कथित भगवान करता है चाकू से ऑपरेशन
|
| बाबा की बाजीगरी सिर्फ चाकू द्वारा नकली ऑपरेशन तक ही सीमित नहीं, उसका दावा है कि वह नारियल फोड़कर फूल और कंकू निकाल सकता है। वह भक्तों को प्रभावित करने के लिए ऐसा बार-बार करता है। वहाँ गए सुनील भाई ने हमें बताया कि जब उन्होंने नारियल को गौर से देखा तो वह फेवीकोल से चिपका था, लेकिन सत्यनाम के गुर्गों को देखकर कुछ बोलने की हिम्मत नहीं हुई। सुनील ने हमें बताया कि सत्यनाम बाबा ने कई लठैत भी पाल रखे हैं। यदि कोई भक्त उसके खिलाफ आवाज उठाए तो यह लठैत उसे बाहर कर देते हैं। इसी तरह यदि किसी ने बाबा से ऑपरेशन कराने के पाँच सौ रुपए, दवाई के तीन सौ रुपए न दिए तो उसे भी तुरंत बाहर फेंक दिया जाता है। इस तरह सोची-समझी साजिश के तहत यह बाबा हजारों लोगों को बेवकूफ बना उनके स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कर रहा है। हम लोगों को सचेत करते हैं कि ऐसे पाखंडी बाबाओं से दूर रहें। इनके बहकावे में न आएँ। आप इन कथित भगवानों के बारे में क्या सोचते हैं, हमें बताएँ। (बाबा के चाकू से कथित ऑपरेशन की सीडी हमें पीडि़त मरीजों ने उपलब्ध कराई है) |

