शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. धर्म-संसार
  2. धर्म-दर्शन
  3. बौद्ध धर्म
  4. बौद्ध धर्म के प्रमुख तीर्थस्थल
Written By अनिरुद्ध जोशी 'शतायु'

बौद्ध धर्म के प्रमुख तीर्थस्थल

Buddhism, Pilgrimage Site | बौद्ध धर्म के प्रमुख तीर्थस्थल
WD
भगवान बुद्ध के अनुयायियों के लिए चार ही मुख्य तीर्थ हैं:-

(1) लुम्बिनी : जहाँ बुद्ध का जन्म हुआ।
(2) बोधगया : जहाँ बुद्ध ने 'बोध' प्राप्त किया।
(3) सारनाथ : जहाँ से बुद्ध ने दिव्यज्ञान देना प्रारंभ किया।
(4) कुशीनगर : जहाँ बुद्ध का महापरिनिर्वाण हुआ।

(1) लुम्बिनी :
यह स्थान नेपाल की तराई में पूर्वोत्तर रेलवे की गोरखपुर-नौतनवाँ लाइन के नौतनवाँ स्टेशन से 20 मील और गोरखपुर-गोंडा लाइन के नौगढ़ स्टेशन से 10 मील दूर है।

नौगढ़ से यहाँ तक पक्का मार्ग भी बन गया है। गौतम बुद्ध का जन्म यहीं हुआ था। यहाँ के प्राचीन विहार नष्ट हो चुके हैं। केवल अशोक का एक स्तम्भ है, जिस पर खुदा है- 'भगवान्‌ बुद्ध का जन्म यहाँ हुआ था।' इस स्तम्भ के अतिरिक्त एक समाधि स्तूप भी है, जिसमें बुद्ध की एक मूर्ति है। नेपाल सरकार द्वारा निर्मित दो स्तूप और हैं। रुक्मनदेई का मंदिर दर्शनीय है। एक पुष्करिणी भी यहाँ है।

(2) बोधगया :
  WD
यहाँ बुद्ध ने 'बोध' प्राप्त किया था। भरत के बिहार में स्थित गया स्टेशन से यह स्थान 7 मील दूर है।

(3) सारनाथ :
बनारस छावनी स्टेशन से पाँच मील, बनारस-सिटी स्टेशन से तीन मील और सड़क मार्ग से सारनाथ चार मील पड़ता है। यह पूर्वोत्तर रेलवे का स्टेशन है और बनारस से यहाँ जाने के लिए सवारियाँ- ताँगा, रिक्शा आदि मिलते हैं। सारनाथ में बौद्ध-धर्मशाला है। यह बौद्ध-तीर्थ है।

  WD
भगवान बुद्ध ने अपना प्रथम उपदेश यहीं दिया था। यहीं से उन्होंने धर्मचक्र प्रवर्तन प्रारंभ किया था। सारनाथ की दर्शनीय वस्तुएँ हैं- अशोक का चतुर्मुख सिंह स्तम्भ, भगवान बुद्ध का मंदिर (यही यहाँ का प्रधान मंदिर है), धमेख स्तूप, चौखंडी स्तूप, सारनाथ का वस्तु संग्रहालय, जैन मंदिर, मूलगंधकुटी और नवीन विहार।

WD
सारनाथ बौद्ध धर्म का प्रधान केंद्र था किंतु मोहम्मद गोरी ने आक्रमण करके इसे नष्ट-भ्रष्ट कर दिया। वह यहाँ की स्वर्ण-मूर्तियाँ उठा ले गया और कलापूर्ण मूर्तियों को उसने तोड़ डाला। फलतः सारनाथ उजाड़ हो गया। केवल धमेख स्तूप टूटी-फूटी दशा में बचा रहा। यह स्थान चरागाह मात्र रह गया था।

सन्‌ 1905 ई. में पुरातत्व विभाग ने यहाँ खुदाई का काम प्रारंभ किया। इतिहास के विद्वानों तथा बौद्ध-धर्म के अनुयायियों का इधर ध्यान गया। तब से सारनाथ महत्व प्राप्त करने लगा। इसका जीर्णोद्धार हुआ, यहाँ वस्तु-संग्रहालय स्थापित हुआ, नवीन विहार निर्मित हुआ, भगवान बुद्ध का मंदिर और बौद्ध-धर्मशाला बनी। सारनाथ अब बराबर विस्तृत होता जा रहा है।

जैन ग्रंथों में इसे सिंहपुर कहा गया है। जैन धर्मावलंबी इसे अतिशय क्षेत्र मानते हैं। श्रेयांसनाथ के यहाँ गर्भ, जन्म और तप- ये तीन कल्याण हुए हैं। यहाँ श्रेयांसनाथजी की प्रतिमा भी है यहाँ के जैन मंदिरों में। इस मंदिर के सामने ही अशोक स्तम्भ है।

(4) कुशीनगर :
WD
गोरखपुर जिले में कसिया नामक स्थान ही प्राचीन कुशीनगर है। गोरखपुर से कसिया(कुशीनगर) 36 मील है। यहाँ तक गोरखपुर से पक्की सड़क गई है, जिस पर मोटर-बस चलती है। यहाँ बिड़लाजी की धर्मशाला है तथा भगवान बुद्ध का स्मारक है। यहाँ खुदाई से निकली मूर्तियों के अतिरिक्त माथाकुँवर का कोटा 'परिनिर्वाण स्तूप' तथा 'विहार स्तूप' दर्शनीय हैं। 80 वर्ष की अवस्था में तथागत बुद्ध ने दो शाल वृक्षों के मध्य यहाँ महापरिनिर्वाण प्राप्त किया था। यह प्रसिद्ध बौद्ध तीर्थ है।

अन्य तीर्थ स्थल :
तथागत के निर्वाण के पश्चात उनके शरीर के अवशेष (अस्थियाँ) आठ भागों में विभाजित हुए और उन पर आठ स्थानों में आठ स्तूप बनाए गए हैं। जिस घड़े में वे अस्थियाँ रखी थीं, उस घड़े पर एक स्तूप बना और एक स्तूप तथागत की चिता के अंगार (भस्म) को लेकर उसके ऊपर बना। इस प्रकार कुल दस स्तूप बने।

WD
आठ मुख्य स्तूप- कुशीनगर, पावागढ़, वैशाली, कपिलवस्तु, रामग्राम, अल्लकल्प, राजगृह तथा बेटद्वीप में बने। पिप्पलीय वन में अंगार स्तूप बना। कुम्भ स्तूप भी संभवतः कुशीनगर के पास ही बना। इन स्थानों में कुशीनगर, पावागढ़, राजगृह, बेटद्वीप (बेट-द्वारका) प्रसिद्ध हैं। पिप्पलीय वन, अल्लकल्प, रामग्राम का पता नहीं है। कपिलवस्तु तथा वैशाली भी प्रसिद्ध स्थान हैं।
श्रावस्ती का स्तूप:
WD
पूर्वोत्तर रेलवे की गोरखपुर-गोंडा लाइन पर स्थित बलरामपुर स्टेशन से 12 मील पश्चिम सहेठ-महेठ ग्राम ही प्राचीन श्रावस्ती है। यह कोसल देश की राजधानी थी। भगवान श्रीराम के पुत्र लव ने इसे अपनी राजधानी बनाया था। कुछ लोगों का मत है कि महाभारत युद्ध के पश्चात युधिष्ठिर के अश्वमेध यज्ञ के अश्व की रक्षा करते हुए अर्जुन को यहीं के राजकुमार सुधन्वा से युद्ध करना पड़ा था।

श्रावस्ती बौद्ध एवं जैन दोनों का तीर्थ है। यहाँ बुद्ध ने चमत्कार दिखाया था। तथागत दीर्घकाल तक श्रावस्ती में रहे थे। अब यहाँ बौद्ध धर्मशाला है तथा बौद्धमठ भी है। भगवान बुद्ध का मंदिर भी है।

साँची का स्तूप:
भोपाल से 28 मील दूर और भेलसा से 6 मील पूर्व साँची स्टेशन है। उदयगिरि से साँची पास ही है। यहाँ बौद्ध स्तूप हैं, जिनमें एक की ऊँचाई 42 फुट है। साँची स्तूपों की कला प्रख्यात है। साँची से 5 मील सोनारी के पास 8 बौद्ध स्तूप हैं और साँची से 7 मील पर भोजपुर के पास 37 बौद्ध स्तूप हैं। साँची में पहले बौद्ध विहार भी थे। यहाँ एक सरोवर है, जिसकी सीढ़ियाँ बुद्ध के समय की कही जाती हैं।

चाँपानेर (पावागढ़) :
पश्चिम रेलवे की मुंबई-दिल्ली लाइन में बड़ौदा से 23 मील आगे चाँपानेर रोड स्टेशन है। वहाँ से एक लाइन पानी-माइंस तक जाती है। इस लाइन पर चाँपानेर रोड से 12 मील पर पावागढ़ स्टेशन है। स्टेशन से पावागढ़ बस्ती लगभग एक मील दूर है। बड़ौदा या गोधरा से पावागढ़ तक मोटर-बस द्वारा भी आ सकते हैं। पावागढ़ में प्रसिद्ध बौद्ध स्तूप हैं।

कौशाम्बी:
इलाहाबाद जिले में भरवारी स्टेशन से 16 मील पर। यहाँ एक स्तूप के नीचे बुद्ध भगवान के केश तथा नख सुरक्षित हैं।

पेशावर :
पश्चिमी पाकिस्तान में प्रसिद्ध नगर है। यहाँ सबसे बड़े और ऊँचे स्तूप के नीचे से बुद्ध भगवान की अस्थियाँ खुदाई में निकलीं। यह स्तूप सम्राट कनिष्क ने बनवाया था।

बामियान :
अफगानिस्तान में बामियान क्षेत्र बौद्धधर्म प्रचार का प्रमुख केंद्र था। बौद्ध काल में हिंदू कुश पर्वत से लेकर कंदहार तक अनेकों स्तूप थे।