गुरुवार, 24 जुलाई 2025
  • Webdunia Deals
  1. सामयिक
  2. »
  3. बीबीसी हिंदी
  4. »
  5. बीबीसी समाचार
  6. दुखद घटना से सुखद अंत की ओर
Written By BBC Hindi

दुखद घटना से सुखद अंत की ओर

कंप्यूटर इंजीनियरिंग
- विनोद वर्मा (हाइवे हिंदुस्तान से)
BBC
ढाबे में खाना खाना बहुत से लोगों को अच्छा लगता है। लेकिन अगर किसी ढाबे में खाना खाते हुए यह पता चले कि उस ढाबे को कंप्यूटर इंजीनियरिंग और कानून में पोस्ट ग्रैजुएट कर चुके दो युवक चला रहे हैं, तो और भी अच्छा लग सकता है।

आश्चर्य भी हो सकता है। जैसा कि मुझे हुआ, जब मैं धनबाद शहर के बाहर से गुजरने वाले पुरानी जीटी रोड या राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक दो के खालसा ढाबे में पहुँचा।

गोविंदपुर के रतनपुरा में यह ढाबा 1983 में गुरुचरण सिंह ने शुरू किया था। वे इन दोनों युवकों के पिता है। आज यह ढाबा अपनी एक पहचान बना चुका है और अब इसमें ट्रक वाले नहीं रुकते परिवार वाले रुकते हैं और इस मार्ग से कोलकाता जाने-आने वाली लगभग सभी बसें रुकती हैं।

हादसा : गुरुचरण सिंह का ढाबा चल रहा था, फल-फूल भी रहा था. लेकिन उनकी इच्छा अपने चारों बेटों को इससे दूर रखने की थी।

वे कहते हैं, 'सर्विस में अलग तरह का सुकून है, अपनी जिंदगी है, पैसे भले ही थोड़े कम हैं। इसलिए मैं सबको पढ़ा लिखा रहा था।'

सभी पढ़ लिख रहे थे। एक इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर चुका था, दूसरा आईएएस का पहला इम्तिहान पास कर चुका था और मुख्य परीक्षा की तैयारी कर रहा था। तीसरा इंजीनियरिंग पढ़ चुका था और चौथा कानून की पोस्ट ग्रैजुएट डिग्री लेता हुआ पुणे जिला अदालत में प्रैक्टिस कर रहा था।

वर्ष 2004 में बड़े दो बेटों की एक सड़क हादसे में मौत हो गई। इस हादसे ने सब कुछ बदल कर रखा दिया। दोनों बेटों को अपने जीवन की सारी योजनाएँ स्थगित करके ढाबे में वापस लौटना पड़ा।

कंप्यूटर इंजीनियरिंग कर चुके गुरुचरण सिंह के तीसरे बेटे कहते हैं, 'मैं परिस्थियों की वजह से वापस लौटा हूँ वरना मेरा ढाबे के इस धंधे में कोई दिलचस्पी नहीं थी।'

सबसे छोटे बेटे तरणजीत कहते हैं, 'मैं तो आईएएस बनना चाहता था। भैया की सलाह पर कॉमर्स के बाद इसीलिए कानून की पढ़ाई कर रहा था।'

बड़ी योजनाएँ : गुरुचरण सिंह की आँखें अब भी अपने दो बड़े बेटों की याद में नम हो जाती हैं। लेकिन वे इसे ऊपर वाले की मर्जी बताकर वे अपने दिल को तसल्ली देते हैं।

अब जब वे लौट गए हैं तो पिता को अपने दो काबिल, पढ़े लिखे बेटों के साथ होने का फायदा हो रहा है। वे अब इस ढाबे के विस्तार की योजना बना रहे हैं। वे अपने ढाबे के ठीक बगल में एक शु्द्ध शाकाहारी भोजनालय खोलना चाहते हैं। वैष्णवी ढाबा।

तरणजीत बताते हैं, 'अगर यह ढाबा चल निकला तो हम इस ढाबे की ब्रांच खोलेंगे।'

जबकि उनके बड़े भाई की योजना इससे आगे निकलने की है। वे कहते हैं, 'हम चाहेंगे कि खालसा ढाबे के फ्रैंचाइज दें और देश-विदेश में इसकी ब्रांच हों।'

तरणजीत चाहते हैं कि ढाबे के इस व्यवसाय से आगे भी निकला जाए। इसके लिए वे धनबाद में एक लॉ इंस्टिट्यूट खोलना चाहते हैं।

भाइयों की मौत से उनकी नम आँखों में वो सपने तो डूब गए जो उन्होंने पढ़ाई करते हुए देखे थे लेकिन अब वे नए सपने देख रहे हैं और उसे साकार करना चाहते हैं।

एक दुखद हादसे ने ढाबे के भविष्य को जरुर बदल दिया, लेकिन अब वे तेजी से सुखद राह की ओर बढ़ रहा है।