1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. कोरोना वायरस
  4. Coronavirus: Death toll in Pakistan crosses 3 and a half thousand

Coronavirus : पाकिस्तान में मृतकों का आंकड़ा साढ़े 3 हजार के पार

Coronavirus
इस्लामाबाद। पाकिस्तान में कोरोनावायरस (Coronavirus) से मरने वालों की तादाद रविवार को साढ़े 3 हजार के पार चली गई। वहीं सिंध प्रांत की सरकार के प्रवक्ता मुर्तज़ा वाहब के वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है।वाहब की जांच रिपोर्ट शनिवार को आई थी। उन्‍होंने खुद को घर में पृथक कर लिया है।

'द न्यूज़ इंटरनेशनल' ने वाहब के हवाले से कहा कि उनमें संक्रमण का कोई लक्षण नहीं दिख रहा और वे ठीक महसूस कर रहे हैं। राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा मंत्रालय के मुताबिक, पाकिस्तान में पिछले 24 घंटे में 4,951 नए मामले सामने आए।

इस दौरान 119 लोगों ने संक्रमण के कारण दम तोड़ दिया जिसके बाद मृतकों का आंकड़ा 3,501 हो गया है।संक्रमण के सबसे ज्यादा मामले सिंध प्रांत में हैं, जहां 67,353 लोग कोरोनावायरस से पीड़ित हुए हैं। पंजाब में 65,739, खैबर पख्तूनख्वा में 21,444, इस्लामाबाद में 10,662, बलूचिस्तान में 9,328, गिलगित बाल्तिस्तान में 1278 और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में 813 मामले हैं।

मुल्क में 67,892 मरीज कोरोनावायरस के संक्रमण से उबर चुके हैं। अधिकारियों ने 1,071,642 नमूनों की जांच की है। पिछले 24 घंटे में ही 28,855 नमूनों की जांच की गई है। देश में कोरोनावायरस के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं और अब तक कई जन प्रतिनिधि वायरस से संक्रमित हो चुके हैं।

पाकिस्तान में एक प्रांतीय मंत्री समेत कम से कम चार जनप्रतिनिधियों की इस बीमारी से मौत हो चुकी है। पाकिस्तान के सूचना प्रौद्योगिकी एवं दूरसंचार मंत्री सैयद अमीन-उल-हक के 16 जून को संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी।

सिंध की महिला बाल विकास मंत्री सैयदा शैहला रज़ा के भी जानलेवा संक्रमण से संक्रमित होने की पुष्टि हो चुकी है। पूर्व प्रधानमंत्री यूसुफ रज़ा गिलानी 13 जून को संक्रमित पाए गए थे।
विपक्षी पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज़ के प्रमुख शहबाज़ शरीफ 11 जून को कोविड-19 से संक्रमित पाए गए। रेलवे मंत्री शेख रशीद अहमद समेत अन्य नेताओं में भी वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई है।(भाषा)
अगला लेख
कोरोनावायरस Live Updates : राजस्थान में कोरोनावायरस से 4 और मौत, 154 नए मामले