शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. कोरोना वायरस
  4. MP सहित 6 राज्यों में Covid 19 के दैनिक मामलों में आई तेजी, देश में मिले 62,258 नए मामले
Written By
Last Updated : शनिवार, 27 मार्च 2021 (16:45 IST)

MP सहित 6 राज्यों में Covid 19 के दैनिक मामलों में आई तेजी, देश में मिले 62,258 नए मामले

Corona virus | MP सहित 6 राज्यों में Covid 19 के दैनिक मामलों में आई तेजी, देश में मिले 62,258 नए मामले
नई दिल्ली। स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को कहा कि 6 राज्यों (महाराष्ट्र, पंजाब, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, गुजरात और मध्यप्रदेश) में कोविड-19 के दैनिक मामलों में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है और बीते 24 घंटों के दौरान सामने आए संक्रमण के 79.57 प्रतिशत मामले इन्हीं राज्यों से हैं।
 
मंत्रालय के मुताबिक भारत में कोविड-19 के उपचाराधीन रोगियों की संख्या 4,52,647 पहुंच गई है और फिलहाल यह देश में संक्रमण के कुल मामलों का 3.8 प्रतिशत है। मंत्रालय ने कहा कि बीते 24 घंटों के दौरान देश में संक्रमण के 62,258 नए मामले सामने आए, जो इस साल 1 दिन में सामने आए सर्वाधिक मामले हैं।

 
मंत्रालय ने कहा कि महाराष्ट्र में कोविड-19 के सर्वाधिक 36,902 नए मामले सामने आए। उसके बाद पंजाब में 3,122 और छत्तीसगढ़ में 2,665 नए मामले मिले। मंत्रालय के मुताबिक 10 राज्यों में कोविड-19 के मामले ऊपर जाते दिख रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक बीते 24 घंटों के दौरान उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 31,518 की बढ़ोतरी हुई है। 
 
देश में उपचाराधीन मामलों की कुल संख्या में से महाराष्ट्र, केरल और पंजाब की हिस्सेदारी सामूहिक रूप से 73 प्रतिशत है। मंत्रालय ने बताया कि देश में अब तक टीके की 5.8 करोड़ खुराक दी जा चुकी हैं।  शनिवार सुबह 7 बजे तक की शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक 9,45,168 सत्रों में टीके की 5.81 करोड़ से ज्यादा (5,81,09,773) खुराक दी जा चुकी हैं।

 
मंत्रालय के मुताबिक इनमें से 80,96,687 स्वास्थ्यकर्मियों को पहली खुराक, 51,44,011 स्वास्थ्यकर्मियों को दूसरी खुराक, अग्रिम मोर्चे के 87,52,566 कर्मियों को पहली खुराक और ऐसे 35,39,144 कर्मियों को दूसरी खुराक दी जा चुकी है।
 
मंत्रालय ने बताया कि विशिष्ट बीमारियों से ग्रस्त 45 साल से ज्यादा उम्र के 61,72,032 कर्मियों को पहली खुराक दी गई जबकि 60 साल से ज्यादा उम्र के 2,64,05,333 लोगों को भी टीके की पहली खुराक दी जा चुकी है। मंत्रालय ने कहा कि भारत टीके की खुराक दिए जाने की संख्या के मामले में (25 मार्च 2021 तक) दुनिया में दूसरे स्थान पर है। उसने कहा कि देश में अब तक दिए गए कुल टीकों में से 60 प्रतिशत 8 राज्यों में दिए गए। मंत्रालय ने कहा कि महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तरप्रदेश और गुजरात में टीके की 50 लाख से ज्यादा खुराक दी जा चुकी हैं। (भाषा)
ये भी पढ़ें
मेरठ में पंचायत चुनाव से पहले अवैध हथियार बनाने वाली फैक्टरी का पर्दाफाश