जुनैद खान और साई पल्लवी की फिल्म 'एक दिन' का ट्रेलर रिलीज, इमोशनल लव स्टोरी ने जीता दिल
बॉलीवुड में एक नई और ताज़ा जोड़ी दस्तक देने के लिए तैयार है। आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी फिल्म 'एक दिन' का ट्रेलर रिलीज हो चुका है। फिल्म में जुनैद खान और साई पल्लवी की केमिस्ट्री ने दर्शकों का दिल जीत लिया है। यह फिल्म न केवल जुनैद के करियर की महत्वपूर्ण फिल्म है, बल्कि साई पल्लवी का हिंदी सिनेमा में भव्य डेब्यू भी है।
2 मिनट 12 सेकंड का यह ट्रेलर एक सुकून भरी और इमोशनल लव स्टोरी की झलक दिखाता है। ट्रेलर की शुरुआत एक 'फॉर्च्यून बेल' (किस्मत की घंटी) से होती है, जिसे लेकर मान्यता है कि इसे बजाने से खोया हुआ प्यार मिल जाता है। ट्रेलर में दिखाया गया है कि रोहन (जुनैद खान) अपनी सहकर्मी मीरा (साई पल्लवी) से चुपचाप प्यार करता है, लेकिन कभी कह नहीं पाता।
रोहन जहां एक सीधा-साधा, शर्मीला और थोड़ा अंतर्मुखी लड़का है, वहीं मीरा एक खुशमिजाज और आजाद ख्यालों वाली लड़की है, जो रोहन को सिर्फ एक अच्छे दोस्त के तौर पर देखती है। रोहन की खामोश मोहब्बत और उसकी बेबसी ट्रेलर के हर फ्रेम में झलकती है।
'एक दिन' साल 2016 की मशहूर थाई फिल्म 'One Day' का आधिकारिक हिंदी रीमेक है। फिल्म की कहानी एक ऐसे शख्स की है जो अपनी पूरी जिंदगी में सिर्फ एक दिन के लिए अपनी पसंद की लड़की का साथ चाहता है। इस कहानी को भारतीय परिवेश और भावनाओं के हिसाब से बहुत ही खूबसूरती से ढाला गया है।
इस फिल्म की सबसे बड़ी यूएसपी साई पल्लवी का हिंदी सिनेमा में कदम रखना है। अपनी नेचुरल एक्टिंग और बिना मेकअप वाले लुक के लिए मशहूर साई पल्लवी ने ट्रेलर में अपनी मुस्कुराहट और आंखों से जादू बिखेरा है। वहीं, जुनैद खान ने एक 'बॉय-नेक्स्ट-डोर' की भूमिका में खुद को पूरी तरह ढाल लिया है।
फिल्म का निर्देशन सुनील पांडे ने किया है। निर्माता के निर्माता आमिर खान प्रोडक्शंस और अपर्णा पुरोहित है। 'एक दिन' 1 मई 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है।
लेखक के बारे में
WD Entertainment Desk
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें