा पड़ा भाजपा प्रत्याशी से सवाल, समर्थकों ने रैली से निकाला