कलयुग के भगवान का निवास स्थान
शबरीमाला श्री धर्मषष्ठ मंदिर
-
शशिमोहनशबरीमाला मंदिर...प्रभु अयप्पा (धर्म षष्ठ) का निवास स्थान माना जाता है। इस विश्वविख्यात मंदिर की महिमा का जितना गुणगान किया जाए, कम ही है। यह मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं के लिए आस्था का केंद्र है। माना जाता है की मक्का-मदीना के बाद यह विश्व का दूसरा बड़ा तीर्थ स्थान है, जहाँ करोड़ों की संख्या में तीर्थयात्री दर्शन के लिए आते हैं।यदि पिछले साल के आँकड़ों पर नजर डालें तो पता चलता है कि पिछले साल नवंबर से जनवरी माह के बीच ही पाँच करोड़ तीर्थयात्रियों ने इस मंदिर में प्रभु अयप्पा के दर्शन किए। प्रभु अयप्पा को भगवान शिव और विष्णु का पुत्र माना जाता है। अनुश्रुति है कि भगवान विष्णु के मोहनी अवतार में उनके रूप पर भोलेनाथ आसक्त हो गए थे। उन्हीं के रास से भगवान अयप्पा का जन्म हुआ...जिनकी विद्वत्ता औऱ पराक्रम अद्धितीय माने जाते हैं।
|
|
भगवान अयप्पा का यह धाम केरल और तमिलनाडु की सीमा पर पश्चिमी घाट की पहाड़ियों पर स्थित है। इस मंदिर को दक्षिण भारत के प्रमुख तीर्थ स्थान का दर्जा मिला हुआ है। पूणकवन के नाम से प्रसिद्ध १८ पहाड़ियों के बीच स्थित यह पवित्र धाम चारों ओर से घने वन और छोटी-बड़ी पहाडि़यों से घिरा हुआ है। माना जाता है कि महर्षि परशुराम ने शबरीमाला पर भगवान अयप्पा की साधना के लिए उनकी मूर्ति स्थापित की थी। मंडल पूजा ( 15 नवंबर) और मकराविलक्कु ( 14 जनवरी) ये शबरीमाला के प्रमुख उत्सव हैं। मलयालम पंचांग (माह) के पहले पाँच दिनों और विशु माह (अप्रैल महीने) में ही इस मंदिर के पट खोले जाते हैं अन्यथा सालभर मंदिर के पट बंद ही रहते हैं।
उत्सवों के दौरान भक्त घी से प्रभु अयप्पा की मूर्ति का अभिषेक करते हैं। इसका उद्देश्य परमात्मा से जीवात्मा का मिलन होता है। यहाँ आने वाले श्रद्धालुओं को ‘स्वामी तत्वमसी’ के नाम से संबोधित किया जाता है। इस संबोधन का अर्थ संस्कृत सूक्त ‘अहं ब्रह्मआस्मि’ से काफी मिलता है। अर्थात यहाँ आने वाले भक्त स्वयं को भगवान का अभिन्न अंग मानते हैं। शबरीमाला की सर्वाधिक महत्वपू्र्ण पूजा है ‘मकराविलक’ । इस पूजा के अंत में श्रद्धालु पहाड़ी के शीर्ष पर आसमान में फैली पवित्र ज्योति ‘मकरज्योति’ के दर्शन करते हैं।
यहाँ आने वाले भक्तों को कुछ खास बातों का विशेष ख्याल रखना होता है। जैसे मंडलपूजा के समय 41 दिनों तक विभिन्न परहेज रखने होते हैं। इस समय श्रद्धालुओं को तामसिक प्रवृत्तियों और मांसाहार से बचना होता है। यहाँ आने वाले तीर्थयात्री मुख्यतः जत्थे में आते हैं जिनका नेतृत्व एक खास व्यक्ति करता है। इस व्यक्ति विशेष के हाथों में कपड़ों की एक पोटली होती है जिसे ‘इरामुडी केट्टू’ कहा जाता है। बाकी हिन्दू मंदिरों से अलग यहाँ पर सभी जाति के श्रद्धालु आ सकते हैं, पर 10 से 50 आयुवर्ग की महिलाओं का प्रवेश निषेध है।