Daily Horoscope
✕

UNGA80 : वैश्विक एआई शासन की नींव रखने की तैयारी

Written By UN
Updated: गुरुवार, 25 सितम्बर 2025 (18:16 IST)
दुनिया में एआई (कृत्रिम बुद्धिमत्ता) उपकरणों का इस्तेमाल तेज़ी से बढ़ रहा है, लेकिन इसके प्रभावी संचालन के लिए साझा वैश्विक नियम अभी तक तय नहीं हुए हैं। गुरुवार को संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में होने वाला उच्चस्तरीय कार्यक्रम, वैश्विक एआई शासन को हक़ीकत के और क़रीब लाने की कोशिश है।
 
कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) पर दुनिया में निवेश, उम्मीद और चिन्ता- तीनों बढ़ रहे हैं। चूँकि इससे जुड़ी चुनौतियाँ और अवसर वैश्विक हैं, इसलिए समाधान बिखरे व अलग-थलग नहीं, बल्कि व्यापक एवं समन्वित होने चाहिए।  फिर भी, 2024 की यूएन रिपोर्ट के अनुसार 118 देश किसी प्रमुख अन्तरराष्ट्रीय एआई पहल का हिस्सा नहीं हैं, और केवल सात विकसित देश ही, इन सभी पहलों में शामिल रहे हैं।
ALSO READ: UNGA80 : लेबनानी सह-अस्तित्व मॉडल का समर्थन करने का आग्रह
एआई शासन पर गुरुवार 25 सितम्बर को आयोजित होने वाली महासभा की उच्चस्तरीय बैठक में पहली बार सभी 193 सदस्य देशों को अन्तरराष्ट्रीय एआई शासन के विकास की रूपरेखा पर बोलने का अवसर मिलेगा। यह प्रतिनिधित्व की कमी दूर करने का प्रयास है, जिसमें दुनियाभर के राजनयिकों के साथ-साथ वैज्ञानिक, तकनीकी समुदाय, निजी क्षेत्र और नागरिक समाज के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे।
 
सुरक्षित तकनीकी विकास के लिए नई निगरानी की आधारशिला
यह बैठक, समावेशी वैश्विक शासन की शुरुआत, एआई से जुड़ी चुनौतियों का समाधान और लाभ की सार्वभौमिक पहुँच पर केन्द्रित है। इसके लिए दो ऐतिहासिक निकाय बनाए गए हैं: एआई शासन पर वैश्विक संवाद और एआई पर अन्तरराष्ट्रीय स्वतंत्र वैज्ञानिक पैनल।
ALSO READ: जलवायु शिखर सम्मेलन 2025 : COP30 की ओर बढ़ते कदम
दोनों निकाय, 2024 की संयुक्त राष्ट्र रिपोर्ट मानवता के लिए एआई शासन में विशेषज्ञों व क़ानून निर्माताओं के समूह (एआई पर उच्च-स्तरीय परामर्श निकाय) की सिफ़ारिशों से निकले हैं। इन्हें अगस्त 2025 में संयुक्त राष्ट्र महासभा के एक प्रस्ताव के माध्यम से स्थापित किया गया, जिसे सभी सदस्य देशों ने सर्वसम्मति से अनुमोदित किया। यूएन महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने इसे एआई के लाभ उठाते हुए उसके जोखिमों से निपटने की वैश्विक कोशिशों में एक अहम क़दम बताया।
 
गुरुवार के संवाद का लक्ष्य, सर्वोत्तम प्रथाएँ साझा करना, एआई शासन की अन्तरराष्ट्रीय संगतता बढ़ाना और महत्वपूर्ण एआई घटनाओं का आदान-प्रदान करना है। यह मंच सरकारों, उद्योग, नागरिक समाज और वैज्ञानिकों को साझा सिद्धान्तों के आधार पर सीख साझा करने तथा समान दृष्टिकोण गढ़ने का साझा स्थान देगा।
 
अन्तरराष्ट्रीय पैनल, संयुक्त राष्ट्र प्रणाली के सहयोग से, एआई के जोखिमों, अवसरों व प्रभावों पर निष्पक्ष, साक्ष्य-आधारित मार्गदर्शन देगा और सुनिश्चित करेगा कि नीतिनिर्माण स्वतंत्र वैज्ञानिक आकलनों पर आधारित हो। यह पैनल, हर साल एक रिपोर्ट तैयार करेगा, जिसे संवाद की वार्षिक बैठक में पेश किया जाएगा।
ALSO READ: संयुक्त राष्ट्र महासभा के 80वें सत्र की जनरल डिबेट के लिए मंच तैयार
संयुक्त राष्ट्र के डिजिटल और उभरती प्रौद्योगिकियों के विशेष दूत अमनदीप सिंह गिल ने यूएन न्यूज़ से कहा, ये दोनों तंत्र नई भूमिकाएँ नहीं, बल्कि तकनीकी शासन की नई संरचना की आधारशिला हैं। यह हमारी भावी पीढ़ियों से किया गया वादा है ताकि तकनीकी प्रगति के केन्द्र में मानवता बनी रहे।
 
अमनदीप सिंह गिल ने इस उच्चस्तरीय कार्यक्रम एक ऐतिहासिक क़दम बताते हुए कहा, एआई का असर वैश्विक है, मगर उसका शासन नहीं। वैश्विक संवाद के जरिए पहली बार संयुक्त राष्ट्र के सभी 193 सदस्य देशों को एआई शासन की अन्तरराष्ट्रीय रूपरेखा तय करने में भागेदारी का अवसर मिलेगा।
 
उन्होंने कहा, वैज्ञानिक पैनल दुनियाभर के अग्रणी वैज्ञानिकों को साथ लाएगा, ताकि एआई के जोखिम, अवसर और प्रभाव पर अनिश्चितता का दायरा घटे। पैनल यह सुनिश्चित करने में मदद करेगा कि एआई नीतियाँ निष्पक्ष और साक्ष्य-आधारित हों।

Show comments

प्रशांत किशोर का दावा, नीतीश के निष्क्रिय होते ही खत्म हो जाएगी जेडीयू

कौन हैं इसराइल के आइजेनकोट, जिन्हें राष्ट्रपति ने दिया सरकार बनाने का न्योता, भारत को लेकर क्या है रुख?

AQI देख भड़के अभिजीत दीपके, बोले- जिंदगी तबाह करने पर तुले हैं, किसको माना प्रदूषण का दोषी?

दीपावली के बाद दिल्ली-NCR की हवा हुई जहरीली, वायु प्रदूषण बहुत गंभीर स्थिति में, AQI 366 के पार

US Midterm Elections में हार के बाद घिरे डोनाल्ड ट्रंप : बिजनेस सौदों, क्रिप्टो विवाद और बगावती सुरों से बढ़ेंगी मुश्किलें

सभी देखें

सोनिया गांधी ने दो बार कैसे दी कैंसर को मात, आत्मकथा में बताई संघर्ष की पूरी दास्‍तान

पीएम पद ठुकराने को लेकर सोन‍िया गांधी का खुलासा, बच्‍चों के के कहने पर लेना पड़ा ये फैसला, कि‍ताब आते ही देश में घमासान

क्‍या बांग्लादेश वापस लौटने की तैयारी में शेख हसीना? नए पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र के लिए किया आवेदन

दुनिया के 50 सबसे प्रदूषित शहरों में 49 भारत के, दिल्ली-भोपाल में AQI 400 पार, राजस्‍थान का श्रीगंगानगर दुनि‍या का सबसे प्रदूषि‍त

ट्रम्प ने हार का ठ‍ीकरा इजराइल पर फोड़ा, बोले- अमेरिकी जनता बहुत नाराज, जंग और महंगे पेट्रोल ने मार डाला

अगला लेख