शनिवार, 27 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. Mediterranean Sea
Written By
Last Updated : सोमवार, 4 जून 2018 (23:44 IST)

भूमध्य सागर में डूबने से 100 से अधिक लोगों की मौत की आशंका

भूमध्य सागर में डूबने से 100 से अधिक लोगों की मौत की आशंका - Mediterranean Sea
ट्यूनिश। संयुक्त राष्ट्र की आव्रजन एजेंसी ने भूमध्य सागर में नौका पलटने की घटना में 100 से अधिक लोगों के मारे जाने की आशंका जताई है। ट्यूनीशिया की नौसेना पीड़ितों की तलाशी के लिए सोमवार को अभियान चला रही है।
 
 
ट्यूनीशिया के अधिकारियों ने बताया कि देश के दक्षिणी शहर सफाक्स के निकटवर्ती तट के पास से रविवार को 48 शव बरामद किए गए थे, जबकि 68 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। यह हिस्सा सफाक्स शहर के नजदीक है। हादसे में बचे ट्यूनीशिया के वाएल फरजानी ने बताया कि नौका की अधिकतम क्षमता 75 से 90 लोगों की थी लेकिन उसमें 180 से ज्यादा लोग सवार थे।
 
सफाक्स के नौसेना अड्डे के कमांडर मोहम्मद सलाह सगामा ने बताया कि लोगों की तलाश के लिए सोमवार को वैश्विक समयानुसार सुबह 4 बजे अभियान फिर से शुरू किया गया। नौसेना की 9 इकाइयों, 1 हेलीकॉप्टर और गोताखारों की मदद से अभियान शुरू किया गया।
 
उन्होंने बताया कि सोमवार के अभियान के पहले 4 घंटों के दौरान कोई अन्य शव नहीं मिला है। कमांडर ने बताया कि तेज हवाओं और कम दृश्यता के कारण बचाव अभियान प्रभावित हुआ है। ट्यूनीशिया के लोग और शरणार्थी नियमित तौर पर यूरोप में बेहतर भविष्य की तलाश के लिए भूमध्य सागर पार करने की कोशिश करते हैं। मार्च में 120 ट्यूनीशियाइयों को बचाया गया था। वे इटली पहुंचने की कोशिश कर रहे थे। (भाषा)
ये भी पढ़ें
ग्वाटेमाला में ज्वालामुखी फटने से 33 की मौत, 300 घायल