रविवार, 20 अक्टूबर 2024
  • Webdunia Deals
  1. चुनाव 2023
  2. विधानसभा चुनाव 2023
  3. छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2023
  4. Campaign ends for 20 seats of first phase in Chhattisgarh
Written By
Last Modified: रायपुर , रविवार, 5 नवंबर 2023 (21:28 IST)

Chhattisgarh Election : छत्तीसगढ़ में पहले चरण की 20 सीटों के लिए प्रचार समाप्त, 7 नवंबर को होगा मतदान

Chhattisgarh Assembly Election 2023
Chhattisgarh Assembly Elections 2023 : छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 20 सीट के लिए रविवार शाम चुनाव प्रचार समाप्त हो गया। राज्य के नक्सल प्रभावित बस्तर क्षेत्र के 12 सीट समेत इन 20 विधानसभा क्षेत्रों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत कई बड़े नेताओं ने प्रचार किया है। इस चरण में नक्सल प्रभावित बस्तर संभाग के 7 जिलों तथा राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, कबीरधाम और खैरागढ़-छुईखदान के 20 सीट पर मतदान होगा।
 
अधिकारियों ने बताया कि पहले चरण में 20 विधानसभा क्षेत्रों में से 10 विधानसभा क्षेत्रों- मोहला-मानपुर, अंतागढ़, भानुप्रतापपुर, कांकेर, केशकाल, कोंडागांव, नारायणपुर, दंतेवाड़ा, बीजापुर और कोंटा में सुबह सात बजे से दोपहर तीन बजे तक तथा दस विधानसभा क्षेत्रों- पंडरिया, कवर्धा, खैरागढ़, डोंगरगढ़, राजनांदगांव, डोंगरगांव, खुज्जी, बस्तर, जगदलपुर और चित्रकोट में सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक मतदान होगा।
 
अधिकारियों ने बताया कि बस्तर क्षेत्र के कुछ मतदान केंद्रों के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच शनिवार से मतदान दलों को उनके गंतव्यों के लिए रवाना किया जा रहा है। बस्तर क्षेत्र में तैनात एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि संवेदनशील दूरदराज के इलाकों में मतदान केंद्रों तक ईवीएम, मतदान कर्मियों और मतदान सामग्री को पहुंचाने के लिए हेलीकॉप्टर की मदद ली जा रही है।
 
उन्होंने बताया कि सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, कांकेर और नारायणपुर के 156 मतदान केंद्रों से संबंधित कर्मियों को हेलीकॉप्टर से भेजा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि प्रथम चरण में 20 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 223 उम्मीदवार हैं जिनमें 198 पुरुष तथा 25 महिलाएं हैं। इस चरण में 40 लाख 78 हजार 681 मतदाता हैं जिनमें 19 लाख 93 हजार 937 पुरुष, 20 लाख 84 हजार 675 महिलाएं तथा 69 तृतीय लिंगी हैं। प्रथम चरण के लिए कुल 5304 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
 
उन्होंने बताया कि सबसे अधिक 29 उम्मीदवार राजनांदगांव निर्वाचन क्षेत्र में हैं, जबकि चित्रकोट और दंतेवाड़ा सीट पर सबसे कम सात-सात उम्मीदवार हैं। पहले चरण में कांग्रेस से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और सांसद दीपक बैज (चित्रकोट सीट), मंत्री कवासी लखमा (कोंटा), मोहन मरकाम (कोंडागांव), मोहम्मद अकबर (कवर्धा) और दिवंगत कांग्रेस नेता महेंद्र कर्मा के बेटे छविंद्र कर्मा (दंतेवाड़ा) प्रमुख उम्मीदवारों में शामिल हैं।
 
वहीं भाजपा से पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह (राजनांदगांव), राज्य के चार पूर्व मंत्री केदार कश्यप (नारायणपुर), लता उसेंडी (कोंडागांव), विक्रम उसेंडी (अंतागढ़) और महेश गागड़ा (बीजापुर) तथा पूर्व आईएएस अधिकारी नीलकंठ टेकाम (केशकाल) प्रमुख उम्मीदवार हैं।
 
कांग्रेस ने अपने वरिष्ठ ओबीसी नेता और छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन को राजनांदगांव से रमन सिंह के खिलाफ मैदान में उतारा है। राज्य में चुनाव लड़ रही आम आदमी पार्टी ने प्रदेश अध्यक्ष कोमल हुपेंडी को भानुप्रतापपुर सीट से मैदान में उतारा है। कांग्रेस विधायक अनूप नाग ने पार्टी से टिकट नहीं मिलने पर अपनी मौजूदा अंतागढ़ सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं।
 
प्रचार के आखिरी दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डोंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल डोंगरगढ़ का दौरा किया। प्रधानमंत्री ने जैन संत आचार्य विद्यासागर महाराज से मुलाकात की और मां बम्लेश्वरी देवी मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने वहां किसी भी सार्वजनिक रैली को संबोधित नहीं किया।
 
पहले चरण के लिए प्रधानमंत्री मोदी, अमित शाह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने पार्टी के लिए प्रचार किया और कथित घोटालों तथा धर्मांतरण सहित कई मुद्दों पर कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा।
 
इधर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपनी कल्याणकारी योजनाओं को लेकर प्रचार किया तथा दावा किया कि उन्होंने 2018 में किसानों, आदिवासियों, युवाओं और महिलाओं से किए गए वादों को पूरा किया है।
 
2018 के पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने इन 20 निर्वाचन क्षेत्रों में से 17 सीट जीती थीं, जबकि भाजपा को दो और जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) को एक सीट मिली थी। बाद में कांग्रेस ने उपचुनावों में शेष तीन में से दो सीट और जीत लीं। कांग्रेस ने 2018 के चुनावों में 68 सीट जीतकर सरकार बनाई थी। इस चुनाव में भाजपा को 15 सीट पर जीत मिली थी जबकि जेसीसी (जे) और बसपा को क्रमशः पांच और दो सीट मिली थीं। कांग्रेस के विधायकों की संख्या वर्तमान में 71 है।
 
नक्सलियों ने राज्य में मतदाताओं से चुनाव का बहिष्कार करने का आह्वान किया है तथा शनिवार को नारायणपुर जिले के एक गांव में एक भाजपा नेता की हत्या कर दी है। विधानसभा की कुल 90 में से शेष 70 सीटों पर 17 नवंबर को दूसरे चरण में मतदान होगा। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour 
ये भी पढ़ें
तेलंगाना में 490 करोड़ रुपए मूल्य का सोना, नकदी, शराब, मुफ्त उपहार जब्त