गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. कोरोना वायरस के कारण चीन की आर्थिक राजधानी शंघाई में सन्नाटा पसरा
Written By वेबदुनिया न्यूज डेस्क
Last Updated : शुक्रवार, 7 फ़रवरी 2020 (22:14 IST)

कोरोना वायरस के कारण चीन की आर्थिक राजधानी शंघाई में सन्नाटा पसरा

Corona virus | कोरोना वायरस के कारण चीन की आर्थिक राजधानी शंघाई में सन्नाटा पसरा
शंघाई। कोरोना वायरस (coronavirus) के 25 से अधिक देशों में फैलने से बढ़ी चिंताओं के बीच चीन की आर्थिक राजधानी कहे जाने वाले शंघाई (shanghai) शहर की हालत बेहद खराब हो चुकी है। हमेशा दिखने वाली चहल-पहल कोरोना वायरस की वजह से सन्नाटे में तब्दील हो गई है। यहां पर रहने वाले एक व्यक्ति ने शंघाई के ताजा हालात पर सोशल मीडिया में एक वीडियो जारी किया है। 
 
इस वीडियो में यह व्यक्ति कह रहा है कि मैं इस वक्त शंघाई में हूं। मुझे यहां एक भी व्यक्ति नजर नहीं आ रहा है। यह अजीब और अविश्‍वसनीय है। शंघाई के हालात बयां करने वाली यह वीडियो क्लिप सचमुच डराने जैसी है। हमेशा भीड़भाड़ और लोगों की धक्कमपेल से आबाद रहने वाले इस शहर की ऐसी हालत होगी, ऐसा तो किसी ने ख्वाब में भी नहीं सोचा था।
 
भारत में जिस तरह मुंबई को देश की आर्थिक राजधानी कहा जाता है, ठीक उसी तरह चीन में शंघाई का स्थान है। शंघाई की कुल जनसंख्या 2019 तक के आंकड़ों के अनुसार लगभग 2 करोड़ 63 लाख 17 हजार है। इस जनसंख्या में 2018 की तुलना में 2.87% की वृद्धि हुई है। यहां बड़ी-बड़ी इमारतें और व्यावसायिक संस्थान हैं, लेकिन लगता है कि कोराना वायरस ने यहां के लोगों को डंक मार दिया है। 
कोरोना वायरस की चपेट में चीन की अर्थव्यवस्था : कोराना वायरस का सीधा असर चीन की अर्थव्यवस्था पर पड़ा है। चीन का प्रमुख शेयर सूचकांक शंघाई लगातार गिरता ही जा रहा है। बीते सोमवार को शंघाई शेयर बाजार में 8% की गिरावट दर्ज की गई थी। यह चीन के बाजार की 5 साल की सबसे बड़ी गिरावट थी। हालांकि चीन के नियामकों ने बाजार को स्थिर करने के लिए कई कदम उठाए हैं।
 
चीन सरकार 2008 में वैश्विक मंदी और 2002-2003 में सार्स बीमारी के फैलने के बाद बाजारों में उथल-पुथल को रोकने के दौरान भी इस तरह के कदम उठा चुकी है। चीन की अधिकतर बड़ी कंपनियां और वित्तीय संस्थान सरकार के नियंत्रण में हैं। रविवार को चीन के केंद्रीय बैंक ने बाजार में 1,200 अरब युआन (173 अरब डॉलर) की अतिरिक्त नकद राशि झोंकने की योजना की घोषणा की थी।
 
चीन में अब तक 636 लोगों की मौत : कोरोना वायरस के कारण चीन में अब तक 636 लोग मौत के मुंह में समा चुके हैं। शुक्रवार के दिन 73 लोगों की मौत हो गई, इनमें अकेले हुबेई प्रांत के 69 लोग शामिल हैं। चीन में जानलेवा कोरोना वायरस के 3,143 नए मामलों की पुष्टि हुई है और कुल 31,161 लोगों में इस संक्रमण के लक्षण पाए गए हैं।
ये भी पढ़ें
Corona virus के प्रति सतर्क करने वाले चीनी डॉक्टर ली वेनलियांग की मौत