• Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. Shiva Thapa, Manoj Kumar, L Devendro Singh
Written By
Last Modified: रविवार, 11 दिसंबर 2016 (22:55 IST)

शिव, देवेंद्रो और मनोज ने पदक किए पक्के

शिव, देवेंद्रो और मनोज ने पदक किए पक्के - Shiva Thapa, Manoj Kumar, L Devendro Singh
गुवाहाटी। विश्व चैम्पियनशिप के कांस्य पदकधारी शिव थापा ने रविवार को माथे से खून निकलने के बावजूद खेलते हुए राष्ट्रीय पुरुष मुक्केबाजी चैम्पियनशिप में अपना पहला लाइटवेट (60 किग्रा) पदक पक्का किया।
पूर्व एशियाई चैम्पियन और दो बार के ओलंपियन ने विवादास्पद क्वार्टर फाइनल मुकाबले में अखिल भारतीय पुलिस के अशोक को 5-0 से हराया। हालांकि अशोक ने स्थानीय प्रबल दावेदार को हेडबट किया, जिससे 23 वर्षीय शिव के माथे से खून निकलने लगा। हालांकि वे जीत दर्ज करने में सफल रहे, लेकिन उन्‍हें सीधे डॉक्टर के पास ले जाया गया। शिव ने हालांकि कहा कि वे कल भी प्रतियोगिता में भाग लेंगे जिन्‍होंने खून निकलने के बावजूद तीन राउंड पूरे किए।
 
हालांकि अन्य मुक्केबाजों के लिए भी दिन आसान नहीं रहा। राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदकधारी मनोज कुमार (69 किग्रा) और एशियाई चैम्पियनशिप के रजत पदकधारी एल देवेंद्रो सिंह (52 किग्रा) को अपनी क्वार्टरफाइनल बाउट में कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा।
 
दो बार के एशियाई कांस्य पदकधारी मनोज ने जम्मू कश्मीर के आशीष को 4-1 से शिकस्त दी। देवेंद्रो ने हरियाणा के नीरज के खिलाफ 3-2 से जीत दर्ज की। दिनेश कुमार (91 किग्रा) ने हिमाचल प्रदेश के अभिषेक को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। 
 
दिन का एकमात्र उलटफेर दो बार के पूर्व राष्ट्रीय चैम्पियन जसवीर सिंह (91 किग्रा) के हारने का रहा जो मध्यप्रदेश के गौरव से हार गए। आंध्रप्रदेश और हरियाणा ने अपने मुक्केबाजों क्रमश: दुर्गा राव (60 किग्रा) और आशीष (64 किग्रा) के हारने के फैसले के खिलाफ विरोध किया। दुर्गा राव विकास मलिक से जबकि आशीष रोहित टोकस से हार गए।
 
टूर्नामेंट के तकनीकी निरीक्षक किशन नरसी ने कहा, उनके अंतिम स्कोर टाई था तो हमें जजों की व्यक्तिगत तवज्जो को देखना पड़ा जो संबंधित विजेताओं के पक्ष में रहा। (भाषा) 
ये भी पढ़ें
गावस्कर को एसजेएएम का लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार