सोमवार, 16 सितम्बर 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. »
  3. क्रिकेट
  4. »
  5. समाचार
Written By वार्ता

वीवीएस लक्ष्मण का दोहरा शतक

वीवीएस लक्ष्मण का दोहरा शतक -
कप्तान वीवीएस लक्ष्मण (224) के शानदार दोहरे शतक की मदद से हैदराबाद ने राजस्थान के खिलाफ एलीट 'ए' ग्रुप मैच में छह विकेट पर 553 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर अपनी पहली पारी घोषित कर दी। राजस्थान ने इसके जवाब में दिन का खेल समाप्त होने तक बिना कोई विकेट खोए 25 रन बना लिए हैं।

लक्ष्मण ने 584 मिनट तक क्रीज पर रहकर 360 गेंदों का सामना किया और अपने 224 रन में 21 चौके लगाए। उन्होंने अहमद कादरी (नाबाद 100) के साथ छठे विकेट के लिए 215 रन की साझेदारी की।

पुजारा का लगातार तीसरा शतक : राजकोर्ट में जबरदस्त फॉर्म में चल रहे चेतेश्वर पुजारा के लगातार तीसरे रणजी शतक की मदद से सौराष्ट्र ने शक्तिशाली मुंबई के खिलाफ सुपर लीग मैच में चार विकेट पर 643 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया।

उड़ीसा के खिलाफ तिहरा शतक ओर पंजाब के खिलाफ 189 रन बनाने वाले पुजारा ने 173 गेंदों में 21 चौकों और दो छक्कों की मदद से 176 रन ठोंके।

द्रविड़ शतक से चूके : बेंगलुरु में पूर्व भारतीय कप्तान राहुल द्रविड़ आखिर अपनी फॉर्म में लौट आए। द्रविड (83) और वी. तिलक नायडू (90) की शानदार पारियों की बदौलत कर्नाटक ने सुपर लीग ग्रुप 'बी' मैच में सात विकेट पर 347 रन बनाकर बडौदा के खिलाफ पहली पारी में 170 रन की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल कर ली। बड़ौदा ने पहली पारी में 169 रन बनाए थे।

द्रविड ने काफी तेजी के साथ खेलते हुए 117 गेंदों का सामना किया ओर 83 रन की अपनी पारी में 11 चौके ओर एक छक्का लगाया। नायडू ने 178 गेंदों पर 90 रन की अपनी पारी में सात चौके और एक छक्का लगाया।

उड़ीसा को पंजाब पर 292 रन की बढ़त : भुवनेश्वर में प्रभंजन मलिक (नाबाद 100) के शानदार शतक की बदौलत उड़ीसा ने पंजाब के खिलाफ एलीट ग्रुप 'ए' मैच में पहली पारी में 292 रन की भारी भरकम बढ़त हासिल कर ली।

पंजाब के 60 रन के जवाब में उड़ीसा की पहली पारी 352 रन पर समाप्त हुई। हलधर दास ने 80 और निरंजन बेहेरा ने 74 रन बनाए। पंजाब ने दिन का खेल समाप्त होने तक अपनी दूसरी पारी में एक विकेट खोकर 59 रन बना लिए हैं।