केजरीवाल ने की मुंबई जाम, लोग परेशान
-मुंबई से संदीपसिंह सिसोदिया
आम आदमी पार्टी के शीर्ष नेता अरविन्द केजरीवाल का बुधवार को मुंबई में आना मुंबईकरों के लिए परेशानी का सबब बन गया। केजरीवाल के मुंबई एयरपोर्ट से अंधेरी तक ऑटो में आने की वजह से सुबह से ही मुंबई के कई उपनगरों में ट्रैफिक जाम होता रहा। यही नहीं एक रिक्शे में 5-6 आप कार्यकर्ता बैठ गए और यहां के सख्त यातायात नियमों की धज्जियां उड़ा दीं। जब मुंबई पुलिस के अधिकारियों ने उनसे ऐसा न करने के लिए कहा तो कार्यकर्ता सिर्फ नारेबाजी करते रहे और हद तो तब हो गई जब केजरीवाल चर्चगेट स्टेशन पर पहुंचे। यहां आप पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया।केजरीवाल के साथ पहुंचे सैकड़ों आप कार्यकर्ताओं ने चर्चगेट स्टेशन पर यात्रियों के साथ धक्का-मुक्की भी की। इसके बाद स्टेशन के दरवाजों पर सुरक्षा के लिए लगे मेटल डिटेक्टरों को भी नीचे गिरा कर तोड़ दिया।
गिरते-गिरते बचे केजरीवाल... पढ़ें अगले पेज पर...
कार्यकर्ताओं के अति उत्साह से अरविंद केजरीवाल भी बच नहीं पाए और उन्हें भी कई बार भीड़ में इस धक्का-मुक्की का शिकार होना पड़ा। कई बार तो वे खुद भी गिरते-गिरते बचे। इस आपधापी में मीडियाकर्मियों की भी बुरी हालत हो गई। जब एक टीवी चैनल की रिपोर्टर ने एक आप कार्यकर्ता से मेटल डिटेक्टर को गिराने पर सवाल पूछा तो उसने बेहद बदतमीजी से कहा कि मेटल डिटेक्टर ही गलत लगे हैं और उन्हें तो गिरना ही चाहिए।