शुक्रवार, 5 जुलाई 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट विश्व कप 2023
  3. क्रिकेट विश्व कप 2023 न्यूज
  4. Injury hit Srilankans and South Africans needs to pull up socks to kick start the campaign
Written By
Last Updated : शुक्रवार, 6 अक्टूबर 2023 (15:47 IST)

चोटों की चिंता से गुजर रही हैं दोनों टीमें, लंका का अफ्रीका पर पलड़ा भारी

चोटों की चिंता से गुजर रही हैं दोनों टीमें, लंका का अफ्रीका पर पलड़ा भारी - Injury hit Srilankans and South Africans needs to pull up socks to kick start the campaign
चोटों से जूझ रही दक्षिण अफ्रीका और श्रीलंका की टीमों को उम्मीद होगी कि उनके अनुभवी खिलाड़ी उम्मीदों पर खरे उतरेंगे और शनिवार को यहां दोनों टीम के बीच होने वाले विश्व कप मुकाबले को जीतकर विजयी शुरुआत करेंगे।

दक्षिण अफ्रीका की टीम चोटिल तेज गेंदबाजों एनरिच नोर्खिया और सिसांडा मगाला के बिना उतरेगी जबकि श्रीलंका को सीमित ओवरों के उसके सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज लेग स्पिनर वानिंदु हसरंगा की सेवाएं नहीं मिलेंगी। श्रीलंका के मुख्य तेज गेंदबाज दुष्मंता चमीरा और लाहिरू मदुशंका भी चोटिल हैं।

नोर्खिया की गैरमौजूदगी में दक्षिण अफ्रीका की टीम अनुभवी कागिसो रबादा और 23 साल के गेराल्ड कोएट्जी पर काफी निर्भर करेगी। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हाल में हुई श्रृंखला में केशव महाराज और तबरेज शम्सी की स्पिन जोड़ी सफल रही थी लेकिन भारत में इनका रिकॉर्ड काफी अच्छा नहीं है। अनुकूल हालात में हालांकि वे इसमें सुधार करना चाहेंगे।

आक्रामक बल्लेबाज डेविड मिलर और कप्तान तेम्बा बावुमा अच्छी फॉर्म में हैं। शीर्ष क्रम में विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक के साथ बावुमा की जोड़ी श्रीलंका के लिए खतरनाक साबित हो सकती है।

 हेनरिक क्लासेन के पास पहली ही गेंद से विरोधी आक्रमण को ध्वस्त करने की क्षमता है और वह दक्षिण अफ्रीका के लिए तुरुप का इक्का साबित हो सकते हैं जिसे अपनी पहली आईसीसी ट्रॉफी का इंतजार है।

दक्षिण अफ्रीका को उम्मीद होगी कि उनका बल्लेबाजी क्रम श्रीलंका के खिलाफ उम्मीदों पर खरा उतरेगा।
अहम गेंदबाजों की गैरमौजूदगी में श्रीलंका को महीश तीक्षणा और दुनिथ वेलालागे की स्पिन जोड़ी से काफी उम्मीदें होंगी। लाहिरू कुमारा, दिलशान मदुशंका, मथीसा पथिराना और कासुन रजिता तेज गेंदबाजी विभाग में जिम्मेदारी संभालेंगे।

दिमुथ करूणारत्ने, कुसाल परेरा, पथुम निसांका, सदीरा समरविक्रम और अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज कुसाल मेंडिस के रूप में श्रीलंका का बल्लेबाजी क्रम प्रभावी है। हालांकि सलामी बल्लेबाज निसांका और कप्तान दासुन शनाका की फॉर्म चिंता की बात हो सकती है।(भाषा)

टीमें इस प्रकार हैं:

दक्षिण अफ्रीका: तेम्बा बावुमा (कप्तान), गेराल्ड कोएट्जी, क्विंटन डिकॉक, रीजी हेंड्रिक्स, मार्को जेनसन, हेनरिक क्लासेन, केशव महाराज, एडेन मार्कराम, डेविड मिलर, लुंगी एनगिडी, एंडिले फेहलुकवायो, कागिसो रबादा, तबरेज शम्सी, रेस वान डेर डुसेन , लिजाद विलियम्स।

श्रीलंका: दासुन शनाका (कप्तान), कुसल मेंडिस, कुसाल परेरा, पथुम निसांका, लाहिरू कुमारा, दिमुथ करुणारत्ने, सदीरा समरविक्रम, चरिथ असलंका, धनंजय डिसिल्वा, महीश तीक्षणा, दुनिथ वेलालागे, कासुन राजिता, मथीशा पथिराना, दिलशान मदुशंका और दुशान हेमंता।

समय: मैच दोपहर दो बजे शुरू होगा।
ये भी पढ़ें
पहलवान सोनम मलिक और किरण विश्नोई ने जीते ब्रॉन्ज मेडल मैच