sundarkand
Sun, 25 Oct 2026

Notifications

  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
  4. Swaraj India congratulates BJP, AAP raises question on EVM

स्वराज इंडिया की भाजपा को बधाई, हार पर बिफरी आप

MCD results
नई दिल्ली। स्वराज इंडिया के अध्यक्ष और अरविंद केजरीवाल के पूर्व निकटतम सहयोगी योगेन्द्र यादव ने दिल्ली के निगमों में भाजपा को जीत की बधाई देते हुए कहा कि इलेक्ट्रोनिक वोटिंग मशीन पर सवाल खड़ा करना कतई उचित नहीं है।
 
तीनों निगमों के शुरुआती परिणामों पर यादव ने कहा कि हम दिल्ली की जनता के जनादेश का सर झुकाकर सम्मान करते हैं। उन्होंने भाजपा को जीत की बधाई देते हुये कहा कि ईवीएम पर बार-बार सवाल उठाना बहानेबाजी जैसा लगता है। स्वराज इंडिया ने दिल्ली के निगम चुनावों में लगभग सभी वार्डों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे।
 
वरिष्ठ आप नेता और दिल्ली सरकार में मंत्री गोपाल राय ने निगम नतीजों पर कहा कि जिस तरह से भाजपा के पक्ष में परिणाम आ रहे हैं उससे साफ है कि यह ईवीएम लहर से संभव है, मोदी लहर से नहीं। राय ने कहा कि पार्टी हार के कारणों की समीक्षा करेगी।
 
गौरतलब है कि पार्टी ने एक्जिट पोल के अनुमानों के बाद साफ कर दिया था कि यदि नतीजे इसी तर्ज पर आये तो वह इसके लिए मोदी को नहीं बल्कि ईवीएम को दोषी ठहरायेगी। केजरीवाल ईवीएम को लेकर लगातार सवाल खड़ा करते हुए आ रहे हैं और उन्होंने निगमों के चुनाव मत पत्रों से कराने की मांग भी की थी।
 
आप प्रवक्ता आशुतोष ने कहा भाजपा ने दिल्ली में कोई काम नहीं किया है जिससे लोग उसे वोट करें। उन्होंने कहा कि यह सारा खेल ईवीएम में छेड़छाड़ का है जिससे भाजपा जीत रही है।
 
निगम चुनावों में पार्टी के अत्यंत खराब प्रदर्शन पर केजरीवाल का इस्तीफा मांगे जाने के सवाल पर आशुतोष ने कहा कि दिल्ली विधानसभा के नतीजों में भाजपा की दयनीय स्थिति के बाद क्या नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री के पद से इस्तीफा दिया था। (वार्ता) 
 
ये भी पढ़ें
चुनाव परिणाम मोदी सरकार के कामकाज पर मुहर-अमित शाह