शो ‘एक घर बनाउंगा’ उठाएगा गंभीर सवाल
टेलीविजन चैनल स्टार प्लस ने जल्द ही ‘एक घर बनाउंगा’ नाम से नया शो शुरू करने की तैयारी कर ली है। इस नए शो में सामाजिक मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। उत्तर प्रदेश के परिवेश पर आधारित शो सोमवार से शुक्रवार तक प्रसारित किया जाएगा।शो ‘एक घर बनाउंगा’ की कहानी एक दामाद के अपने ससुराल वालों से संबंधों को अलग रूप में प्रस्तुत करती है। कहानी में इशिका दत्ता, पूनम और राहुल शर्मा, आकाश का किरदार निभा रहे हैं। आकाश, उत्तर प्रदेश के छोटे से शहर सितापुर का लड़का है जो अकेला अपने पिता का कारोबार संभालता है। सामान्य सा लड़का आकाश अंग्रेजी नहीं जानता और इस मामले में वह कॉलेज गर्ल पूनम से ठीक उलट है।‘एक घर बनाउंगा’ शो के दोनों किरदार अपने बीच के इस व्यक्तिगत अंतर के बावजूद पति - पत्नी बन जाते हैं। शो की कहानी एक लड़की की जिंदगी में शादी के बाद होने वाले बदलावों को लेकर कई सवाल खड़े करती है। लड़की की शादी के बाद उसके मां - बाप का क्या होता है, जब लड़की का कोई भाई ना हो? क्या एक लड़की होने का मतलब यह है कि शादी के बाद वह अपने मां - बाप का परित्याग कर दे?शो की कहानी सवाल खड़ा करती है कि भारत में लड़की से यह उम्मीद क्यों की जाती है कि विवाह के बाद वह केवल अपने पति के मां - बाप का ख्याल रखे? इस सब के बावजूद क्या एक दामाद अपनी पत्नी के माता पिता का सच्चा बेटा बन पाता है? यही सवाल शादी से पहले पूनम के दिल में उठते हैं। क्या आकाश में उसे अपने इन सवालों का जवाब मिल पाएगा?स्टार ने इस शो के लांच के साथ ही दर्शकों को बांधे रखने की पूरी तैयारी कर ली है। इसका समय शाम 6.30 रखने की वजह से माना जा रहा है कि स्टार का प्राइम टाइम शाम से ही शुरू हो जाएगा। पूरे सप्ताह फिक्शन यानि काल्पनिक कहानियों पर आधारित सीरियल्स प्रस्तुत करने के बाद स्टार ने अब, सत्य घटनाओं पर आधारित शो को लांच करने की तैयारी कर ली है।देखिए ‘एक घर बनाउंगा’ का प्रीमियर एपिसोड सोमवार शाम 6.30 बजे स्टार प्लस पर।