मंगलवार, 8 अक्टूबर 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. चुनाव 2013
  4. »
  5. मध्य प्रदेश
Written By भाषा
Last Modified: बड़वाह (मप्र) , बुधवार, 6 नवंबर 2013 (19:45 IST)

साधौ परिवार को नहीं मिला कांग्रेस से टिकट

साधौ परिवार को नहीं मिला कांग्रेस से टिकट -
बड़वाह (मप्र)। आजादी के बाद अब तक हुए कुल 14 विधानसभा चुनावों में खरगोन जिले के अनुसूचित जाति के लिए सुरक्षित महेश्वर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में पहली बार कांग्रेस ने 'साधौ परिवार' को टिकट नहीं दिया है।

प्रदेश में 25 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस पार्टी ने मंगलवार रात जारी की 82 उम्मीदवारों की अपनी दूसरी सूची में महेश्वर सीट से नए युवा चेहरे सुनील खांडे को प्रत्याशी बनाया है। अब भी कांग्रेस को प्रदेश में 33 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा करना बाकी है, जबकि प्रदेश में कुल 230 सीटों पर चुनाव होना है।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2008 पिछले विधानसभा चुनाव में खरगोन जिले में कांग्रेस की एकमात्र विधायक डॉ. विजयलक्ष्मी साधौ महेश्वर से चुनी गई थीं, लेकिन बाद में उन्हें राज्यसभा सदस्य चुने जाने पर जब यहां डेढ़ वर्ष पहले उपचुनाव हुआ था, तो उसमें डॉ. विजयलक्ष्मी के छोटे भाई देवेन्द्र साधौ को टिकट मिला था और सत्तारुढ़ भाजपा के उम्मीदवार राजकुमार मेव से उपचुनाव में भारी अंतर से पराजित होने के कारण इस बार उनका टिकट नहीं दिया गया।

आजादी के बाद अब तक महेश्वर विधानसभा सीट के लिए हुए 14 चुनावों में कांग्रेस कुल नौ बार और विपक्षी दल कुल पांच बार चुनाव जीते हैं। पश्चिम मध्यप्रदेश के निमाड़ क्षेत्र के नर्मदा नदी किनारे बसे ऐतिहासिक महत्व के पर्यटन स्थल महेश्वर का यदि इतिहास देखा जाए तो यहां वर्ष 1952, 57, 67, 72, 80, 85, 93, 98 एवं 2008 में कांग्रेस विजयी रही है और पांच बार यहां से कांग्रेस टिकट पर 1952, 57, 67, 72 एवं 1980 में वयोवृद्ध नेता सीताराम साधौ चुनाव जीते थे।

इसके बाद वर्ष 1985, 93, 98 एवं 2008 में उनकी बेटी डॉ. विजयलक्ष्मी साधौ चार बार विजयी हुईं। वर्ष 2012 के उपचुनाव में देवेन्द्र साधौ भाजपा के राजकुमार मेव से पराजित हुए।

महेश्वर सीट पर कांग्रेस के विपक्षी दलों की स्थिति देखी जाए तो 1962 में जनसंघ, 1977 में जनता पार्टी, 1990 में भाजपा, 2003 में भाजपा तथा 2012 उपचुनाव में भी भाजपा के उम्मीदवार यहां से कुल पांच बार विजयी हुए हैं।

25 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव में पहली बार कांग्रेस की ओर से 'साधौ परिवार' महेश्वर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से मैदान में नहीं होने की खबर चौंकाने वाली है, लेकिन अब खांडे और मेव के बीच मुकाबला दिलचस्प होगा। (भाषा)