1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. राष्ट्रीय
Written By WD

चीनी सैनिक पहले सीमा में घुसे फिर खाने के लिए गिड़गिड़ाए...

चीनी सैनिक
चीनी सैनिकों की भारतीय क्षेत्र में घुसपैठ की वारदातें बढ़ती ही जा रही हैं। हाल ही में सैन्य सूत्रों ने घुसपैठ की ताजा घटनाओं की पुष्टि करते हुए बताया कि 20 जुलाई को लेह के उत्तर पूर्व में चुमार से लगी अंतरराष्ट्रीय सीमा पर चीनी सैनिकों द्वारा ललकारे जाने पर चीनी सैनिकों ने ऐसी अजीब मांग कर डाली कि भारतीय सैनिक हैरान रह गए।
FILE

दरअसल इस इलाके में तैनात भारतीय सैनिकों ने चीनी सैनिकों को खदेड़ने के इरादे से सख्त रुख इख्तियार किया था। एक छोटी पर्वतीय चोटी को पार करने के तुरंत बाद चीनी सैनिकों का सामना भारतीय सेना और भारत तिब्बत सीमा पुलिस के चौकस जवानों से हुआ।

रोके जाने पर चीनी सैनिकों ने कहा कि वे अपने इलाके में हैं और तिबले तक जा रहे हैं। तिबले भारतीय सीमा के पांच किलोमीटर भीतर है। चुमार हिमाचल प्रदेश की सीमा पर लद्दाख का अंतिम कस्बा है। इस इलाके में चीन से लगी सीमा को मान्यता प्राप्त इंटरनैशनल सीमा के तौर पर जाना जाता है।

भारतीय जवानों को अचानक देखने पर चीनी सैनिकों ने कहा कि वे चीनी जनमुक्ति सेना (पीएलए) के आदेशों का पालन कर रहे हैं और उन्हें तिबले के इलाके तक जाना है। लेकिन लंबी दूरी तय कर चुमार तक पहुंचने वाले चीनी सैनिकों को जब भारतीय जवानों ने तुरंत लौट जाने को कहा, भारतीय सैनिकों के तीखे तेवर देख चीनी सैनिकों ने मिन्नत करते हुए कहा कि उनका खाना खत्म हो गया है और उन्हें भूख लगी है। लेकिन गश्त कर रहे भारतीय जवानों के पास खाने के पैकेट नहीं थे।

उनके पास केवल जूस के कैन थे जिसे उन्होंने चीनी सैनिकों को दिया। भूखे चीनी सैनिक सिर्फ जूस पीकर ही अपनी सीमा में लौट गए। (एजेंसी)