• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. रूस-यूक्रेन वॉर
  3. न्यूज़ : रूस-यूक्रेन वॉर
  4. Russia-Ukraine live updates : Battle for Kyiv intensifies
Written By
Last Updated : शनिवार, 26 फ़रवरी 2022 (18:15 IST)

Russia Ukraine War : कीव से 30 किलोमीटर दूर रूसी सेना, यूक्रेन ने किया सख्त कर्फ्यू का ऐलान, 1 लाख लोगों ने छोड़ा देश, 198 नागरिकों की मौत

Russia Ukraine War : कीव से 30 किलोमीटर दूर रूसी सेना, यूक्रेन ने किया सख्त कर्फ्यू का ऐलान, 1 लाख लोगों ने छोड़ा देश, 198 नागरिकों की मौत - Russia-Ukraine live updates : Battle for Kyiv intensifies
कीव। यूक्रेन पर रूसी हमला लगातार जारी है। रूस यूक्रेन में रॉकेटों से लगातार हमला कर रहा है। इस बीच खबरें हैं कि रूसी सेना कीव से सिर्फ 30 किलोमीटर दूर है। यूक्रेन पर रूसी हमले का आज तीसरा दिन है। रूस दुनिया के देशों की अपील को दरकिनार करते हुए लगातार हमले कर रहा है। यूक्रेन ने रूसी हमले में 198 लोगों के मारे जाने की बात कही है। 1 लाख से ज्यादा लोगों ने देश छोड़ दिया है।
इस बीच यूक्रेन सरकार ने कीव में शाम 5 से सुबह 8 बजे तक  सख्त कर्फ्यू लगा दिया गया है। यूक्रेन ने कीव में सेना की तैनाती को बढ़ा दिया है।
खबरों के मुताबिक कीव के सिटी सेंटर से रूसी सेना सिर्फ 30 किलोमीटर दूर है। खायरिव भी भारी धमाकों की आवाजों से गूंज रहा है। रूसी सैनिक यूक्रेन की राजधानी पर हमला तेज कर रहे हैं और कई दिशाओं से शहर की तरफ बढ़ने की कोशिश कर रहे हैं। रूस ने बार-बार दावा किया है कि उसके निशाने पर केवल यूक्रेन के सैन्य ठिकाने हैं।  
बहुमंजिला इमारतों पर दागे रॉकेट : यूक्रेन की राजधानी के बाहरी इलाके में शनिवार को एक बहुमंजिला इमारत पर रॉकेट हमले में कम से कम छह लोग घायल हो गए। बचाव अभियान से जुड़े एक कर्मचारी ने इसकी जानकारी दी। बचाव अभियान में हिस्सा ले रहे दमकलकर्मी पेट्रो प्रोकोपोव ने बताया कि कीव के दक्षिण-पश्चिम छोर पर झूलियानी हवाई अड्डे के पास एक बहुमंजिला इमारत की 16वीं और 21वीं मंजिल के बीच राकेट टकराया। उन्होंने बताया कि कम से कम छह लोग घायल हो गए और इमारत के दो तल पर आग लग गई। बचाव अभियान से जुड़े कर्मियों ने 80 लोगों को बचाया।
 
कीव के मेयर विताली क्लित्शको ने एक तस्वीर पोस्ट की जिसमें अपार्टमेंट की इमारत के एक तरफ एक बड़ा छेद दिखाई दे रहा है। यूक्रेन के बुनियादी ढांचा मंत्रालय ने कहा कि एक रूसी मिसाइल को शनिवार तड़के उस समय मार गिराया गया जब वह विशाल जलाशय के बांध की ओर जा रही थी। इस जलाशय से कीव को पानी की आपूर्ति की जाती है। मंत्रालय ने कहा, ‘‘अगर बांध नष्ट हो जाता तो बाढ़ से लोग हताहत होते और इससे काफी क्षति होती।’’
 
मासूम बच्चे भी बने निशाना : यूक्रेन के स्वास्थ्य मंत्री विक्टर ल्याशको ने कहा है कि रूस के हमले में 198 लोग मारे गए हैं और 1,000 से अधिक लोग घायल हुए हैं। ल्याशको ने शनिवार को बताया कि मरने वालों में तीन बच्चे भी हैं। उनके बयान से यह स्पष्ट नहीं हुआ कि हताहतों में कितने सैनिक और आम नागरिक हैं। ल्याशको ने कहा कि गुरुवार को बड़े पैमाने पर हवाई और मिसाइल हमलों तथा उत्तर, पूर्व और दक्षिण से यूक्रेन में सैनिकों के अभियान के साथ शुरू हुए रूसी आक्रमण में 33 बच्चों सहित 1,115 लोग घायल हो गए।
 
एक लाख से ज्यादा लोगों ने छोड़ा देश : संयुक्त राष्ट्र की शरणार्थी एजेंसी ने कहा है कि इस सप्ताह रूस द्वारा अपने पड़ोसी देश पर हमला शुरू करने के बाद से यूक्रेन के 1,20,000 से अधिक लोग देश छोड़ चुके हैं। शरणार्थियों के लिए संयुक्त राष्ट्र की उप उच्चायुक्त केली क्लेमेंट्स ने कहा कि आगे स्थिति और बदतर होने की आशंका है। उन्होंने कहा कि यूक्रेन के 1,20,000 से अधिक लोग दूसरे देश गए हैं।

स्थानीय समुदायों से, स्थानीय अधिकारियों से उन्हें जो स्वागत मिल रहा है, वह जबरदस्त है। लेकिन यह एक गतिशील स्थिति है। हालात काफी चिंताजनक हैं। यूक्रेन से ज्यादातर लोग पोलैंड और मोल्दोवा जा रहे हैं। कुछ लोग रोमानिया, स्लोवाकिया और हंगरी भी जा रहे हैं।
ये भी पढ़ें
Russia Attack On Ukraine: वीडियो और तस्‍वीरें बयां कर रहे यूक्रेन की तबाही के मंजर