1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. Two real sisters died after falling into a boiling pot in Palamu, Jharkhand

झारखंड : पलामू में खौलते मांड में गिरने से 2 सगी बहनों की मौत

Jharkhand
मेदिनीनगर। पलामू जिले के तरहसी प्रखंड की सेलारी पंचायत क्षेत्र के छेचानी उच्च प्राथमिक विद्यालय में मध्याह्न भोजन योजना (एमडीएम) के तहत बने चावल के उबलते मांड में गिरकर गंभीर रूप से झुलसीं आंगनवाड़ी केंद्र की दोनों बच्चियों (सगी बहन) की दर्दनाक मौत हो गई।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि दोनों का इलाज रांची के राजेन्द्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) के बर्न वार्ड में चल रहा था, जहां तीन साल की छोटी बहन ब्यूटी कुमारी की मौत मंगलवार की देर शाम हो गई। इसी तरह बुधवार को छह साल की बड़ी बहन शिबू की भी इलाज के दौरान मौत हो गई।

दोनों बच्चियों मौत की पुष्टि तरहसी के बाल विकास परियोजना के पदाधिकारी सचिदानंद महतो ने की है। उन्होंने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि तमाम प्रयास के बावजूद उक्त बच्चियों की जान बचाने में वह कामयाब नहीं हो पाए।

उल्लेखनीय है कि 24 नवंबर को विद्यालय में मध्याहन भोजन के लिए बनाए गए चावल का गर्म मांड खुले में रख दिया गया था। विद्यालय के पुराने भवन में संचालित गांव के आंगनवाड़ी केंद्र पर परमेश्वर साहू की पढ़ने गईं दो पुत्रियां शिबू कुमारी एवं ब्यूटी कुमारी मांड में गिरकर जल गई थीं।

अधिकारियों ने बताया कि खेलने के दौरान दोनों बहनें गर्म मांड से भरे टब में गिर गई थीं। आनन-फानन में दोनों को इलाज के लिए मेदिनीनगर के मेदिनीराय चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (एमआरएमसीएच) में भर्ती कराया गया था, लेकिन हालत खराब होती देखकर दो दिनों के बाद दोनों को मेदिनीनगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रांची रिम्स ले जाने का निर्णय लिया गया था।

27 नवम्बर की देर रात तरहसी के बाल विकास परियोजना पदाधिकारी सच्चिदानंद महतो ने अपनी देखरेख में दोनों बच्चियों को इलाज के लिए रिम्स के बर्न वार्ड में भर्ती कराया था। तरहसी के बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ) सच्चिदानंद महतो ने बताया कि दोनों शवों का पोस्टमार्टम किया जाएगा।

इस मामले में प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी परमेश्वर साव ने सचिव सह प्रधानाध्यापक उमा देवी से स्पष्टीकरण मांगते हुए उन्हें सचिव सह प्रधानाध्यापिका के पद से हटा दिया है। इसके अलावा संयोजिका शोभा देवी और रसोइया कालो देवी एवं सविता देवी को कार्य मुक्त कर दिया गया है।

विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र साव को भी कारण बताओ नोटिस किया गया है। सेविका अनिता देवी को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
Edited By : Chetan Gour (भाषा)
अगला लेख
जयराम ठाकुर ने राज्यपाल को सौंपा इस्तीफा