मंगलवार, 16 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. Mirabai Chanu won gold medal in Commonwealth Games 2022
Written By
Last Updated : रविवार, 31 जुलाई 2022 (00:07 IST)

CWG 2022 : मीराबाई चानू ने भारत को दिलाया पहला गोल्ड, वेटलिफ्टिंग में शानदार प्रदर्शन

CWG 2022 : मीराबाई चानू ने भारत को दिलाया पहला गोल्ड, वेटलिफ्टिंग में शानदार प्रदर्शन - Mirabai Chanu won gold medal in Commonwealth Games 2022
बर्मिंघम। CWG 2022 : कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में भारत ने अपना पहला गोल्ड मेडल जीत लिया। स्टार वेटलिफ्टर मीराबाई चानू ने 49 किलो वेट कैटेगरी में देश के लिए यह उपलब्धि हासिल की। उन्होंने कुल 201 KG वेट उठाते हुए गेम्स रिकॉर्ड के साथ पहला स्थान हासिल किया। चानू की इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी बधाई दी। ओलिंपिक रजत पदक विजेता चानू ने कुल 201 किग्रा (88 किग्रा और 113 किग्रा) वजन उठाकर दबदबा बनाते हुए राष्ट्रमंडल खेलों का नया रिकॉर्ड बनाया। यह भारत का पहला स्वर्ण और कुल तीसरा पदक है।
 
राष्ट्रमंडल खेलों में नया रिकॉर्ड : उन्होंने भारोत्तोलन प्रतियोगिता की महिला 49 किग्रा स्पर्धा में दबदबा बनाते हुए शनिवार को यहां अपना खिताब बरकरार रखा और भारत को बर्मिंघम खेलों का पहला स्वर्ण पदक दिलाया। मीराबाई चानू का यह तीसरा राष्ट्रमंडल पदक है। इससे पहले वे ग्लासगो में रजत और गोल्ड कोस्ट खेल में स्वर्ण पदक हासिल कर चुकी हैं।
 
मॉरिशस की मेरी हानित्रा रोइल्या रानाइवोसोआ कुल 172 किग्रा वजन उठाकर चानू से काफी पीछे दूसरे स्थान पर रही जबकि कनाडा की हना कामिन्स्की ने 171 किग्रा वजन उठाकर कांस्य पदक जीता। चानू ने स्नैच वर्ग में राष्ट्रमंडल चैंपियनशिप और राष्ट्रमंडल खेलों का रिकॉर्ड तोड़ा। उन्होंने क्लीन एवं जर्क तथा कुल वजन में भी नया रिकॉर्ड बनाया।
 
अपने वजन वर्ग में खिताब की प्रबल दावेदार 27 साल की चानू ने स्नैच में 80 किग्रा और क्लीव एवं जर्क में 105 किग्रा वजन उठाकर शुरुआत की। उन्होंने पहले प्रयास के वजन को हालांकि बदलकर 84 किग्रा किया।
 
चानू प्रतियोगिता में 88 किग्रा के निजी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन और क्लीन एवं जर्क में 119 किग्रा के विश्व रिकॉर्ड सहित कुल 207 किग्रा के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ उतरी थीं। चुनौती पेश करने वाली खिलाड़ियों में चानू की निकटतम प्रतिद्वंद्वी नाइजीरिया की स्टेला किंगस्ले का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 168 किग्रा (72 किग्रा और 96 किग्रा) था जो उनके और अन्य खिलाड़ियों के अंतर को स्पष्ट करता है।
 
इस स्पर्धा में चानू की प्रतिस्पर्धा अन्य से अधिक स्वयं से थी और वे अपने प्रदर्शन में सुधार के इरादे से उतरी थी। चानू ने स्नैच में पहले प्रयास में आसानी से वजन उठाया और फिर दूसरे प्रयास में 88 किग्रा वजन उठाने में सफल रही। उन्होंने तीसरे प्रयास और अंतिम प्रयास में 90 किग्रा वजन उठाने की कोशिश की लेकिन नया निजी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज नहीं करा पाईं। वे हालांकि क्लीन एवं जर्क के लिए उतरने से पहले रानाइवोसोआ पर 12 किग्रा की बढ़त बना चुकी थी। क्लीन एवं जर्क स्पर्धा की शुरुआत में ही बांग्लादेश की मारिया अख्तर 70 किग्रा वजन उठाने में नाकाम रही और इस दौरान वहीं गिर गईं।

चानू की निकटतम प्रतिद्वंद्वियों ने उनसे 15 किग्रा कम वजन उठाने का प्रयास किया जिससे स्पर्धा का नतीजा तय हो गया था। रजत और कांस्य पदक के लिए किंगस्ले, कामिन्स्की और रानाइवोसोआ के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। नाइजीरिया की किंगस्ले को निराशा हाथा लगी क्योंकि उनके 98 किग्रा के प्रयास को वैध नहीं माना गया क्योंकि वे समय से पहले ही जश्न मनाने लगी।

चानू ने क्लीन एवं जर्क में पहले प्रयास में आसानी से 109 किग्रा उठाया और फिर दूसरे प्रयास में 113 किग्रा वजन उठाने में सफल रहीं। चानू ने 119 किग्रा के अपने विश्व रिकॉर्ड की बराबरी का जोखिम नहीं उठाया और अंतिम प्रयास में 115 किग्रा वजन उठाने की कोशिश की लेकिन नाकाम रहीं।
 
पीएम मोदी ने दी बधाई : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को मशहूर भारोत्तोलक मीराबाई चानू को राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि चानू की सफलता ने कई भारतीयों, विशेष रूप से उभरते एथलीटों को प्रेरित किया है।
प्रधानमंत्री ने ट्वीट कहा कि असाधारण मीराबाई चानू ने एक बार फिर भारत को गौरवान्वित किया। हर भारतीय इस बात से खुश है कि उन्होंने बर्मिंघम खेलों में एक स्वर्ण पदक जीता और राष्ट्रमंडल का एक नया रिकॉर्ड कायम किया। उनकी सफलता कई भारतीयों को, खासकर नवोदित एथलीटों को प्रेरित करेगी।
संकेत ने दिया पहला मेडल : 4 साल पहले खुद से किया वादा पूरा करने वाले युवा संकेत महादेव सरगर ने रजत जबकि गुरुराजा पुजारी ने कांस्य पदक जीता। पुरुषों की 55 किलो स्पर्धा में महाराष्ट्र के सांगली जिले के 21 वर्ष के सागर स्वर्ण पदक की ओर बढ़ रहे थे लेकिन क्लीन एंड जर्क में दो प्रयास नाकाम रहने से वे एक किलो से चूक गए। उन्होंने 248 किलो (113 और 135 किलो) वजन उठाकर रजत पदक जीता।
 
मलेशिया के मोहम्मद अनीक ने कुल 249 किलो वजन उठाकर क्लीन एंड जर्क में खेलों का नया रिकॉर्ड बनाकर स्वर्ण पदक हासिल किया। उन्होंने स्नैच में 107 और क्लीन एंड जर्क में 142 किलो वजन उठाया। श्रीलंका के दिलांका इसुरू कुमारा ने 225 किलो वजन उठाकर कांस्य पदक जीता ।
गुरुराजा ने जीता कांस्य : भारोत्तोलक गुरुराजा ने पुरुष 61 किग्रा वर्ग में कांस्य पदक जीतकर भारत की पदकों की संख्या बढ़ाई। गोल्ड कोस्ट 2018 राष्ट्रमंडल खेलों के रजत पदक विजेता गुरुराजा ने 269 किग्रा (118 किग्रा + 151 किग्रा) के कुल वजन से तीसरा स्थान हासिल किया। मलेशिया के अज्निल बिन बिदिन मुहम्मद ने 285 किग्रा (127+158) का वजन उठाकर खेलों में रिकॉर्ड बनाया और स्वर्ण पदक जीता। पपुआ न्यू गिनी के मोरिया बारू ने 273kg (121+152) के कुल वजन से रजत पदक हासिल किया।
ये भी पढ़ें
बिंदियारानी ने जीता रजत, भारोत्तोलन में भारत का शानदार प्रदर्शन जारी