1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. pushpa 2 stampede case allu arjun summoned as accused number 11

पुष्पा 2 प्रीमियर हादसा: अल्लू अर्जुन को मिला कोर्ट में हाजिर होने का आदेश, चार्जशीट में बनाए गए आरोपी नंबर 11

Allu Arjun court summons
साउथ सिनेमा के 'आइकन स्टार' अल्लू अर्जुन की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। साल 2024 में उनकी फिल्म 'पुष्पा 2: द रूल' के प्रीमियर के दौरान हुआ एक हादसा कभी तक अल्लू अर्जुन का पीछा नहीं छोड़ रहा है। इस मामले में हैदराबाद की नामपल्ली क्रिमिनल कोर्ट ने कड़ा रुख अपनाते हुए अल्लू अर्जुन और 19 अन्य आरोपियों को व्यक्तिगत रूप से अदालत में पेश होने का आदेश दिया है।
 
इस हाई-प्रोफाइल मामले में कोर्ट ने सुनवाई के लिए 22 जून की तारीख तय की है, जहां सभी आरोपियों की उपस्थिति अनिवार्य की गई है। पुलिस की तरफ से दाखिल की गई चार्जशीट में अल्लू अर्जुन को आरोपी नंबर 11 (A11) बनाया गया है। 
क्या है पूरा मामला? 
यह पूरा विवाद 4 दिसंबर 2024 का है, जब हैदराबाद के प्रसिद्ध 'संध्या थिएटर' में फिल्म 'पुष्पा 2: द रूल' का भव्य प्रीमियर और स्पेशल स्क्रीनिंग रखी गई थी। इस प्रीमियर में अल्लू अर्जुन भी पहुंचने वाले थे। अपने पसंदीदा स्टार की एक झलक पाने के लिए थिएटर के बाहर हजारों प्रशंसकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी। जैसे ही अल्लू अर्जुन अपने परिवार और सुरक्षा घेरे के साथ वहां पहुंचे, भीड़ बेकाबू हो गई।
 
अल्लू अर्जुन द्वारा कार के सनरूफ से प्रशंसकों का अभिवादन करने के दौरान स्थिति और बिगड़ गई। इस भारी अफरा-तफरी और कुप्रबंधन के कारण वहां भीषण भगदड़ मच गई। इस हादसे में रेवती नाम की एक 35 वर्षीय महिला फैंस की दम घुटने से दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनका आठ साल का बेटा श्री तेजा गंभीर रूप से घायल हो गया था।
 
घटना के बाद चिक्कडपल्ली पुलिस स्टेशन में पीड़ित परिवार की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। गहन जांच के बाद पुलिस ने कोर्ट में 100 पन्नों की एक विस्तृत चार्जशीट दाखिल की, जिसमें कुल 23 लोगों को आरोपी बनाया गया है। अल्लू अर्जुन को बिना पर्याप्त सुरक्षा इंतजामों के सार्वजनिक रूप से भीड़ को उकसाने के आरोप में 11वें नंबर का आरोपी बनाया गया है।
गिरफ्तारी से लेकर जमानत तक का सफर
इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 13 दिसंबर 2024 को अल्लू अर्जुन को गिरफ्तार कर लिया था। हालांकि, इसके अगले ही दिन तेलंगाना हाईकोर्ट ने उन्हें अंतरिम जमानत दे दी थी, जिसे बाद में नियमित जमानत में बदल दिया गया। इसके बाद 31 दिसंबर को चिक्कडपल्ली पुलिस ने अभिनेता से थाने में करीब 3 घंटे तक कड़ी पूछताछ भी की थी।
 
जेल से रिहा होने के बाद अल्लू अर्जुन ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया था। उन्होंने साफ किया था कि उनका इस हादसे से कोई सीधा संबंध नहीं है, क्योंकि वे अंदर जा चुके थे और यह घटना थिएटर के परिसर के बाहर हुई थी। हालांकि, मानवीय आधार पर अल्लू अर्जुन के पिता और मशहूर निर्माता अल्लू अरविंद ने पीड़ित परिवार को 2 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने का एलान किया था। 
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें
अगला लेख
जब जॉन अब्राहम की वजह से रोई थीं कैटरीना कैफ, सलमान खान ने यूं दिया था सहारा!