1. खबर-संसार
  2. »
  3. चुनाव 2009
  4. »
  5. लोकसभा चुनाव

शरद पवार के खिलाफ शिकायत

भारतीय जनता पार्टी
भारतीय जनता पार्टी ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष शरद पवार के खिलाफ मालेगाँव बम विस्फोट आरोपियों से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का संबंध होने के कल के बयान पर चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायत दर्ज कराई है।

भाजपा के महाराष्ट्र इकाई के प्रवक्ता माधव भंडारी ने पवार के कल के बयान पर राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी के पास पवार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

पवार ने कहा था कि आरएसएस नांदेड और मालेगाँव विस्फोट तथा अन्य आतंकवादी हमलों से संबंधित है और साध्वी प्रज्ञा सिंह समेत अन्य लोगों के गिरफ्तार होने के बाद देश में कहीं भी विस्फोट नहीं हुआ।

भंडारी ने कहा कि पवार ने अल्पसंख्यक समुदाय के मध्य हिंदू समुदाय के प्रति घृणा दर्शाने वाला बयान दिया था जो कि चुनाव आचार संहित का उल्लंघन है।

उन्होंने कहा कि पवार ने हिंदू समुदाय की छवि को धूमिल करने के लिए ऐसा बयान दिया जिससे कि उनकी पार्टी को अल्पसंख्यको के वोट मिल सकें। उन्होंने कहा कि पवार ने विस्फोट के संबंध में जो बयान दिया है वह मामला अभी अदालत में है और इस मामले में अदालत को अभी अपना फैसला सुनाना बाकी है। इस तरह इस पर टिप्पणी करना आचार संहित का उल्लंघन है। उन्होंने पवार के खिलाफ कड़ा कदम उठाने की माँग की है।
लेखक के बारे में
वार्ता