1. खेल-संसार
  2. आईपीएल 2022
  3. आईपीएल 2022 न्यूज़
  4. Aussie all rounder Mitchell Marsh ruled out of Pakistan ODI seris

दिल्ली को बड़ा झटका, टी-20 विश्वकप के मैन ऑफ द सीरीज मिचेल मार्श हुए चोटिल

Mitchell Marsh
लाहौर: ऑस्ट्रेलिया के स्टार ऑलराउंडर मिचेल मार्श के पाकिस्तान के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज से बाहर होने की संभावना है और उनका दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के इस सत्र में भी खेलना संदिग्ध है।

दिल्ली कैपिटल्स ने मार्श को आईपीएल नीलामी में 6.5 करोड़ रुपये में खरीदा था। उन्हें पाकिस्तान के खिलाफ सीमित ओवरों की श्रृंखला समाप्त होने के बाद छह अप्रैल को दिल्ली की टीम से जुड़ना था लेकिन अब उनकी उपलब्धता चोट की स्थिति पर निर्भर करेगी।

मार्श ने पिछले साल टी20 अंतरराष्ट्रीय में 627 रन बनाकर एक कैलेंडर वर्ष में सर्वाधिक रन का ऑस्ट्रेलियाई रिकॉर्ड बनाया था। वह इस ही साल टी-20 में सर्वाधिक रन बनाने वाले विश्व के चौथे बल्लेबाज भी थे। इसके अलावा वह टी-20 विश्वकप में मैन ऑफ द सीरीज का पुरुस्कार जीत चुके हैं।

कप्तान आरोन फिंच ने मार्श के प्रशिक्षण के दौरान चोटिल होने की जानकारी दी है।

सीरीज के यहां गद्दाफी स्टेडियम में मंगलवार को खेले जाने वाले पहले वनडे मैच में कैमरन ग्रीन के चोटिल मार्श की जगह लेने की संभावना है। फिंच ने क्रिकेट.एयू.कॉम को दिए बयान में कहा, “ मुझे नहीं लगता कि मार्श जैसा महसूस कर रहे हैं, उस हिसाब से वह इस श्रृंखला के लिए उपलब्ध होंगे। वह रविवार को फील्डिंग अभ्यास में शामिल हुए थे। यह एक उच्च तीव्रता अभ्यास था। वह गेंद पकड़ने के लिए नीचे झुके। उन्होंने एक हाथ से गेंद को पकड़ा और जैसे ही वह थ्रो फेंकने लगे तो उनकी कलाई मुड़ गई। ”

उल्लेखनीय है कि ग्रीन ने पहली पारी में महत्वपूर्ण 79 रनों के साथ तीसरे और निर्णायक टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। वहीं उन्हाेंने इन-फॉर्म सलामी बल्लेबाज अब्दुल्ला शफीक का विकेट भी लिया।

कप्तान फिंच ने कहा, “ ग्रीन शायद मध्य क्रम में बल्लेबाजी करेंगे। हम देख रहे हैं कि वह एक बहुत प्रतिभाशाली क्रिकेटर हैं। वह ऐसे खिलाड़ी हैं जो अब तक अपने टेस्ट करियर में काफी कंसिस्टेंट रहे हैं। बल्ले और गेंद के साथ उनके प्रभाव को कम करके नहीं आंका जा सकता है। मैं ग्रीन के टीम में अवसर के लिए सच में उत्साहित हूं। ”
अगला लेख
आयुष बदोनी ने मौके को भुनाया, केएल राहुल ने बताया था एबी जैसा खिलाड़ी