1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. jennifer winget second marriage rumours with william ishmael uk white wedding

तलाक के 12 साल बाद फिर दुल्हन बनेंगी जेनिफर विंगेट, सात समंदर पार रचाएंगी 'व्हाइट वेडिंग'!

Jennifer Winget Wedding
टेलीविजन इंडस्ट्री की सबसे खूबसूरत और टैलेंटेड एक्ट्रेस जेनिफर विंगेट एक बार फिर अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं। 'बेहद' और 'बेपनाह' जैसे सुपरहिट सीरियल्स से दर्शकों के दिलों पर राज करने वाली जेनिफर को लेकर एक खुशखबरी सामने आ रही है। 
 
खबरों के अनुसार करण सिंह ग्रोवर से तलाक के 12 साल बाद जेनिफर अपनी जिंदगी का एक नया अध्याय शुरू करने जा रही हैं। वह जल्द अपने लॉन्ग-टर्म बॉयफ्रेंड विलियम इश्माएल के साथ शादी के बंधन में बंधने वाली हैं।  
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट में सूत्रों का हवाला देते हुए बताया गया कि जेनिफर विंगेट 16 जुलाई को सात समंदर पार यूनाइटेड किंगडम में विलियम इश्‍माएला संग शादी करने जा रही हैं। यह एक बेहद प्राइवेट और इंटीमेट सेरेमनी होगी, जिसमें किसी भी तरह का तड़क-भड़क वाला तामझाम नहीं दिखेगा। 
 
सूत्रों के अनुसार, जेनिफर एक पारंपरिक ईसाई रीति-रिवाज से 'व्हाइट वेडिंग' करने वाली हैं। इस खास मौके पर उनके परिवार के चुनिंदा सदस्य और बेहद करीबी दोस्त ही गवाह बनेंगे। अपनी ड्रीम वेडिंग के लिए जेनिफर ने मशहूर ब्रांड 'कार्लेओ' द्वारा खास तौर पर डिजाइन किया हुआ बेहद खूबसूरत सफेद ब्राइडल गाउन चुना है। 
 
भले ही मीडिया रिपोर्ट्स में शादी की तारीख, वेन्यू और आउटफिट तक की डिटेल्स लीक हो चुकी हैं, लेकिन जेनिफर विंगेट या उनकी टीम की तरफ से इस पर अभी तक कोई आधिकारिक मुहर नहीं लगाई गई है। जेनिफर हमेशा से ही अपनी निजी जिंदगी को पर्दे के पीछे रखना पसंद करती हैं। 
 
कौन हैं जेनिफर के होने वाले पति शौहर विलियम इश्माएल?
जेनिफर के होने वाले पति विलियम इश्माएल ग्लैमर वर्ल्ड या एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से ताल्लुक नहीं रखते हैं। वह सिंगापुर के एक जाने-माने बिजनेसमैन और फाइनेंस सेक्टर के बड़े एक्सपर्ट हैं। लिंक्डइन प्रोफाइल के मुताबिक, विलियम वर्तमान में सिंगापुर में 'MHC डिजिटल ग्रुप' में बिजनेस डेवलपमेंट और ट्रेडिंग डायरेक्टर के पद पर कार्यरत हैं। इससे पहले वह करीब 10 साल तक दिग्गज 'UBS इन्वेस्टमेंट बैंक' में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।  
विलियम बेहद प्राइवेट इंसान हैं और उन्हें मीडिया की लाइमलाइट या कैमरों के सामने रहना बिल्कुल पसंद नहीं है। 41 साल की जेनिफर और विलियम काफी समय से एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं। एक वेकेशन के दौरान विलियम ने जेनिफर को प्रपोज किया था, जिसके लिए एक्ट्रेस ने तुरंत 'हां' कह दिया था।  
 
जेनिफर विंगेट की यह दूसरी शादी होगी। इससे पहले साल 2012 में उन्होंने अपने सुपरहिट शो 'दिल मिल गए' के को-स्टार करण सिंह ग्रोवर से लव मैरिज की थी। दोनों की जोड़ी को फैंस का भरपूर प्यार मिला था, लेकिन दुर्भाग्य से यह शादी ज्यादा समय नहीं टिक सकी। शादी के महज दो साल बाद, यानी 2014 में दोनों का तलाक हो गया। इसके बाद जहां करण सिंह ग्रोवर ने बिपाशा बासु से शादी कर ली, वहीं जेनिफर ने खुद को पूरी तरह से अपने काम और करियर पर फोकस कर लिया था।