1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. shah rukh khan waives 42 lakh bill saves marathi film deool band 2 release

शाहरुख खान ने दिखाई दरियादिली, मराठी फिल्म 'देऊल बंद 2' का 42 लाख बिल किया माफ, अब बॉक्स ऑफिस पर रच रही इतिहास

Shah Rukh Khan generosity
शाहरुख खान को न सिर्फ उनकी बेहतरीन अदाकारी और स्टारडम के लिए जाना जाता है, बल्कि असल जिंदगी में उनकी दरियादिली के किस्से भी मशहूर हैं। हाल ही में किंग खान ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि वे केवल रुपहले पर्दे के ही राजा नहीं हैं, बल्कि असल जिंदगी में भी 'किंग ऑफ हार्ट्स' हैं। 
 
शाहरुख खान ने मराठी फिल्म 'देऊल बंद 2' को संकट के समय सहारा देकर न सिर्फ उसकी रिलीज का रास्ता साफ किया, बल्कि मराठी सिनेमा के प्रति अपना गहरा सम्मान भी व्यक्त किया।
हाल ही में अभिजात मराठी फिल्मी को दिए एक इंटरव्यू में फिल्म 'देऊल बंद 2' के निर्देशक प्रवीण तरडे ने इस पूरे घटनाक्रम का भावुक खुलासा किया। प्रवीण तरडे ने बताया कि फिल्म का पोस्ट-प्रोडक्शन और कलर ग्रेडिंग का काम शाहरुख खान की कंपनी 'रेड चिलीज एंटरटेनमेंट' के स्टूडियो में चल रहा था।
 
थिएटर में फिल्म रिलीज करने के लिए डिजिटल सिनेमा पैकेज तैयार करना अनिवार्य होता है। मेकर्स ने इसके लिए शुरुआती बजट लगभग 12 लाख रुपए तय किया था। लेकिन तकनीकी कारणों और काम बढ़ने की वजह से अंतिम बिल उम्मीद से कहीं ज्यादा यानी 42 लाख रुपए बनकर आया। 
 
सीमित संसाधनों और 8 से 10 करोड़ रुपए के बेहद कम बजट में बन रही इस क्षेत्रीय फिल्म के निर्माताओं के लिए यह रकम चुका पाना नामुमकिन सा लग रहा था। पैसे न होने के कारण फिल्म की रिलीज अटकने की कगार पर पहुंच गई थी।
 
पैसों की किल्लत और कोई रास्ता न दिखने पर फिल्म की टीम ने रेड चिलीज मैनेजमेंट से संपर्क किया और अपनी आर्थिक स्थिति के बारे में बताया। जब यह बात सीधे शाहरुख खान के पास पहुंची, तो उन्होंने तुरंत अपनी टेक्निकल टीम से फिल्म के बारे में फीडबैक लिया। टीम ने उन्हें बताया कि यह फिल्म 'मुळशी पॅटर्न' बनाने वाले निर्देशकों की है। 
जैसे ही शाहरुख खान को पता चला कि फिल्म बहुत अच्छी और इमोशनल बनी है, लेकिन केवल 42 लाख रुपए का बिल न चुका पाने के कारण इसका डीसीपी रुका हुआ है, उन्होंने बिना देर किए बड़ा फैसला लिया। शाहरुख ने अपनी टीम से कहा, इनका बिल माफ कर दो। यह मराठी फिल्म है, इन्हें तुरंत डीसीपी दे दो। पेमेंट का क्या है, वह बाद में देख लेंगे।

 

प्रवीण तरडे ने जताया आभार

निर्देशक प्रवीण तरडे ने शाहरुख खान की तारीफ करते हुए कहा कि आमतौर पर बिना पूरा भुगतान किए कोई भी स्टूडियो डीसीपी रिलीज नहीं करता, यह फिल्म इंडस्ट्री का सख्त नियम है। लेकिन शाहरुख खान ने नियमों से ऊपर उठकर क्षेत्रीय सिनेमा और कला का सम्मान किया।
 
तरडे ने बेहद भावुक होकर कहा, शाहरुख सर ने यह मदद तब की जब किसी को नहीं पता था कि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर चलेगी या डूब जाएगी। उन्होंने बिना किसी व्यावसायिक गारंटी के हमारी मदद की। हम उनकी इस दरियादिली को जिंदगी भर नहीं भूल सकते।

बॉक्स ऑफिस पर 'देऊल बंद 2' ने रचा इतिहास 

शाहरुख खान की यह दुआ और मदद फिल्म के लिए एक वरदान साबित हुई। 21 मई को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली 'देऊल बंद 2' ने बॉक्स ऑफिस पर आते ही तहलका मचा दिया। स्वामी समर्थ के प्रति आस्था और अंधविश्वास के बीच की कशमकश तथा किसानों के संवेदनशील मुद्दों को उठाती इस फिल्म को दर्शकों ने हाथों-हाथ लिया।
 
महज 10 करोड़ से कम के बजट में बनी इस फिल्म ने अब तक 80 करोड़ रुपये से अधिक का ग्रॉस बिजनेस कर लिया है और यह तेजी से 100 करोड़ के क्लब की तरफ बढ़ रही है। इसके साथ ही 'देऊल बंद 2' अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली टॉप 5 मराठी फिल्मों की सूची में शामिल हो चुकी है। 
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें
अगला लेख
'कॉकटेल 2' के साथ रिलीज होते ही लीक हुआ 'ईथा' का टीजर, लावणी डांसर बन छाईं श्रद्धा कपूर