शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. उत्तर प्रदेश
  4. Uttar Pradesh: 5 members of family murdered in Ayodhya
Written By संदीप श्रीवास्तव
Last Modified: सोमवार, 24 मई 2021 (22:18 IST)

रिश्ता दागदार, संपत्ति विवाद में मामा-मामी और उनके 3 बच्चों की जान ले ली...

रिश्ता दागदार, संपत्ति विवाद में मामा-मामी और उनके 3 बच्चों की जान ले ली... - Uttar Pradesh: 5  members of family murdered in Ayodhya
अयोध्या जनपद के इनायत नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत खानपुर मजरे बरिया निसारू गांव में बीती रात एक व्यक्ति ने बड़ी ही दर्दनाक घटना को अंजाम दे दिया। जायदाद के लिए सगे भानजे ने अपने मामा-मामी और उनके तीन छोटे-छोटे बच्चे जिनकी उम्र 10 वर्ष से भी कम थी, धारदार हथियार से मार दिया। 
 
देर रात्रि घटित घटना की सूचना मिलते ही अयोध्या जनपद के शीर्ष अधिकारी घटनास्थल पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू की तब पुलिस को घटना के पीछे के कारणों का पता चला। हालांकि अभी आरोपी भानजा पुलिस की पकड़ से बाहर है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की 5 टीमें गठित की गई हैं। 
 
जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र कुमार पांडे ने बताया कि थाना इनायतनगर क्षेत्र के बरिया निसारू गांव में राकेश और उनकी पत्नी और उनके 3 बच्चों की हत्या हुई है। बताया गया है कि हत्या उनके साथ ही रहने वाले भानजे द्वारा की गई है, जो अभी फरार है। हत्या के पीछे के मोटिव का पता लगाया जा रहा है। 
 
ननिहाल की संपत्ति को हत्या का कारण बताया जा रहा है। मुख्य अभियुक्त के बाकी परिजनों को पूछताछ के लिए ले जाया गया है। आरोपी की तलाश के लिए सभी संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपी को पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें
कोविड टूलकिट मामला : छानबीन करने Twitter के दफ्तर पहुंची दिल्ली पुलिस की 2 टीमें