बुधवार, 15 अप्रैल 2026
  1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. adah sharma reveals producer schedule issue no work for one month
Last Modified: बुधवार, 11 मार्च 2026 (15:02 IST)

प्रोड्यूसर के रवैये की वजह से एक महीने से अदा शर्मा के पास नहीं काम, छलका दर्द

Adah Sharma
'द केरल स्टोरी' जैसी सुपरहिट फिल्म से रातों-रात चर्चा में आईं एक्ट्रेस अदा शर्मा इन दिनों एक मुश्किल दौर से गुजर रही हैं। हाल ही में अदा ने एक वीडियो शेयर करते हुए बताया कि वे पिछले एक महीने से पूरी तरह खाली बैठी हैं। एक्ट्रेस ने इसके पीछे की वजह फिल्म इंडस्ट्री के एक प्रोड्यूसर के अड़ियल रवैये और शेड्यूलिंग विवाद को बताया है।
 
अदा शर्मा ने बताया कि उन्होंने एक साथ तीन फिल्मों के लिए कमिटमेंट किया था। सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन पहली फिल्म के प्रोड्यूसर ने बार-बार शूटिंग की तारीखों में बदलाव करना शुरू कर दिया। इसका असर उनकी बाकी दो फिल्मों के शेड्यूल पर पड़ने लगा।
 
अदा के मुताबिक, जब उनके मैनेजर ने स्थिति स्पष्ट करने की कोशिश की, तो प्रोड्यूसर काफी अड़ गया। अदा ने वीडियो में कहा, उसने (प्रोड्यूसर) कहा कि मुझे यही तारीखें चाहिए, चाहे कुछ भी हो जाए। मेरे मैनेजर के बार-बार पूछने पर भी वह अपनी बात पर अड़ा रहा और कहा कि ये डेट्स नहीं बदल सकतीं।
 
अदा ने इंडस्ट्री की अच्छाई का जिक्र करते हुए बताया कि जब बाकी दो फिल्मों के निर्देशकों को इस समस्या का पता चला, तो उन्होंने अदा की मदद के लिए अपने शेड्यूल में बदलाव किए। एक मामले में तो निर्देशक ने पूरी स्टारकास्ट की तारीखें ही बदल दीं ताकि अदा को कोई परेशानी न हो। अदा ने भावुक होकर कहा, लोग कहते हैं कि इंडस्ट्री के लोग बुरे होते हैं, लेकिन ऐसा नहीं है। यहां बहुत अच्छे और सभ्य लोग भी हैं।
 

आखिरी वक्त पर प्रोड्यूसर ने हाथ खींचे

कहानी में मोड़ तब आया जब बाकी दो फिल्मों के शेड्यूल बदल दिए गए, लेकिन तभी पहले फिल्म के प्रोड्यूसर ने अचानक कह दिया कि उसे अब वे तारीखें नहीं चाहिए। अदा ने तंज कसते हुए बताया कि जिस तारीखों के लिए इतना दबाव बनाया गया था, अंत में उन्हें ही रद्द कर दिया गया।
 
इस घटना के कारण अदा शर्मा पिछले एक महीने से किसी भी प्रोजेक्ट पर काम नहीं कर पाई हैं। उन्होंने अपनी निराशा जाहिर करते हुए कहा, मेरी लाइफ बर्बाद हो गई है। मैं पिछले एक महीने से भावनात्मक, मानसिक, पेशेवर और आर्थिक रूप से पूरी तरह खाली बैठी हूं।
 
अदा शर्मा ने अपने करियर की शुरुआत 2008 में विक्रम भट्ट की हॉरर फिल्म '1920' से की थी। साल 2023 अदा शर्मा के करियर का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। उनकी फिल्म 'द केरल स्टोरी' ने बॉक्स ऑफिस पर कई रिकॉर्ड तोड़े थे। अदा हाल ही में फिल्म 'बस्तर: द नक्सल स्टोरी' में नजर आई थीं।
लेखक के बारे में
WD Entertainment Desk
ये भी पढ़ें
जुनैद खान और साई पल्लवी की फिल्म 'एक दिन' का ट्रेलर रिलीज, इमोशनल लव स्टोरी ने जीता दिल