AI डीपफेक बनाने वालों पर भड़कीं मृणाल ठाकुर, बोलीं- अब इंटरनेट पर नहीं छिप पाएंगे आरोपी, होगी कानूनी कार्रवाई
'मेरी पहचान का गलत इस्तेमाल बंद करो...' AI मिसयूज पर मृणाल ठाकुर का बड़ा एक्शन, लोगों से मांगी मदद
AI डीपफेक बनाने वालों पर भड़कीं मृणाल ठाकुर, बोलीं- अब इंटरनेट पर नहीं छिप पाएंगे आरोपी, होगी कानूनी कार्रवाई
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI के बढ़ते इस्तेमाल के बीच इसके गलत उपयोग को लेकर चिंता भी तेजी से बढ़ रही है। अब अभिनेत्री मृणाल ठाकुर ने AI डीपफेक और महिलाओं की आपत्तिजनक तस्वीरें बनाने वालों के खिलाफ खुलकर मोर्चा खोल दिया है। पहले सख्त चेतावनी देने के बाद मृणाल ने एक और कदम उठाते हुए लोगों से अपील की है कि वे ऐसे सोशल मीडिया अकाउंट्स को सामने लाएं, जो AI के जरिए किसी की छवि खराब कर रहे हैं।
मृणाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लोगों से कहा कि अगर कोई अकाउंट महिलाओं को परेशान कर रहा है या AI से बनाई गई अश्लील और बिना सहमति वाली तस्वीरें शेयर कर रहा है, तो उसकी जानकारी दें। उन्होंने साफ कहा कि ऐसे लोगों को अब इंटरनेट की गुमनामी नहीं बचा पाएगी।
मृणाल ने कहा- इंटरनेट पर गलत काम करने वालों की पहचान होगी
मृणाल ठाकुर ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा कि वह उन लोगों को सलाम करती हैं जो यह सोचते थे कि इंटरनेट पर किए गए गलत कामों के कोई नतीजे नहीं होंगे। उन्होंने लोगों से ऐसे अकाउंट्स को टैग करने की अपील की।
एक्स पर पोस्ट करते हुए मृणाल ने लिखा, "आइए इंटरनेट के सबसे खास लोगों के लिए एक हॉल ऑफ फेम बनाते हैं। अगर आपको कोई ऐसा अकाउंट दिखता है जो किसी को परेशान कर रहा है या AI से बनाई गई गैर-सहमति वाली अंतरंग तस्वीरें शेयर कर रहा है, तो उसे यहां टैग करें।"
उन्होंने आगे लिखा, "दस्तावेज रखना एक खूबसूरत चीज है।"
डीपफेक बनाने वालों को मृणाल की सीधी चेतावनी
इससे पहले मृणाल ठाकुर ने अपनी पहचान और तस्वीरों के गलत इस्तेमाल को लेकर सख्त चेतावनी जारी की थी। मंगलवार को इंस्टाग्राम पर उन्होंने एक नोट शेयर करते हुए कहा था कि उनकी शक्ल और पहचान का इस्तेमाल कर डीपफेक कंटेंट बनाना गैरकानूनी और पूरी तरह अस्वीकार्य है।
मृणाल ने लिखा था कि इसे तुरंत बंद किया जाए, क्योंकि आगे ऐसा कोई भी प्रयास कानूनी कार्रवाई का कारण बनेगा।
उन्होंने एक्स पर एक अकाउंट को टैग करते हुए भी लिखा था, "जब कानून शामिल होता है तो इंटरनेट गुमनाम नहीं रहता। अदालत में मिलते हैं।"
बॉलीवुड सितारे भी AI मिसयूज के खिलाफ उठा चुके हैं कदम
AI तकनीक के गलत इस्तेमाल को लेकर कई बॉलीवुड सितारे पहले ही कानूनी रास्ता अपना चुके हैं। कलाकार अपनी पहचान, आवाज, तस्वीर और व्यक्तित्व अधिकारों की सुरक्षा के लिए अदालत का दरवाजा खटखा रहे हैं।
अक्षय कुमार, वरुण धवन, अनिल कपूर, शिल्पा शेट्टी, प्रीति जिंटा, कार्तिक आर्यन और सुनील शेट्टी जैसे कई सितारे AI के जरिए बिना अनुमति किए जा रहे इस्तेमाल के खिलाफ आवाज उठा चुके हैं।
रश्मिका मंदाना के डीपफेक मामले के बाद बढ़ी चिंता
AI डीपफेक को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा तब हुई थी जब अभिनेत्री रश्मिका मंदाना का एक फर्जी वीडियो वायरल हुआ था। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार भी किया था।
इसके बाद रश्मिका ने महिलाओं को निशाना बनाने वाले AI दुरुपयोग पर चिंता जताई थी। उन्होंने कहा था कि जब झूठ को सच की तरह पेश किया जा सकता है, तब सही और गलत पहचानने की क्षमता सबसे बड़ा बचाव बन जाती है।
रश्मिका ने यह भी कहा था कि AI प्रगति का माध्यम है, लेकिन इसका इस्तेमाल किसी की गरिमा को नुकसान पहुंचाने या महिलाओं को निशाना बनाने के लिए करना समाज के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने जिम्मेदारी से AI इस्तेमाल करने की अपील की थी और गलत इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ सख्त सजा की मांग की थी।
AI तकनीक जहां नई संभावनाओं के दरवाजे खोल रही है, वहीं मृणाल ठाकुर जैसी हस्तियों की आवाज अब इस बात पर जोर दे रही है कि तकनीक का इस्तेमाल जिम्मेदारी के साथ हो, वरना कानून का सामना करना पड़ सकता है।

