गुरुवार, 18 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. धर्म-संसार
  2. ज्योतिष
  3. ज्योतिष 2019
  4. Numerology 2019 in Hindi

Numerology 2019 : मूलांक से जानिए कितना शुभ और सफलतादायक है नया साल आपके लिए

Numerology 2019 : मूलांक से जानिए कितना शुभ और सफलतादायक है नया साल आपके लिए - Numerology 2019 in Hindi
2019 क्या लेकर आया है, मूलांक से अपना भविष्य-फल जानिए...
 परिवार, व्यापार, नौकरी, धन, सेहत और रिश्ते जानिए सब एक साथ।


मूलांक 1 के लिए 2019 : मूलांक 1 वालों का स्वामी सूर्य है वहीं वर्ष का अंक 1 स्वामी सूर्य ही है। यह वर्ष आपके लिए अत्यंत उत्साह भरा रहेगा। आपके कार्य जो अभी तक रुके थे, वे पूरे होंगे। स्वास्थ्य की दृष्टि से यह वर्ष उत्तम रहेगा। पारिवारिक मामलों में महत्वपूर्ण कार्य बनेंगे, वहीं बेरोजगार रोजगार पाने में समर्थ होंगे। अविवाहितों के लिए सुखद स्थिति होकर विवाह के योग भी बनेंगे। नौकरीपेशा व्यक्तियों के लिए समय उत्तम है। जिनकी पदोन्नति होना है, उनके लिए प्रसन्नतादायक समय रहेगा। राजनीति से जुड़े व्यक्ति भी सफल होंगे। इस वर्ष माणिक्य पहनना शुभ परिणाम देने वाला होगा।
 
मूलांक 2 के लिए 2019 : मूलांक 2 का स्वामी चंद्र है, वहीं वर्ष का स्वामी सूर्य है और इन दोनों में समता है। यह वर्ष आपके लिए नरम-गरम रहेगा। व्यापार-व्यवसाय से जुड़े व्यक्तियों को सावधानी रखना होगी। बगैर सोचे-समझे किसी महत्वपूर्ण कार्य को न करें। किन्हीं नवीन कार्ययोजनाओं की शुरुआत करने से पहले ईष्ट मित्रों की सलाह लेकर अवश्य चलें। नौकरीपेशाओं को अपने कार्य के प्रति सजगता रखनी होगी। स्वास्थ्य की दृष्टि से वर्ष कुछ संभलकर चलने का होगा। पारिवारिक वाद-विवाद आपस में मिल-जुलकर सुलझाएं। किसी की दखलअंदाजी ठीक नहीं रहेगी। इस वर्ष सफेद मूंगा पहनें।
 
मूलांक 3 के लिए 2019 : मूलांक 3 का स्वामी गुरु है व वर्षांक 1 का स्वामी सूर्य है। गुरु और सूर्य में आपसी मित्रता है। यह वर्ष आपके लिए उत्साह से भरपूर रहकर किसी विशेष कार्य में सफलता मिलेगी। नौकरीपेशाओं के लिए अपनी प्रतिभा के बल पर उत्तम सफलता पाने के अवसर रहेंगे। राजनीतिज्ञों के लिए भी यह वर्ष आशानुरूप होगा। नवीन व्यापार की योजना भी बन सकती है। दांपत्य जीवन में सुखद स्थिति होकर घर या परिवार में शुभ कार्य भी होंगे। मित्र वर्ग का सहयोग सुखद रहेगा। शत्रु वर्ग प्रभावहीन होंगे। महत्वपूर्ण कार्य से यात्रा के योग भी हैं। इस वर्ष पुखराज व माणिक्य पहनें।
 
मूलांक 4 के लिए 2019 : मूलांक 4 का स्वामी राहु है, वहीं वर्ष का मूलांक 1 का स्वामी सूर्य है। दोनों आपस में शत्रु हैं। यह वर्ष आपके कार्य में बाधा उत्पन्न करेगा लेकिन आप यदि हिम्मत से काम लें तो कार्य में सुगमता आ जाएगी। बस आपको सजग व धैर्य रखकर कार्य करना होगा। पारिवारिक मामलों में सहयोग लेने पर सफलता मिलेगी। मान-सम्मान यथावत बना रहेगा, वहीं मित्र वर्ग का सहयोग भी मिलेगा। नवीन व्यापार की योजना कार्य संपन्न होने तक गुप्त ही रखें। शत्रुपक्ष से सावधानी रखना होगी। नौकरीपेशा अपने कार्य पर ध्यान रखकर ही चलें। आर्थिक मामलों में जोखिम के कार्य से बचना होगा। इस वर्ष राहु की शांति करना होगी।
 
मूलांक 5 के लिए 2019: मूलांक 5 का स्वामी बुध है, वहीं वर्ष का मूलांक 1 है जिसका स्वामी सूर्य है। बुध व सूर्य आपस में मित्र हैं। यह वर्ष आपके लिए सफलताओं के साथ उत्साह से भरा होगा। अभी तक चली आ रही परेशानियां भी इस वर्ष दूर होंगी। पारिवारिक प्रसन्नता रहेगी। संतान पक्ष से खुशखबर भी आ सकती है। प्रशासनिक कार्य यदि अटके हुए हैं, तो इस वर्ष कार्य में सफलता मिलेगी। नौकरीपेशा व्यक्तियों के लिए यह वर्ष निश्चय ही सफलताओंभरा रहेगा। दांपत्य जीवन में मधुर वातावरण रहेगा। नए रोजगार के अवसर भी मिलेंगे। व्यापार-व्यवसाय में प्रगति से प्रसन्नता रहेगी। राजनीजिज्ञ लोग भी अनुकूल स्थिति पाएंगे। इस वर्ष पन्ना व माणिक्य पहनें।
 
मूलांक 6 के लिए 2019 : मूलांक 6 का स्वामी शुक्र व वर्ष के मूलांक 1 का स्वामी सूर्य है। शुक्र व सूर्य आपस में न मित्र हैं और न शत्रु। कला से जुड़े व्यक्तियों के लिए यह साल कुछ नयापन लेकर सफलता भरा रहेगा। जो विद्यार्थी इंजीनियरिंग व चिकित्सा की परीक्षा देंगे, उनके लिए यह शुभ रहेगा। व्यापार-व्यवसाय में प्रगति के साथ लाभजनक स्थिति रहेगी। अविवाहितों के लिए यह साल विवाह के योग लिए आ रहा है। स्त्री पक्ष का सहयोग मिलने से प्रसन्नता रहेगी। नौकरीपेशा व्यक्ति अपनी कार्यक्षमता के बल पर उन्नति के हकदार होंगे। वे बैंक परीक्षाओं में भी सफलता अर्जित करेंगे। दांपत्य जीवन में सुखद वातावरण रहेगा। आर्थिक मामलों में स्वप्रयत्नों से उत्तम स्थिति पाएंगे। इस वर्ष ओपल पहनना शुभ रहेगा।
 
मूलांक 7 के लिए 2019 : मूलांक 7 का स्वामी केतु है व वर्ष के मूलांक 1 के स्वामी सूर्य हैं। केतु जिस ग्रह के साथ रहता है, वो उस जैसा ही प्रभाव देता है अत: आप में ऊर्जा के साथ साहस में भी वृद्धि होगी। कार्य में सुगमता के साथ-साथ प्रगति का वातावरण रहेगा। आपको प्रत्येक कार्य में पहले से अधिक उत्तम सफलता मिलेगी। व्यापार-व्यवसाय की स्थिति उत्तम रहेगी। अधिकारी वर्ग का सहयोग भी मिलेगा। नौकरीपेशा व्यक्तियों के लिए समय सुखदायी रहेगा। नवीन कार्ययोजना शुरू करने से पहले केसर का लंबा तिलक लगाकर शुरू करें व एक पताका किसी मंदिर पर लगाएं।
 
मूलांक 8 के लिए 2019 : मूलांक 8 का स्वामी शनि है व वर्ष के मूलांक 1 का स्वामी सूर्य है। इनमें आपसी शत्रुता है। आपके सभी कार्यों में आपको अनुकूल सफलता अधिक प्रयत्न करने पर ही मिलेगी। शत्रु वर्ग परेशान कर सकते हैं लेकिन अपनी समझ-बूझ से उन पर सफलता पाने में समर्थ होंगे। व्यापार-व्यवसाय की स्थिति मिली-जुली रहेगी। नौकरीपेशा व्यक्ति अपने अधिकारी से मिलकर चलने से प्रगति पाएंगे। पिता से किसी भी कार्य के लिए विवाद न करें व सहयोग लेकर ही सफल होंगे। स्वास्थ्य की दृष्टि से समय ठीक ही रहेगा। समय राजनीतिक व्यक्तियों के लिए काफी सावधानी रखने का होगा। अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को सहयोग देते रहें। प्रति रविवार को बगैर नमक सेवन करे भोजन करें व एक वक्त का उपवास रखें।
 
मूलांक 9 के लिए 2019 : मूलांक 9 का स्वामी मंगल है व वर्ष के मूलांक 1 का स्वामी सूर्य है। ये आपस में अतिमित्र होने से आप अपने साहसबल का उपयोग कर प्रगति की ओर अग्रसर होंगे। पारिवारिक समस्याओं का समाधान होगा। महत्वपूर्ण कार्ययोजनाओं में सफलता मिलेगी। राजनीतिज्ञ लोगों के लिए प्रसन्नतादायक समय रहेगा। अधिकारी वर्ग को अपने अधिकार क्षेत्र में प्रगति होगी। नौकरी में आ रही बाधा भी दूर होगी। स्वास्थ्य भी ठीक ही रहेगा। मित्रों व स्वजनों का सहयोग मिलने से प्रसन्नता रहेगी। बेरोजगार भी इस वर्ष अनुकूल स्थिति पाएंगे। इस वर्ष मूंगे के साथ माणिक्य पहनें।

ये भी पढ़ें
कोई आकर्षित नहीं होता, किसी को आपसे प्रेम नहीं है तो समझिए शुक्र कमजोर है, यह 5 उपाय बहुत काम के हैं